1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. अल्पसंख्यक वोटरों पर शुभेंदु अधिकारी ने दिया बयान, आगबबूला हुई तृणमूल, कहा- धमकी दे रहे

अल्पसंख्यक वोटरों पर शुभेंदु अधिकारी ने दिया बयान, आगबबूला हुई तृणमूल, कहा- धमकी दे रहे

पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अल्पसंख्यक मतदाताओं से 6 अक्टूबर को होने वाले चुनाव को ‘टेस्ट’ बताते हुए पूछा कि वे सरकार के साथ हैं या नहीं। उनके ‘पास या फेल’ वाले बयान पर तृणमूल कांग्रेस ने आपत्ति जताई और इसे धमकी बताया।

Suvendu Adhikari Minority Voters, Bengal Bypolls 2026- India TV Hindi
Image Source : PTI पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी।

Highlights

  • शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम-रेजीनगर के अल्पसंख्यक वोटरों से कहा, 6 अक्टूबर को टेस्ट होगा।
  • रेजीनगर में करीब 65 फीसदी और नंदीग्राम में 26 फीसदी मुस्लिम मतदाता हैं।
  • टीएमसी ने ‘टेस्ट’ वाले बयान को धमकी बताया, बीजेपी ने मुख्यमंत्री का बचाव किया।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के एक बयान ने सियासी बहस तेज कर दी है। उन्होंने दोनों सीटों के अल्पसंख्यक वोटरों से कहा कि 6 अक्टूबर का चुनाव उनके लिए एक ‘टेस्ट’ है और उन्हें तय करना होगा कि वे सरकार के साथ हैं या नहीं। अधिकारी ने यहां तक कहा कि इस टेस्ट में देखना होगा कि वे ‘पास होते हैं या फेल’। अधिकारी के इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस आगबबूला हो गई है और इसे धमकी बताया है।

शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा?

पूर्व मेदिनीपुर के हल्दिया में एक रैली को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि नंदीग्राम में बीजेपी की जीत के अंतर की किसी ने कल्पना नहीं की थी। उन्होंने अपनी और बीजेपी की पिछली चुनावी सफलता का जिक्र करते हुए अल्पसंख्यक वोटरों से 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में अपना रुख तय करने को कहा। अधिकारी ने कहा,

'जो अल्पसंख्यक हमारे लिए वोट नहीं करते, जो बीजेपी को वोट नहीं देते, उनके पास अब यह तय करने का मौका है कि वे सरकार के साथ रहेंगे या नहीं। क्या वे मुख्यमंत्री के साथ मिलकर काम करेंगे या नहीं, इसका टेस्ट उन्हें 6 अक्टूबर को देना होगा। आपका टेस्ट रेजीनगर और नंदीग्राम में है। देखते हैं कि आप पास होते हैं या फेल। बाकी 18 तारीख के बाद देखा जाएगा।'

दोनों सीटों पर कितने अल्पसंख्यक वोटर?

रेजीनगर मुर्शिदाबाद जिले में आता है और यहां करीब 65 फीसदी मतदाता मुस्लिम हैं। वहीं पूर्व मेदिनीपुर की नंदीग्राम सीट पर मुस्लिम मतदाताओं की हिस्सेदारी करीब 26 फीसदी बताई गई है। इसी वजह से दोनों सीटों पर अल्पसंख्यक मतदाताओं की भूमिका चुनावी समीकरण में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि अधिकारी ने यह भी कहा कि नंदीग्राम में लोगों को मिल रही प्रशासनिक सेवाएं और विकास से जुड़े काम आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के प्रतिनिधित्व में स्थानीय लोगों को सरकारी सेवाओं में किसी तरह की रुकावट नहीं आएगी।

क्यों हो रहा है नंदीग्राम और रेजीनगर में उपचुनाव?

नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। उन्होंने भवानीपुर सीट से भी चुनाव जीता था और बाद में भवानीपुर सीट अपने पास रखते हुए नंदीग्राम की सीट खाली कर दी। इसी वजह से यहां उपचुनाव हो रहा है। दूसरी तरफ रेजीनगर सीट एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर के सीट खाली करने के कारण रिक्त हुई। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव में 2 सीटों से जीत दर्ज की थी। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी।

बीजेपी ने किसे बनाया उम्मीदवार?

बीजेपी ने हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम सीट से हासीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वह शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी रहे दिवंगत चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की 6 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, यानी विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के सिर्फ दो दिन बाद। इस मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है। वहीं रेजीनगर सीट से बीजेपी ने शाखराव सरकार को उम्मीदवार बनाया है। 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम में बीजेपी का वोट शेयर 50.56 फीसदी रहा था। रेजीनगर में बीजेपी 27.02 फीसदी वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। यहां हुमायूं कबीर को 51.62 फीसदी वोट मिले थे।

TMC ने ‘टेस्ट’ वाले बयान पर क्या कहा?

शुभेंदु अधिकारी के बयान पर तृणमूल कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने इसे धमकी बताया। उन्होंने कहा कि सीएम की तरफ से यह एक धमकी है। रॉय ने कहा कि मैं इसकी निंदा करता हूं। उन्होंने कहा कि यह मुसलमानों के प्रति मुख्यमंत्री की सांप्रदायिक सोच को दिखाता है। टीएमसी सांसद डोला सेन ने कहा कि भारत की पहचान विविधता में एकता की है। उन्होंने कहा,

'हमारा देश विविधता में एकता के लिए जाना जाता है। मैं चाहूंगी कि हमारे प्रशासन के प्रमुख भी इसे स्वीकार करें और कायम रखें। मैं दिल से अनुरोध करती हूं कि वे हमारे देश की विविधता को समझें। हम उम्मीद करते हैं कि उनमें सद्बुद्धि आएगी।'

बीजेपी ने किया शुभेंदु अधिकारी का बचाव

बीजेपी नेता केया घोष ने मुख्यमंत्री के बयान का बचाव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी, लेफ्ट और कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा,

'मुख्यमंत्री ने बिल्कुल सही बात कही है। विपक्ष, चाहे वह तृणमूल हो, लेफ्ट हो या कांग्रेस, उसने अल्पसंख्यकों को सिर्फ वोट बैंक माना है। उनके वोट अपने फायदे के लिए लिए गए, लेकिन उनके लिए वास्तविक विकास नहीं किया गया। इसलिए मुख्यमंत्री ने उनसे विकास के लिए वोट करने की अपील की है।'

6 अक्टूबर चुनाव, 9 को आएंगे नतीजे

नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। नतीजे 9 अक्टूबर को आएंगे। ऐसे में शुभेंदु अधिकारी के ‘टेस्ट’ और ‘पास या फेल’ वाले बयान के बाद अब दोनों सीटों का चुनाव सिर्फ सीटों की लड़ाई के साथ-साथ अल्पसंख्यक वोटरों के रुख को लेकर भी चर्चा में आ गया है। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: नंदीग्राम उपचुनाव में BJP का बड़ा दांव, CM शुभेंदु के दिवंगत PA की मां को टिकट; रेजीनगर से किसे बनाया उम्मीदवार?