पूर्व बर्धमान/कालना: पूर्व बर्धमान जिले के कालना थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघनापाड़ा के फड़िंगगाछी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया। हैरान कर देने वाली बात यह है कि जिस दिन महिला की मौत हुई, ठीक उसी दिन पिछले साल उसकी छोटी बेटी की सांप के काटने की वजह से जान चली गई थी। बेटी की बरसी के दिन ही मां का शव मिलने से पूरे इलाके में मातम और सनसनी का माहौल है। आपको बात दें कि मृतका की पहचान झुमा विश्वास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नदिया जिले के शांतिपुर स्थित बागानपाड़ा की रहने वाली थीं।
मृतका के परिजनों ने पति पर लगाए मारपीट और शक करने आरोप
मृतका परिजनों के अनुसार, करीब 14 वर्ष पूर्व झुमा का विवाह कालना के फड़िंगगाछी निवासी गोविंद विश्वास के साथ हुआ था। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही गोविंद शराब के नशे में झुमा के साथ मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना करता था। वह अक्सर अपनी पत्नी पर शक भी किया करता था।
मंगलवार देर रात मिली मौत की सूचना
मृतका के मामा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार देर रात उनके पास फोन आया, जिसमें झुमा द्वारा फांसी लगाए जाने की बात कही गई। बुधवार सुबह जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो वहां झुमा का शव रखा मिला। घटना के बाद से ही मृतका का पति गोविंद विश्वास मौका-ए-वारदात से फरार है।
मृतका के परिजनों का दावा
मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है। उनका आरोप है कि झुमा ने खुदकुशी नहीं की है, बल्कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, बंगाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार पति गोविंद विश्वास की तलाश शुरू कर दी है।
(Input- Bijju Mandal)
ये भी पढ़ें-