West Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल में भाजपा को प्रचंड बहुमत, शुभेंदु अधिकारी ने फिर ममता को हराया
West Bengal Election Result 2026 Live: पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों पर सुबह 8 बजे मतगणना शुरू थी। अब अधिकतर सीटों के नतीजे आ चुके हैं। बीजेपी ने बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं, टीएमसी 100 का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाई है। मतगणना से जुड़ी हर अपडेट यहां देखें।

West Bengal Election Result 2026: पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं और बीजेपी ने 200 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की है। यहां बहुमत का आंकड़ा 148 है, लेकिन फलता में मतदान रद्द होने के कारण 293 सीटों के नतीजे आ रहे हैं। ऐसे में बहुमत का आंकड़ा 147 हो जाता है। वहीं, बीजेपी के खाते में 206 सीटें गई हैं। वहीं, टीएमसी को 81 सीटें मिली हैं। कांग्रेस और हुमायूं कबीर की एजेयूपी को दो-दो सीटें मिली हैं। सीपीआईएम और एआईएसएफ को एक-एक सीटें मिली हैं। टीएमसी 100 सीटें भी नहीं जीत पाई है, जबकि ममता बनर्जी ने लगातार 200 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया था। खुद ममता बनर्जी को हार का सामना करना पड़ा है।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव कराए गए। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को संपन्न हुआ। पश्चिम बंगाल में 294 की जगह 293 सीटों पर ही मतगणना हुई। बीते दिनों पश्चिम बंगाल की फलता सीट पर गड़बड़ी की सूचना मिल रही थी। इस बीच शनिवार को स्थानीय लोग सड़कों पर उतर गए और टीएमसी के वर्कर्स की हकीकत कैमरे के सामने बयां की। आखिरकार चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर वोटिंग के दौरान भारी गड़बड़ी को लेकर बड़ा निर्णय लिया और यहां 29 अप्रैल को हुई वोटिंग को रद्द करते हुए इस सीट पर री-पोलिंग का आदेश दे दिया। अब इस सीट पर 21 मई को मतदान होगा और 24 मई को इस सीट के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
15 बूथों पर हुआ पुनर्मतदान
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर शनिवार को पुनर्मतदान भी कराया गया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चला। चुनावी धांधली की जानकारी मिलने पर निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को इस सीट पर पुनर्मतदान का आदेश दिया था। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पुनर्मतदान का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दिया गया था।
Live updates : West Bengal Election Result
-
May 04, 2026 11:30 PM (IST) Posted by Shakti Singh
बीजेपी ने 200 से ज्यादा सीटें जीतीं
बीजेपी के खाते में 206 सीटें गई हैं। वहीं, टीएमसी को 81 सीटें मिली हैं। कांग्रेस और हुमायूं कबीर की एजेयूपी को दो-दो सीटें मिली हैं। सीपीआईएम और एआईएसएफ को एक-एक सीटें मिली हैं।
-
May 04, 2026 10:15 PM (IST) Posted by Shakti Singh
ममता बनर्जी पर कोई भरोसा नहीं करता- समिक भट्टाचार्य
सीएम ममता बनर्जी के भवानीपुर सीट से हारने पर, राज्य बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, "यह तो होना ही था, भवानीपुर सीट बीजेपी के पक्ष में है। सीएम ममता बनर्जी पर कोई भरोसा नहीं करता और उन्होंने उन्हें रिजेक्ट कर दिया है।"
-
May 04, 2026 8:43 PM (IST) Posted by Shakti Singh
ममता का आरोप- बीजेपी ने 100 सीटें लूट लीं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी ने 100 से ज्यादा सीटें लूट ली हैं। उन्होंने कहा, "अंदर मुझे मारा है, धक्का दिया है।" ममता ने कहा, "दोपहर 3 बजे से वे हमें पीट रहे हैं। मुझे मारा गया। सीसीटीवी बंद कर दिया गया था। हमारे किसी भी एजेंट को अंदर (काउंटिंग सेंटर) जाने की इजाजत नहीं थी। डीओ ने मुझे भरोसा दिलाया कि हमारे एजेंट को जाने दिया जाएगा, लेकिन उसके बाद वह कहीं भी नहीं मिले। मैंने हर जगह शिकायत की।"
-
May 04, 2026 7:42 PM (IST) Posted by Shakti Singh
भवानीपुर में कांटे की टक्कर
भवानीपुर विधानसभा सीट में बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी और टीएमसी की ममता बनर्जी के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही हैं। यहां कुल 20 राउंड में वोटों की गिनती होनी है। 17वें राउंड के बाद शुभेंदु अधिकारी 2282 वोट से आगे चल रहे हैं। इससे पहले लंबे समय तक ममता बनर्जी आगे चल रही थीं।
-
May 04, 2026 6:43 PM (IST) Posted by Shakti Singh
सरकारी अधिकारियों को फाइलें सुरक्षित रखने का आदेश
पश्चिम बंगाल में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद सरकारी अधिकारियों को फाइलें सुरक्षित रखने का आदेश दिया गया है। चीफ सेक्रेटरी की तरफ से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि कोई भी जरूरी कागज या फाइल ऑफिस से हटाई/खराब न की जाए या किसी और तरह से बाहर न ले जाई जाए। बिना इजाजत के कॉपी/स्कैनिंग की नहीं होगी। इसके अलावा, सभी फाइलों/जरूरी कागजों/कम्युनिकेशन का ठीक से हिसाब रखा जाएगा। हेड ऑफ डिपार्टमेंट और डिपार्टमेंटल सेक्रेटरी खुद पक्का करेंगे कि इसका पूरी तरह से पालन हो। किसी भी तरह की गड़बड़ी के लिए पर्सनल जिम्मेदारी तय की जाएगी।
