कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद से टीएमसी के बुरे दिन शुरू हो गए हैं। पार्टी में फूट पड़ गई है और इसका ठीकरा भी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर फोड़ा जा रहा है। इन राजनीतिक सरगर्मियों के बीच एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के घर पर पथराव की घटना हुई है। मंगलवार को हुई इस घटना का सीसीटीवी वीडियो अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया और बीजेपी पर गुंडाराज का आरोप लगाया है।
सीसीटीवी में क्या दिखा?
सीसीटीवी फुटेज में एक शख्स बाइक से आकर घर की पहली मंजिल की खिड़कियों पर पत्थर मारता दिख रहा है। पत्थर फेंकने वाला युवक हरे रंग की शर्ट और जींस पैंट पहने था। सिर पर हेलमेट पहन रखा था। बाइक से उतरकर वह दो बार ऊपरी मंजिल पर पत्थर फेंकता है और आराम से बाइक पर सवार होकर वहां से चला जाता है।
पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
इस घटना पर बेहद कड़ी नाराजगी और चिंता व्यक्त करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यह केवल कानून-व्यवस्था का ध्वस्त होना नहीं है, बल्कि यह हिंसा का खतरनाक संस्थागतकरण है। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'आज सुबह-सुबह, एक आदमी मेरे परिवार के घर के बाहर आया, अपनी बाइक रोकी और मेरे घर पर बार-बार एक बड़ा पत्थर फेंका, जिससे पहली मंज़िल की खिड़कियां टूट गईं। यह सिर्फ़ लॉ एंड ऑर्डर का गिरना नहीं है। यह हिंसा का खतरनाक इंस्टिट्यूशनलाइज़ेशन है।
अभिषेक बनर्जी ने सवाल किया, पुलिस कहां थी? किसके कहने पर इस बदमाश ने इतना बड़ा हमला किया और बिना किसी सज़ा के निकल गया?
अपराधियों में खौफ नहीं
उन्होंने आगे लिखा, "आज बंगाल की डरावनी सच्चाई यह है: एक ऐसा राज जिसने हिंसा को नॉर्मल बना दिया है, गुंडों को ताकत दी है और ऐसा माहौल बनाया है जहां क्रिमिनल लोग पूरे भरोसे के साथ अपराध करते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि सरकार उनकी रक्षा करेगी।
अभिषेक ने आगे लिखा, "क्या नया पास हुआ वेस्ट बंगाल पब्लिक सेफ्टी एंड कंट्रोल ऑफ़ एंटी सोशल एक्टिविटीज़ बिल, 2026 BJP सपोर्टेड क्रिमिनल्स पर भी लागू होगा? बंगाल की हालत देखकर हैरान, परेशान और बहुत चिंतित हूं।"
ये भी पढ़ें:
बंगाल में हिंसा-दंगों से निपटने की तैयारी, विधानसभा में पब्लिक सेफ्टी बिल पास, यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल भी पेश होगा
पश्चिम बंगाल में बड़ी कार्रवाई, आम जनता उन्नयन पार्टी के 3 नेताओं को किया गया गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला