नंदीग्राम विधानसभा सीट पर छह अक्टूबर को वोटिंग होगी। उससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया था और आज उन्हें 3 अक्टूबर तक जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें आज हल्दिया कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया है। जेल जाने की वजह से अब मिलन प्रधान चुनाव प्रचार भी नहीं कर पाएंगे, क्योंकि चार अक्टूबर चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है।
क्यों हुई मिलन प्रधान की गिरफ्तारी
नंदीग्राम उपचुनाव के लिए उनके उम्मीदवार मिलन प्रधान के खिलाफ़ निम्नलिखित मामलों में चार वारंट लंबित हैं:
1. नंदीग्राम पुलिस स्टेशन केस नंबर 75/07 (30.04.2007): IPC की धारा 147, 148, 149, 448, 302 और 506 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27।
2. नंदीग्राम पुलिस स्टेशन केस नंबर 221/07 (15.11.2007): IPC की धारा 147, 148, 149, 326, 364, 302 और 201।
3. नंदीग्राम पुलिस स्टेशन केस नंबर 188/07 (08.11.2007): IPC की धारा 147, 148, 149, 324, 307 और 302 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27।
4. खेजुरी पुलिस स्टेशन केस नंबर 44/07 (30.07.2007): IPC की धारा 148/149 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/35।
पहले तीन मामलों में IPC के तहत हत्या से संबंधित धाराओं के तहत आरोप शामिल हैं; चौथा मामला हथियारों से संबंधित अपराधों के लिए है। चुनाव अधिकारियों ने डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस (समूह) के एक उम्मीदवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पहले के वारंटों पर कार्रवाई की।
नंदीग्राम सीट पर मचा है सियासी घमासान
मिलन प्रधान की गिरफ्तारी से पहले नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की और अपना नामांकन वापस ले लिया। संचिता प्रधान डे की नामांकन वापसी के ऐलान के बाद ममता बनर्जी ने ऐलान किया था कि वे नंदीग्राम में कांग्रेस के प्रत्याशी मिलन प्रधान को अपना समर्थन देंगी। लेकिन उनके इस ऐलान के बाद ही कांग्रेस प्रत्याशी को पुराने क्रिमिनल केस के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
नंदीग्राम में भाजपा का कौन है उम्मीदवार
बता दें कि नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी और इस सीट को छोड़ने के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। इस सीट से भाजपा ने सीएम शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं टीएमसी के रितब्रत गुट ने मोहम्मद एतेशामुल हक को अपना उम्मीदवार बनाया है।
ये भी पढ़ें:
एक ही दिन में ममता को बनर्जी को तीन झटके, TMC नाम और सिंबल के लिए पहुंचीं सुप्रीम कोर्ट