पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में NIA ने एक संधिग्द व्यक्ति के घर पर छापेमारी की है। जानकारी अनुसार राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा यह तलाशी अभियान सोमवार सुबह दुर्गापुर के मेन गेट के पास न्यू स्टील पार्क इलाके में चलाया गया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग ये जानने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर ये अभियान क्यों चलाया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस व्यक्ति के घर में NIA ने छापेमारी की उसका नाम गुलाम जामा है, जो लगभग तीन वर्ष पहले दुर्गापुर आया था और वो यहां अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ न्यू स्टील पार्क स्थित घर में रह रहा था।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे NIA के 6 अधिकारियों की दो टीमें उनके घर पहुंचीं और उन्होंने तलाशी अभियान शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे घर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। हालांकि, यह तलाशी किस मामले में ली गई या इसका किस जांच से संबंध है, फिलहास इस बारे में NIA की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। जांच अच्छे सो हो सके, इसलिए सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों ने इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।
इस घटना के बाद से इलाके में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। तो वहीं प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां NIA की तलाशी पूरी होने तक इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार गुलाम जामा मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। वह पिछले कुछ सालों से दुर्गापुर में मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रह रहा था। जानकारी अनुसार, वह सऊदी अरब समेत अन्य देशों में भी काम कर चुका है। फिलहाल एनआईए इस पूरे मामले के विभिन्न पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। इस छापेमारी में क्या-क्या बरामद हुआ और आगे की कार्रवाई क्या होगी, फिलहाल इस संबंध में एजेंसी की ओर से कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
(पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से बिज्जू मंडल की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें:
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में 6 साल के बच्चे का शव झाड़ियों से बरामद, इलाके में सनसनी; हत्या की आशंका