1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कॉफी पीते-पीते खूनी खेल! कॉलेज छात्र ने 2 सहपाठियों को चाकू मारा, शॉपिंग मॉल का फर्श खून से लथपथ हो गया

कॉफी पीते-पीते खूनी खेल! कॉलेज छात्र ने 2 सहपाठियों को चाकू मारा, शॉपिंग मॉल का फर्श खून से लथपथ हो गया

 Reported By: Onkar Sarkar,  Written By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 23, 2026 11:54 pm IST,  Updated : Sep 23, 2026 11:55 pm IST

न्यूटाउन के एक शॉपिंग मॉल में लव ट्रायंगल की वजह से हिंसा और खून-खराबे की घटना हुई। न्यू टाउन के एक मॉल में एक छात्र ने अपने ही 2 सहपाठियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह घटना प्रेम-संबंधों से जुड़े विवाद के कारण हुई।

न्यूटाउन के मॉल में...- India TV Hindi
न्यूटाउन के मॉल में खूनी वारदात। Image Source : REPORTER INPUT

कोलकाता (पश्चिम बंगाल): न्यूटाउन के डाउनटाउन मॉल में दिनदहाड़े दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रेम संबंध के विवाद में एक यूनिवर्सिटी छात्र ने अपने ही 2 सहपाठियों पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों छात्र लहूलुहान हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मॉल में अफरा-तफरी मच गई। टेक्नो सिटी थाने की पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लिया है।

कॉफी टेबल पर शुरू हुई बहस, अचानक निकला चाकू

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पीड़ितों के नाम मानु मंडल और ईशान पाइक हैं। आरोपी का नाम सौरिक पाल है। तीनों न्यूटाउन की एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। बताया जा रहा है कि तीनों डाउनटाउन मॉल के फर्स्ट फ्लोर पर बैठकर कॉफी पी रहे थे। इसी दौरान किसी युवती को लेकर या प्रेम प्रसंग को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और सौरिक ने अचानक चाकू निकालकर मानु और ईशान पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मॉल के अंदर खून-खराबा देख लोग दहशत में आ गए।

दोनों घायल छात्र प्राइवेट अस्पताल में भर्ती

इस बीच, शॉपिंग मॉल के सिक्योरिटी गार्ड और वहां मौजूद लोगों ने आरोपी छात्र को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। टेक्नो सिटी पुलिस स्टेशन की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को हिरासत में ले लिया। दोनों घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रेम प्रसंग को लेकर सहपाठियों से भिड़ा छात्र

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोस्तों का एक ग्रुप जो सभी एक प्राइवेट कॉलेज के छात्र थे, एक शॉपिंग मॉल में बैठकर कॉफ़ी पी रहा था, तभी अचानक उनके बीच बहस शुरू हो गई। इस ग्रुप में एक छात्रा भी शामिल थी। आरोप है कि बहस के दौरान, एक दोस्त ने अपने बैग से चाकू निकाला और दूसरे दोस्त पर हमला कर दिया, जिससे उसकी गर्दन और शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आईं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जब एक दोस्त ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसके पेट में भी चाकू मार दिया गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

विधाननगर कमिश्नरेट के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि आरोपी और पीड़ित एक ही यूनिवर्सिटी के सहपाठी हैं। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और निजी रंजिश को लेकर हमला माना जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है। साथ ही पुलिस मॉल की CCTV फुटेज खंगाल रही है कि इतनी सुरक्षा के बीच आरोपी धारदार हथियार लेकर अंदर कैसे पहुंचा।

यह भी पढ़ें-

बेटी की बरसी के दिन फंदे से लटका मिला मां का शव, 14 साल से प्रताड़ना का आरोप, पति फरार

हनीमून पर गए कपल को बारबेक्यू का शौक पड़ा भारी, आग की चपेट में आने से दुल्हन 60% झुलसी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।