1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य को बनाया गया पश्चिम बंगाल भाजपा का नया अध्यक्ष, रवि शंकर प्रसाद ने दिया प्रमाणपत्र

राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य को बनाया गया पश्चिम बंगाल भाजपा का नया अध्यक्ष, रवि शंकर प्रसाद ने दिया प्रमाणपत्र

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के नए अध्यक्ष के तौर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य को चुना गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने इसकी घोषणा करते हुए उन्हें निर्वाचन प्रमाणपत्र दिया।

Samik Bhattacharya- India TV Hindi
Image Source : ANI भाजपा के राज्यसभा सांसद और पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य

पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं और उससे पहले पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष का चयन कर लिया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य को पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष के तौर पर चुना गया है और अब वो 2026 विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करेंगे। आपको बता दें कि समिक भट्टाचार्य को निर्विरोध चुना गया है। ऐसा इसलिए हुए क्योंकि नामांकन की समयसीमा तक किसी भी दूसरे उम्मीदवार ने इस पद के लिए अपना नामांकन नहीं भरा।

क्या बोले रवि शंकर प्रसाद?

आपको बता दें कि भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष के चुनाव के लिए रवि शंकर प्रसाद राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी थे और उन्होंने ही समिक भट्टाचार्य को निर्वाचन का प्रमाणपत्र सौंपा। साइंस सिटी में एक सम्मान समारोह के दौरान भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने इसकी औपचारिक घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नामांकन दाखिल हुआ है और वह समिक भट्टाचार्य का है। मैं उन्हें बधाई देता हूं।'

यह भी बता दें कि समिक भट्टाचार्य ने बुधवार दोपहर सॉल्ट लेक स्थित भाजपा के राज्य मुख्यालय में निवर्तमान अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।

कौन हैं समिक भट्टाचार्य?

समिक भट्टाचार्य का जन्म 5 नवंबर 1963 को हुआ था और वो अभी पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद हैं। उन्होंने 4 अप्रैल 2024 को नए राज्यसभा सांसद के रूप में अपनी शपथ ली थी। आपको बता दें कि साल 2014 से 2016 तक समिक भट्टाचार्य बशीरहाट दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से पश्चिम बंगाल के विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। इतना ही नहीं वो 2020 से 2024 तक पश्चिम बंगाल भाजपा के मुख्य प्रवक्ता के तौर पर भी एक्टिव रह चुके हैं और 2024 में बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था।

(इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें-

गैंगरेप मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट का बंगाल सरकार को निर्देश, हलफनामा करना होगा दाखिल

कोलकाता रेप मामले में दिलीप घोष ने बंगाल सरकार पर साधा निशाना, कहा- फैक्ट को दबा रही है सरकार