पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पीएम मोदी ने रविवार को उत्तरी कोलकाता में एक रोड शो किया। 'भारत माता की जय', 'जय श्री राम' और भाजपा के पश्चिम बंगाल चुनाव के नारे 'पलटनो दरकार, तेई भाजपा सरकार' (परिवर्तन लाने के लिए भाजपा सरकार जरूरी है) के नारों के बीच, रोड शो बी के पाल एवेन्यू से शुरू हुआ और शोभा बाजार होते हुए खन्ना क्रॉसिंग पर समाप्त हुआ। दो किलोमीटर दूरी तय करने वाले रोडशो में सड़क के दोनों ओर समर्थकों की भीड़ नजर आई। पीएम मोदी ने नागरिकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जिनमें से कई अपने घरों की बालकनी या खिड़कियों के पास खड़े थे।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
पीएम मोदी रोड शो के दौरान भगवा रंग के वाहन पर खड़े थे, जो फूलों, नेता की तस्वीरों और भाजपा के चुनाव चिह्न 'कमल' के कटआउट से सजा हुआ था। रोडशो के दौरान सड़कों पर कई उत्साही लोग अपने मोबाइल फोन से लगातार तस्वीरें खींचते दिखे, जबकि तमाम लोग प्रधानमंत्री की प्रशंसा में नारे लिखे हुए तख्तियां और बैनर लहरा रहे थे। एसपीजी कर्मियों और कोलकाता पुलिस की विशेष शाखा के अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों को भी उमड़ती भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि चारों ओर 'मोदी, मोदी' के नारे गूंज रहे थे।
29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान
बता दें कि पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण का विधानसभा चुनाव संपन्न हुआ। पहले चरण में 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ, जिसमें 93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा अब दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर मतदान की तैयारियां चल रही हैं। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। दूसरे चरण के चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय बलों की तैनाती सहित कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। वहीं चुनाव को लेकर लगातार अलग-अलग राजनीतिक दल अपनी पूरा ताकत झोंक रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
VIDEO: कोलकाता में मिठाई पर चढ़ा 'इलेक्शन का रंग'! BJP-TMC या लेफ्ट, किस चुनाव निशान वाला स्वीट खाएंगे आप?