1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. सहेली से मिलने गई नाबालिग, नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म, आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर मां को किया ब्लैकमेल

सहेली से मिलने गई नाबालिग, नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म, आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर मां को किया ब्लैकमेल

13 साल की नाबालिग का अपहरण कर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। निजी पलों की आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर धमकाने और ब्लैकमेल करने का भी आरोप है। नाबालिग के परिवार ने उत्तर 24 परगना के बागुईआटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : PEXELS.COM प्रतीकात्मक फोटो

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में 13 साल की नाबालिग के अपहरण, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म और आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के परिवार ने बागुईआटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में सुकन्या दास, देवजीत सरकार, कुणाल कुमार राउत समेत कई लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। इससे पहले उत्तर 24 परगना के गाइघाटा में 11वीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया था।

शिकायत के अनुसार, 24 अक्टूबर शनिवार को नाबालिग उत्तर 24 परगना जिले के बागुईआटी स्थित अपने घर से एक सहेली से मिलने उत्तर 24 परगना जिले के बिराटी गई थी। आरोप है कि 13 साल की नाबालिग को बिराटी से हुगली जिले के बंडेल इलाके के एक होटल में ले जाया गया। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद निजी पलों की तस्वीरें खींचकर नाबालिग की मां को भेजकर धमकाया और ब्लैकमेल किया गया।

परिवार का दावा है कि शनिवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे वह सुकन्या दास नाम की एक सहेली से मिलने घर से निकली थी। शाम तक घर न लौटने पर रात साढ़े 8 बजे उसकी मां ने फोन किया। तब नाबालिग ने बताया कि वह सुकन्या के साथ बैरकपुर गई है और रात साढ़े 10 से 11 बजे तक घर लौट आएगी। रात साढ़े 11 बजे तक भी बेटी के घर नहीं लौटने पर मां ने फिर फोन किया। आरोप है कि तब एक अनजान नंबर से एक व्यक्ति ने फोन उठाया और दावा किया कि उसने रास्ते में नाबालिग को रोते हुए देखकर उसे अपना फोन इस्तेमाल करने दिया है।

मां को मैसेज कर बताया कि मुसीबत में हूं

परिवार के बयान के अनुसार, रात 12 बजकर 6 मिनट पर नाबालिग ने अपनी मां को मैसेज कर बताया कि वह मुसीबत में है। उसने मैसेज में यह भी बताया कि सुकन्या उसे रिक नाम के एक व्यक्ति के घर ले गई है। परिवार का यह भी आरोप है कि देवजीत सरकार नाम के एक युवक ने नाबालिग की मां को फोन कर भरोसा दिलाया कि बेटी सुरक्षित है। बाद में देवजीत ने दावा किया कि वह उस घर में गया था और वहां के एक केयरटेकर ने उसे बताया कि करीब 10 मिनट पहले एक चार पहिया गाड़ी वहां से निकली है और उसी गाड़ी में नाबालिग घर लौट रही है।

 नाबालिग बोली- मारपीट और यौन उत्पीड़न किया 

परिवार का दावा है कि रविवार सुबह साढ़े 10 से 11 बजे के बीच नाबालिग घर लौटी। उस समय वह रो रही थी और बेहद मानसिक रूप से परेशान थी। नाबालिग ने मां को बताया कि उसे एक गाड़ी में कहीं ले जाया गया था, वहां पानी में कुछ मिलाकर जबरदस्ती पिलाया गया और कई लोगों ने उसके साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न किया। परिवार का यह भी दावा है कि उसे जबरदस्ती एक आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली खिलाई गई थी।

परिवार का आरोप है कि सुकन्या दास, देवजीत सरकार, कुणाल कुमार राउत सहित कई लोगों ने घटना के दौरान नाबालिग का वीडियो बनाया। बाद में वह वीडियो दिखाकर नाबालिग और उसके परिवार को धमकाया गया, जिसके कारण वे तुरंत पुलिस के पास जाने से डर रहे थे। आज परिवार की ओर से बागुईआटी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। बागुईआटी थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें-

अखिलेश यादव ने दिया चंद्रशेखर आजाद को झटका, बोले- 'उनके बिना भी हम जीत रहे, 80-20 का नहीं, 90-10 का खेल है'

प्रशांत किशोर की पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर का शव बरामद, जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता हुए थे