1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. अभिजीत दिपके को हिरासत में लिया गया तो ममता बनर्जी ने कहा, 'घबराओ मत, अभी दीदी आपके साथ है'

अभिजीत दिपके को हिरासत में लिया गया तो ममता बनर्जी ने कहा, 'घबराओ मत, अभी दीदी आपके साथ है'

ममता बनर्जी ने CJP लीडर अभिजीत दिपके को हिरासत में लिए जाने के बाद केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर जुबानी हमला बोला है। ममता बनर्जी ने इसे अघोषित इमरजेंसी बताया है।

अभिजीत दिपके के...- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) अभिजीत दिपके के सपोर्ट में उतरीं ममता बनर्जी।

दिल्ली में तिरंगा मार्च का ऐलान करने वाले CJP के लीडर अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया गया है। इसके बाद, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भड़क गईं और केंद्र सरकार व दिल्ली पुलिस को जमकर कोसा। इसके साथ ही, ममता बनर्जी ने अभिजीत दिपके और उनके साथियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि घबराओ मत, अभी दीदी आपके साथ है।

यह अघोषित आपातकाल से कम नहीं

ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, 'दिल्ली पुलिस क्या कर रही है? अभिजीत दिपके को महज इसलिए हिरासत में ले लिया गया क्योंकि उन्होंने भारतीय झंडा तिरंगा थाम रखा था। जरा सोचिए! स्वतंत्र भारत में, हमारे युवाओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का शांतिपूर्ण तरीके से प्रयोग करने के लिए हिरासत में लिया जा रहा है। यह अघोषित आपातकाल से कम नहीं है। जो सरकार असहमति से डरती है, वह अब पूरी एक जेनेरेशन को डरा-धमकाकर चुप कराने का प्रयास कर रही है। यह एक ऐसी फासीवादी सत्ता का व्यवहार है, जो अपनी मर्जी से न चलने वाली किसी भी आवाज को बर्दाश्त नहीं कर सकती।'

आपकी दीदी आपके साथ मजबूती से खड़ी है

अपने X पोस्ट में ममता बनर्जी ने आगे लिखा, 'अभिजीत, आशुतोष, सौरव- आप भारत के युवाओं के साहस, विवेक और उनकी उम्मीदों का रिप्रेजेंट करते हैं। किसी की आवाज दबाकर आप पूरी एक पीढ़ी को चुप नहीं करा सकते हैं। आपकी दीदी पूरी मजबूती से आपके साथ खड़ी हैं। कोई भी धमकी, कोई भी हिरासत या सत्ता का कोई भी दुरुपयोग लोकतंत्र की भावना को कुचल नहीं सकता है। जागो, भारत! लोकतंत्र, आजादी और असहमति जताने के अधिकार की यह लड़ाई जारी रहेगी।'

सेंट्रल दिल्ली में है जवानों की मजबूत किलेबंदी

गौरतलब है कि दिल्ली का सेंट्रल पार्क आज (शुक्रवार को) बंद है और कल (शनिवार को) भी बंद रहेगा, क्योंकि सीजेपी ने यहां आज शाम तिरंगा मार्च निकालने का ऐलान किया था। सीजेपी के इस ऐलान को देखते हुए कनॉट प्लेस और सेंट्रल पार्क के साथ-साथ पूरे सेंट्रल दिल्ली की किलेबंदी कर दी गई। इस पूरे इलाके में दिल्ली पुलिस के 6 हजार से ज्यादा जवान तैनात हैं। कनॉट प्लेस, राजीव चौक, सेंट्रल पार्क, जंतर-मंतर, पालिका बाजार समेत दिल्ली के अहम इलाकों में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स पूरी तरह से मुस्तैद है। वहीं सेंट्रल पार्क के अंदर 7 लेयर की सिक्योरिटी है।

ये भी पढ़ें- SIR को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों को काउंटर करेगी BJP, देशभर में शुरू होगा अभियान