पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। इससे कुछ घंटे पहले उत्तर 24 परगना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मध्यमग्राम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इचापुर नीलगांज पंचायत के सुभाषनगर इलाके में VVPAT की पर्चियां सड़कों पर बिखरी हुई मिलीं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, ये VVPAT की पर्चियां नोआपाड़ा विधानसभा के बूथ संख्या 29 की बताई जा रही हैं। स्थानीय निवासियों ने रविवार दोपहर को मध्यमग्राम के इचापुर नीलगांज स्थित एक सड़क किनारे नाले में इन पर्चियों को बिखरा हुआ देखा। यह स्थान मतगणना केंद्र से लगभग 15 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है, जिससे चुनाव प्रक्रिया की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही माकपा (CPIM) की उम्मीदवार गार्गी चटर्जी और पुलिस मौके पर पहुंचीं। इस सीट से TMC के त्रिनांकुर भट्टाचार्जी और BJP के अर्जुन सिंह भी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। तीनों उम्मीदवारों ने VVPAT पर्चियों के लीक होने को चुनाव की निष्पक्षता पर हमला बताते हुए इसे बेहद गंभीर मामला करार दिया। इस बीच, चुनाव आयोग ने साफ कर दिया कि सड़क किनारे जो भी पर्चियां मिली हैं, वह मॉक पोल वाली हैं।
बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी का बयान
इससे पहले, भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने इस घटना पर विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब ये लोग (विपक्ष) कौन से नए तरीके अपनाएंगे? कौन सी नई योजनाएं बनाएंगे? आज नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से VVPAT पर्ची बीच गांव में मिली है। आप ही बताइए कि ये किस तरह की धांधली है?
ये भी पढ़ें-
बंगाल में वोट काउंटिंग से पहले ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को दिया सख्त निर्देश, बोलीं- 'सतर्क रहें-रात भर जागते रहें'
5 प्रदेशों में विधानसभा चुनाव नतीजों का ऐलान आज, सुबह 8 बजे शुरू होगी वोटों की गिनती