A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. गंगासागर मेला परिसर में लगी आग, कई अस्थायी टेंट जलकर खाक; मची अफरा-तफरी

गंगासागर मेला परिसर में लगी आग, कई अस्थायी टेंट जलकर खाक; मची अफरा-तफरी

गंगासागर मेले में आग लगने का मामला सामने आया है। यहां आग लगने से कई अस्थायी टेंट जलकर खाक हो गए। हालांकि दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है।

गंगासागर मेला परिसर में लगी आग। - India TV Hindi
Image Source : PTI गंगासागर मेला परिसर में लगी आग।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में गंगासागर मेला परिसर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां दक्षिण 24 परगना जिले के सागरद्वीप द्वीप में गंगासागर मेला आयोजित किया जा रहा है। वहीं गंगासागर मेला परिसर में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने की वजह से स्नान घाट संख्या दो के पास बने कई अस्थायी आश्रय स्थल जलकर खाक हो गए। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। 

कई झोपड़ियों में लगी आग

दमकल विभाग के सूत्रों के अनुसार, सबसे पहले एक अस्थायी झोपड़ी में आग लगी। यहां से देखते ही देखते आग आस-पास की झोपड़ियों में भी फैल गई। आग काफी विकराल हो गई। जिन झोपड़ियों में आग लगी उनमें से ज्यादातर ‘होगला’ (पुआल) से बनी थीं। इस वजह से आग फैलने में ज्यादा समय नहीं लगा। अधिकारियों ने बताया कि अस्थायी आश्रयों के बेहद पास होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग लगने के बाद वहां मौजूद लोगों ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। 

आग पर पाया गया काबू

अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि द्वीप के दूर दराज में होने और रसद संबंधी बाधाओं के कारण अग्निशमन अभियान में बाधा हुई। अधिकारियों ने बताया कि आग में नष्ट हुई अस्थायी संरचनाओं में पुलिस और स्वयंसेवी संगठनों के शिविर तथा सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा स्थापित आश्रय स्थल शामिल थे। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी नुकसान का आकलन करने तथा विस्तृत जांच करने के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं। बता दें कि यह घटना मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा वार्षिक तीर्थयात्रा मेले का उद्घाटन करने के एक दिन बाद हुई। 

यह भी पढ़ें-

दिल्ली: साकेत कोर्ट के टॉप फ्लोर से कूदकर क्लर्क ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट भी बरामद

बच्ची ने बिस्तर गीला किया तो सौतेली मां ने की हैवानियत, गर्म चम्मच से दागा प्राइवेट पार्ट