नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मिलन प्रधान को एक पुराने केस के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक पुराने एक हत्या मामले में नंदीग्राम से कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को गिरफ्तार किया गया है। कल दोपहर पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया कोर्ट में मिलन प्रधान को पेश किया जाएगा। उन्हें 2007 में ममता बनर्जी के नेतृत्व में हुए नंदीग्राम ज़मीन अधिग्रहण-विरोधी प्रदर्शनों के दौरान एक हत्या के मामले में गिरफ़्तार किया गया था। इसके साथ ही, प्रदेश कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी सुभाशीष भट्टाचार्य को भी गिरफ़्तार कर लिया गया है। वे नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस के मुख्य लोगों में से एक हैं।
ममता ने दिया समर्थन, कांग्रेस क्या बोली
कुछ ही घंटे पहले ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी और कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को अच्छा उम्मीदवार बताया था और उन्हें अपना समर्थन देने का ऐलान किया था। पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा के बाद कांग्रेस प्रवक्ता मीता चक्रवर्ती ने कहा, "... आज ममता बनर्जी, जो पूर्व मुख्यमंत्री हैं, ने मिलन प्रधान को अपना समर्थन दिया। कुछ ही घंटों के भीतर उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया... अगर आप डराने-धमकाने का तरीका अपनाते हैं, विपक्ष को जगह नहीं देते, तो क्या आप इस देश में तानाशाही चाहते हैं या लोकतंत्र?... अगर आपको लगता है कि आप ऐसी धमकियों से कांग्रेस या विपक्ष को रोक सकते हैं, तो आप पूरी तरह गलतफहमी में हैं।"
ममता के प्रत्याशी ने वापस लिया था नाम
आज ही ममता बनर्जी की टीएमसी की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने नबन्ना में सीएम शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की और फिर अपना नामांकन वापस ले लिया, जिससे उपचुनाव वाली नंदीग्राम सीट पर बनर्जी खेमे का कोई उम्मीदवार नहीं बचा है। नंदीग्राम सीट से ममता गुट ने संचिता प्रधान डे पर भरोसा जताया था और उन्हें चुनाव मैदान में उतारा था। इसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को अपना समर्थन देने की घोषणा की थी।
कब है नंदीग्राम में उपचुनाव
नंदीग्राम सीट पर छह अक्टूबर को उपचुनाव के लिए वोटिंग होगी। चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने टीएमसी में नाम और सिंबल को चल रहे विवाद पर लगाम लगाते हुए ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और उसके ‘फूल और घास’ चुनाव चिह्न को फ्रीज़ करने का फैसला किया।