1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कार चलाना सीख रही थी महिला, ब्रेक की जगह दब गया एक्सीलेटर, तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत

कार चलाना सीख रही थी महिला, ब्रेक की जगह दब गया एक्सीलेटर, तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत

यह दर्दनाक हादसा 12 अगस्त को कोलकाता के केष्टपुर प्रफुल्ल कानन में हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक महिला कार चलाना सीख रही थी।

kolkata woman- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कार ड्राइविंग सीख रही महिला की हादसे में मौत तालाब में डूबी कार

पश्चिम बंगाल के कोलकाता से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। यहां के केष्टपुर प्रफुल्ल कानन में एक महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान 34 वर्षीया सुमित्रा दास के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार महिला कार चलाने का अभ्यास कर रही थी कि तभी अचानक से उसकी गाड़ी तालाब में जा गिरी। जब पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की तो सामने आया कि महिला ने गलती से ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया था। जिससे गाड़ी बहुत तेज स्पीड से आगे की तरफ भागने लगी और सीधे पास के ही एक तालाब में जा गिरी। दम घुटने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद कार और महिला की बॉडी को तालाब से बाहर निकाला। 

कैसे हुआ ये हादसा

जानकारी अनुसार सुमित्रा दास सुबह अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौटी थीं। घर पहुंचने के बाद उन्होंने हाल ही में खरीदी अपनी नई कार को गैराज से निकाला और वह ड्राइविंग का अभ्यास करने के लिए निकल गईं। लेकिन कुछ ही देर बाद यह दुखद हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में सीधे तालाब में जा गिरी और कुछ ही पलों में वो पानी में डूब गई। आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। 

ब्रेक की जगह दब गया था एक्सीलेटर

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक के पति कृष्णेंदू दास ने नई कार खरीदी थी। उनकी पत्नी सुमित्रा दास 22 अगस्त को लाइसेंस बनवाने के एग्जाम की तैयारी करने के लिए कार लेकर निकली थीं। लेकिन उनका पैर ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर पड़ गया और कार तेजी से तालाब के बीच में चली गई। कार निकालने के बाद देखा गया कि महिला का चेहरा पिछले दरवाजे की तरफ था और पैर स्टीयरिंग व्हील पर थे। सबूत साफ हैं कि महिला ने बचने की पूरी कोशिश की थी। 

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने बॉडी निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी और पोस्टमार्टम के बाद बॉडी परिवार वालों को सौंप दी गई। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। बाकी पुलिस पूरे मामले की  गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। हालांकि शुरुआत जांच में यही पता चला है कि हादसा महिला को कार चलाने का कम अनुभव होने के चलते हुआ। 

यह भी पढ़ें:

कंट्रोल खो बैठा सिंगापुर का कार्गो शिप, बंगाल में हुगली नदी के किनारे से टकराकर सड़क के पास पहुंचा, देखें Video