1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. खड़गपुर में बड़ी वारदात, बीच सड़क पर 12वीं के छात्र की छाती में मारी गोली; खून से लथपथ होकर गिरा

खड़गपुर में बड़ी वारदात, बीच सड़क पर 12वीं के छात्र की छाती में मारी गोली; खून से लथपथ होकर गिरा

खड़गपुर में एक 12वीं कक्षा के छात्र को गोली मार दी गई। घटना के समय वह एक दुकान के पास अपने दोस्त के साथ कुछ खाने के लिए रुका था। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

गोली लगने के बाद गंभीर हालत में छात्र- India TV Hindi
Image Source : REPORTER गोली लगने के बाद गंभीर हालत में छात्र

पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बुधवार को बीच सड़क पर एक कक्षा 12 के छात्र को गोली मार दी गई। गोली छात्र की छाती में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने के बाद छात्र खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।

इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और आम जनजीवन में सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना खड़गपुर के वार्ड नंबर 20 के अंतर्गत आने वाले रेल कॉलोनी इलाके में हुई। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना से आस-पास के बाजारों और रिहायशी इलाकों में हड़कंप मच गया।

दुकान पर रुकने के दौरान हुआ हमला

घायल छात्र की पहचान स्थानीय स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्र अक्षय झा के रूप में हुई है। घटना के समय अक्षय, सागर कुमार नाम के एक स्थानीय युवक के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहा था। सागर बाइक चला रहा था, जबकि अक्षय पीछे बैठा हुआ था। दोनों 20 नंबर वार्ड इलाके में एक दुकान के पास कुछ खाने के लिए रुके थे। इसी दौरान बदमाश कथित तौर पर मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचे और अचानक उन पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान अक्षय को छाती में गोली मारी गई।

कोलकाता रेफर किया गया छात्र

वारदात के तुरंत बाद घायल अक्षय को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। अब उसे आगे के इलाज के लिए कोलकाता के एक अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है। इस घटना से अब सवाल उठ रहे हैं कि स्कूली छात्र को क्यों निशाना बनाया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

कॉलेज छात्र ने 2 सहपाठियों को चाकू मारा

एक अन्य खबर में, पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित न्यूटाउन के डाउनटाउन मॉल में प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात हुई थी, जहां एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के छात्र सौरिक पाल ने मॉल के फर्स्ट फ्लोर पर कॉफी पी रहे अपने ही दो सहपाठियों मानु मंडल और ईशान पाइक पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। इस अचानक हुए खूनी संघर्ष से मॉल में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और सिक्योरिटी गार्ड्स ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों छात्रों को तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। टेक्नो सिटी थाने की पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली के सीमापुरी में बिल्डिंग गिरी, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

6500 किलो वेजिटेबल फैट, लाखों नकली लेबल बरामद... नकली देसी घी तैयार करने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़