1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कुमार बाजार के तालाब से 75 वर्षीय महिला का शव बरामद, मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही मृतका

कुमार बाजार के तालाब से 75 वर्षीय महिला का शव बरामद, मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही मृतका

पश्चिम बंगाल के रानीगंज थाना क्षेत्र के कुमार बाजार में एक तालाब से 75 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला मुक्ता मंडल का शव बरामद। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Bengal News- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कुमार बाजार के तालाब से 75 वर्षीय महिला का शव बरामद

पश्चिम बंगाल के रानीगंज थाना क्षेत्र के कुमार बाजार स्थित जौंडिस गली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के एक स्थानीय तालाब से 75 वर्षीय वृद्ध महिला का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मुक्ता मंडल के रूप में हुई है। जिनकी आयु 75 साल बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक, मृतका पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थीं। आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर। 

सुबह से थीं लापता, तलाश के दौरान मिला शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुक्ता मंडल शुक्रवार सुबह अचानक अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने रिश्तेदारों और पड़ोसियों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में उनकी तलाश करना शुरू कर दिया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसी बीच, स्थानीय लोगों ने जौंडिस गली स्थित तालाब में पानी के ऊपर एक शव को तैरते हुए देखा। सूचना मिलते ही वहां भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत शव को तालाब से बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान लापता मुक्ता मंडल के रूप में हुई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में वृद्ध महिला को पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के द्वारा महिला का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण करने के बाद मुक्ता को मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए बंगाल के आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच करने में लगी हुई है।

ये भी पढ़ें-

ममता बनर्जी पर चाकू से हमले के आरोपों को कोलकाता के पुलिस आयुक्त ने खारिज किया, बोले- "इस बात में कोई सच्चाई नहीं"