1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता में शर्मनाक करतूत! प्रेम संबंध के विरोध में पिता-पुत्र को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाया, पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार

कोलकाता में शर्मनाक करतूत! प्रेम संबंध के विरोध में पिता-पुत्र को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाया, पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार

कोलकाता सटे बेहाला इलाके के सरसुना में प्रेम संबंध का विरोध करते हुए एक युवक और उसके पिता को कथित तौर पर निर्वस्त्र कर सड़कों पर घुमाने का मामला सामने आया है।

प्रेम संबंध के आरोप में पिता-पुत्र को निर्वस्त्र घुमाया- India TV Hindi
Image Source : ANI प्रेम संबंध के आरोप में पिता-पुत्र को निर्वस्त्र घुमाया (सांकेतिक तस्वीर)

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सटे बेहाला इलाके के सरसुना थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां प्रेम संबंध के विरोध में एक युवती के परिजनों पर युवक और उसके पिता को कथित तौर पर निर्वस्त्र कर सड़कों पर घुमाने का गंभीर आरोप लगा है। यह शर्मनाक घटना 25 अक्टूबर को सरसुना थाना क्षेत्र के बसुंधरा पार्क इलाके में हुई है। मामले में युवती के पिता और मामा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, सरसुना इलाके में एक युवक के साथ किसी युवती का प्रेम संबंध था। युवती के परिवार वाले इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते युवती के परिजनों ने युवक को पकड़कर अपने घर में बंधक बना लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद युवक के पिता को वहां बुलाया गया।  आरोप है कि पिता के सामने बंदूक रखकर उन्हें डराया गया और दो विकल्प् दिए गए-या तो वे अपने बेटे को गोली खाने दें या फिर खुद निर्वस्त्र होकर सड़क पर घूमें। इसके बाद दोनों पिता-पुत्र को भारी अपमान का सामना करना पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के एक दोस्त के साथ भी मारपीट की गई।

वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

इस अमानवीय घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया और भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपियों के घर के बाहर हंगामा किया और तोड़फोड़ करने की कोशिश की।

पुलिस की कार्रवाई और सवाल

घटना की सूचना मिलते ही सरसुना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले घर के कुछ सदस्य फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें-

गाइघाटा में खौफनाक वारदात, 11वीं की छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप; एक हिरासत में