A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पटना के मेडिकल छात्र ने दुर्गापुर में की खुदकुशी, हॉस्टल के बाथरूम में मिला शव; मचा हड़कंप

पटना के मेडिकल छात्र ने दुर्गापुर में की खुदकुशी, हॉस्टल के बाथरूम में मिला शव; मचा हड़कंप

मेडिकल छात्र का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। छात्र का शव अस्पताल के हॉस्टल के बाथरूम से फंदे से लटका हुआ मिला।

हॉस्टल के बाथरूम से फंदे से लटका हुआ - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT 22 वर्षीय लावण्य प्रताप का शव हॉस्टल के बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला।

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार रात एक मेडिकल छात्र का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्र का शव अस्पताल के हॉस्टल के बाथरूम से फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

छात्र के सुसाइड करने की वजह?

मृत छात्र की पहचान 22 वर्षीय लावण्य प्रताप के रूप में हुई है। वह बिहार के पटना का रहने वाला था और उक्त निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। शनिवार रात उसे हॉस्टल के बाथरूम में फंदे से लटका देख अन्य छात्रों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बरामद कर अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Image Source : Reporter Inputमेडिकल कॉलेज अस्पताल के हॉस्टल के बाथरूम से मिला शव

शुरुआती जांच में पुलिस का अनुमान है कि छात्र मानसिक अवसाद से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि वह एक सेमेस्टर की परीक्षा में सफल नहीं हो पाया था, जिसकी वजह से वह तनाव में था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे कोई अन्य कारण है या नहीं, इसकी भी गहन जांच की जा रही है।

दोस्तों से पूछताछ कर रही पुलिस

पुलिस अधिकारी के अनुसार, परिवार को सूचना दे दी गई है और उनके दुर्गापुर पहुंचने के बाद रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल, छात्र के सहपाठियों और करीबी दोस्तों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

मालूम हो कि वर्ष 2025 में इसी निजी मेडिकल कॉलेज की एक छात्र के साथ कॉलेज के पास जंगल में दुष्कर्म का मामला सामने आया था। उस मामले में एक सहपाठी समेत कुछ स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया गया था और मामला वर्तमान में दुर्गापुर अदालत में विचाराधीन है।

(रिपोर्टर- संतोष कुमार मंडल)

ये भी पढ़ें-

"लक्ष्मी और अन्नपूर्णा स्वरूप हैं प्रदेश की बहनें", CM मोहन यादव ने 1.25 करोड़ खातों में भेजे 1500 रुपये

कपड़े सुखाते समय पहली मंजिल से धड़ाम से नीचे गिरी महिला, 6 महीने पहले हुई थी शादी; खौफनाक है CCTV फुटेज