A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. मुर्शिदाबाद: देसी बम बनाते समय विस्फोट, एक गंभीर रूप से घायल, 12वीं के छात्र समेत तीन गिरफ्तार

मुर्शिदाबाद: देसी बम बनाते समय विस्फोट, एक गंभीर रूप से घायल, 12वीं के छात्र समेत तीन गिरफ्तार

मुर्शिदाबाद में इससे पहले भी देसी बम बनाते समय कई हादसे हो चुके हैं। पिछले साल दिसंबर में भी ऐसी ही घटना हुई थी। इस हादसे में तीन लोग मारे गए थे।

Blast- India TV Hindi
Image Source : PEXELS प्रतीकात्मक तस्वीर

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बम बनाते समय कथित तौर पर विस्फोट होने के कारण एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घायल की पहचान रियान शेख के रूप में हुई है। यह विस्फोट रविवार रात रानीनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नजराना बैरागियासन गांव में हुआ। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सोमवार की सुबह बम बनाने में संलिप्तता के आरोप में 12वीं कक्षा के एक छात्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। 

पुलिस अधिकारी ने कहा, “रियान के पैरों में छर्रे लगने से घाव हो गए हैं और वह मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज करा रहा है।” अधिकारी ने बताया कि तीनों को सोमवार को लालबाग स्थित एसीजेएम अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा, "प्रारंभिक जांच से पता चला है कि घायल और तीन अन्य लोग देसी बम बना रहे थे, तभी एक बम फट गया। हम मामले की जांच कर रहे हैं।" 

पिछले साल दिसंबर में हुई थी ऐसी घटना

चिफले साल नौ दिसंबर को मुर्शिदाबाद में ही अवैध देशी बम बनाते समय हुए धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई थी और कुछ अन्य घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया था कि यह घटना देर रात सागरपारा ग्राम पंचायत के अंतर्गत खोयरतला गांव में हुई थी। मृतकों की पहचान सकीरुल सरकार (32), मामोन मोल्ला (30) तथा मुस्तकिन शेख (28) के रूप में हुई और घटना में घायल हुए लोग तुरंत मौके से फरार हो गए। यह धमाका मामोन के घर पर देशी बम बनाते समय हुआ। धमाके में घर की छत उड़ गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों घायल, हाल ही में ‘फेंसेडिल’ की तस्करी में संलिप्त पाए गए थे। स्थानीय लोग मामोन मोल्ला और सकीरुल सरकार को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, लेकिन दोनों की रास्ते में ही मौत हो गई। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

आरजी कर हॉस्पिटल की एक और छात्रा की मौत, परिजनों ने प्रेमी पर लगाया आरोप

जन्मदिन से पहले दो दिन पश्चिम बंगाल में रहेंगे पीएम मोदी, जानें किसे मिलेगा बर्थडे गिफ्ट?