1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता के 'सुहरावर्दी एवेन्यू' का बदला नाम, अब होगा 'गोपाल मुखर्जी रोड', CM शुभेंदु अधिकारी ने दी जानकारी

कोलकाता के 'सुहरावर्दी एवेन्यू' का बदला नाम, अब होगा 'गोपाल मुखर्जी रोड', CM शुभेंदु अधिकारी ने दी जानकारी

पश्चिम बंगाल के सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदल दिया गया है। कोलकाता नगर निगम ने शनिवार को यह फैसला लिया। हालांकि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी।- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी।

कोलकाता नगर निगम (KMC) ने सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदलकर गोपाल मुखर्जी रोड कर दिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने इस कदम को ऐतिहासिक गलती को सुधारने की दिशा में एक कदम बताया है। बता दें कि नगर निकाय ने शनिवार को यह फैसला लिया था। हालांकि सीएम ने रविवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।

अगर आयुक्त ने जारी की अधिसूचना 

नगर आयुक्त द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया, "कोलकाता नगर निगम ने फैसला किया है कि KMC इलाके में सुहरावर्दी एवेन्यू के नाम से जानी जाने वाली सड़क का नाम बदलकर अब गोपाल मुखर्जी रोड कर दिया जाएगा।" बता दें कि सुहरावर्दी एवेन्यू, जो व्यस्त पार्क सर्कस सेवन-पॉइंट क्रॉसिंग के पास स्थित है, एक मुख्य सड़क है। इस सड़क का नाम 1932 में हसन सुहरावर्दी के नाम पर रखा गया था, जो एक जाने-माने डॉक्टर और कलकत्ता विश्वविद्यालय के पहले मुस्लिम वाइस-चांसलर थे। वे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री हुसैन शहीद सुहरावर्दी के चाचा थे।

सीएम ने एक्स पर दी जानकारी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मैं 'पश्चिम बंगाल दिवस' के खास मौके पर कल कोलकाता नगर निगम द्वारा लिए गए उस ऐतिहासिक फैसले की तारीफ करता हूं, जो एक ऐतिहासिक गलती को सुधारने में अहम भूमिका निभाएगा। अब सुहरावर्दी एवेन्यू का नाम बदलकर गोपाल मुखर्जी रोड कर दिया जाएगा।" 

सीएम ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, "दशकों तक हमारे शहर की एक मुख्य सड़क का नाम ऐसे व्यक्ति के नाम पर था जिसने सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए मासूम नागरिकों के नरसंहार की साजिश रची और सरकारी ताकत का हथियार की तरह गलत इस्तेमाल किया। अब इसका नाम बदलकर गोपाल मुखर्जी के नाम पर रखा जा रहा है। वे निडर व्यक्ति थे, जिन्होंने हजारों मासूमों की जान बचाने के लिए मुख्य रक्षक की भूमिका निभाई थी। इस तरह, एक सच्चे रक्षक और बचाने वाले को सम्मान देकर ऐतिहासिक न्याय बहाल किया जाएगा। अब समय आ गया है कि पश्चिम बंगाल असली नायकों को याद करे, गलतियों को सुधारे और उन्हें सम्मान दे।"

सोमवार को पेश किया जाएगा बजट

बता दें कि पश्चिम बंगाल में BJP सरकार का पहला पूर्ण बजट सोमवार को विधानसभा में पेश किया जाएगा। बड़े राज्यों में सबसे ज्यादा कर्ज के बोझ के बावजूद, इस बजट में कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने और वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के बीच संतुलन बनाने की उम्मीद है। बजट में उद्योग और रोजगार पैदा करने पर भी खास ध्यान दिए जाने की उम्मीद है, क्योंकि सरकार बड़े निवेश को आकर्षित करना और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहती है। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार का 2026-27 का बजट पेश करेंगे।

यह भी पढ़ें-

सेल्फी के चक्कर में गई मां-बेटे की जान, पानी के गड्ढे में डूबने से हुई मौत