1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. रानीगंज रेलवे स्टेशन के मालगोदाम में दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत, मुआवजे पर अड़े परिजन

रानीगंज रेलवे स्टेशन के मालगोदाम में दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत, मुआवजे पर अड़े परिजन

रानीगंज रेलवे स्टेशन के मालगोदाम में ट्रक की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए आरपीएफ और रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

Raniganj railway station accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT रानीगंज रेलवे स्टेशन हादसा

पश्चिम बंगाल के रानीगंज रेलवे स्टेशन के मालगोदाम इलाके में एक मजदूर की मौत के बाद भारी तनाव फैल गया। रेलवे साइडिंग में माल लोडिंग का काम चलने के दौरान एक ट्रक की टक्कर से 28 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर शव को घटनास्थल से हटाने से रोक दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था मृतक

मृतक की पहचान उखड़ा गोयाला के रूप में हुई है। वह रानीगंज के कुमारबाजार राजयारपाड़ा का निवासी बताया जा रहा है। महज 28 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के अनुसार, मृतक के दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने के कारण उसकी मौत के बाद पूरे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन और स्थानीय लोग

घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उचित मुआवजे की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक मृतक के शव को घटनास्थल से हटाने नहीं दिया जाएगा। इसी मांग को लेकर मालगोदाम परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। परिजन और स्थानीय लोग अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

मौके पर पहुंची आरपीएफ और पुलिस

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस और रेलवे पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद मालगोदाम परिसर में मुआवजे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है।

हादसे ने फिर उठाए श्रमिकों की सुरक्षा पर सवाल

एक तरफ परिवार अपने कमाने वाले सदस्य को खोने के गहरे सदमे में है, तो दूसरी तरफ मुआवजे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। इस घटना ने एक बार फिर असंगठित श्रमिकों की सुरक्षा और दुर्घटना के बाद उनके परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के परिवार के सामने अब आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ेंः "आओ, मैं सामने खड़ी हूं, मुझ पर चला दो बुलडोजर", भतीजे अभिषेक के घर पर हुआ हमला, BJP पर भड़कीं ममता बनर्जी