पश्चिम बंगाल के पानागढ़ के मछली बाजार से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दरअसल, कांकसर के पानागढ़ बाजार में बुधवार सुबह रस्सी से पैर बंधा हुआ एक शख्स का शव मिला है। इस घटना की सूचना मिलते ही मछली बाजार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब स्थानीय व्यापारी रोजाना की तरह मछली बाजार में अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो उनकी नजर एक चिकन की दुकान की बालकनी पर पड़ी। वहां एक व्यक्ति अचेत अवस्था में लेटा हुआ था और उसके दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे। दुकानदारों ने तुरंत इसकी सूचना कांकसा थाना पुलिस को दी।
अत्यधिक शराब पीने की लत थी
परिवार और स्थानीय सूत्रों ने बताया कि व्यक्ति को अत्यधिक शराब पीने की लत थी। हालांकि, बाजार के बीचों-बीच उसके पैर रस्सी से बंधे हुए मिलना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। उसकी मौत अत्यधिक शराब के सेवन से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही कांकसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के बाहरी निशान नहीं मिले हैं। मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शव को दुर्गापुर उपजिला अस्पताल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को चारों तरफ से घेर लिया है, ताकि सबूतों के साथ कोई छेड़छाड़ न हो। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
(रिपोर्ट- अनिर्बन कर्माकर)
ये भी पढ़ें-
CBI की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख के रिश्वत वाले केस में सेना का कर्नल गिरफ्तार
बेटी का पड़ोसी युवक से बात करना नहीं था पसंद, पिता ने हत्या कर खेत में गाड़ दिया शव