-
May 04, 2026 6:19 PM (IST) Posted by Shakti Singh
पीएम मोदी ने जताई खुशी
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बंपर जीत पर खुशी जताते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा! 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद किए जाएंगे। जनता की ताकत की जीत हुई है और बीजेपी की अच्छे शासन की राजनीति की जीत हुई है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति को नमन करता हूं। लोगों ने बीजेपी को शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें भरोसा दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और उम्मीदों को पूरा करने के लिए हर मुमकिन कोशिश करेगी। हम ऐसी सरकार देंगे जो समाज के सभी वर्गों को मौका और सम्मान देगी।" उन्होंने दूसरे पोस्ट में कार्यकर्ताओं को शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, "पश्चिम बंगाल में बीजेपी की रिकॉर्ड जीत कई पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं की कोशिशों और संघर्ष के बिना मुमकिन नहीं थी। मैं उन सभी को सलाम करता हूं। सालों से, उन्होंने जमीन पर कड़ी मेहनत की है, हर तरह की मुश्किलों को पार किया है और हमारे विकास के एजेंडे के बारे में बात की है। वे हमारी पार्टी की ताकत हैं।"
-
May 04, 2026 6:07 PM (IST) Posted by Shakti Singh
अमित शाह ने बंगाल की जनता का आभार जताया
गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने इस जीत के लिए बंगाल की जनता का आभार जताया है। अमित शाह ने एक्स पर लिखा, "बंगाल की जनता को कोटि-कोटि नमन, यह प्रचंड जनादेश भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को बंगाल की जनता का करारा जवाब है। यह टीएमसी के ‘भय’ के ऊपर नरेंद्र मोदी जी पर ‘भरोसे’ की जीत है। मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में मां गंगा के उद्गम से लेकर गंगासागर तक आज हर जगह भाजपा का भगवा ध्वज शान से लहरा रहा है।" अमित शाह ने दूसरे पोस्ट में कार्यकर्ताओं की तरीफ करते हुए लिखा, "बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा। भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुंचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएं सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूं। बंगाल की जनता ने इस प्रचंड बहुमत से भाजपा के उन सभी शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी है। इस ऐतिहासिक विजय के लिए मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और बंगाल के कोने-कोने में डटे हर एक कार्यकर्ता को बधाई देता हूं।"
-
May 04, 2026 5:54 PM (IST) Posted by Shakti Singh
नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी जीते
शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में 9,000 से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। राज्य में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद वह मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे हैं।
-
May 04, 2026 5:19 PM (IST) Posted by Shakti Singh
दिनहटा में टीएमसी नेता पर हमला
दिनहटा टाउन ब्लॉक में टीएमसी प्रेसिडेंट बिशु धर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हमला किया। वह काउंटिंग सेंटर से बाहर निकले थे। बिशु धर ने कहा, "हम तृणमूल कांग्रेस के सदस्य हैं। हम हिम्मत से आगे बढ़ते हैं। मुझे पता था कि वे मुझ पर हमला करेंगे, फिर भी मैं अंदर चला गया। यह बीजेपी का कल्चर है।"
-
May 04, 2026 4:53 PM (IST) Posted by Shakti Singh
राजभवन पहुंची ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राजभवन पहुंच चुकी हैं। चुनाव आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल में बीजेपी बहुमत के आंकड़े के पार जा चुकी है। हालांकि, अधिकतर सीटों पर वोटों की गिनती पूरी नहीं हुई है। टीएमसी इस चुनाव में 100 का आंकड़ा भी नहीं छू पाई।
-
May 04, 2026 4:44 PM (IST) Posted by Shakti Singh
शाम 4.30 के बाद राजभवन जा सकती हैं ममता बनर्जी
सूत्रों के अनुसार ममता बनर्जी आज शाम राजभवन जाएंगी। राज्यपाल से मुलाकात के लिए शाम 4.30 बजे के बाद का समय मांगा गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि तब तक बंगाल की अधिकतर सीटों के नतीजे आ जाएंगे।
-
May 04, 2026 4:01 PM (IST) Posted by Shakti Singh
ममता बनर्जी भवानीपुर मतगणना केंद्र पहुंचीं
ममता बनर्जी भवानीपुर मतगणना केंद्र पहुंच गई हैं। ममता और शुभेंदू अधिकारी काउंटिंग सेंटर में हैं। ऐसे में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी तरह के तनाव की स्थिति को रोकने के लिए एक्स्ट्रा फोर्स ग्राउंड पर आई है। ममता ने आरोप लगाया कि उनके वोट लूटे जा रहे हैं।
-
May 04, 2026 3:22 PM (IST) Posted by Shakti Singh
कूचबिहार में भिड़े बीजेपी और टीएमसी वर्कर
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। दिनहाटा में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद सेंट्रल फोर्स के जवानों ने लाठीचार्ज किया।
-
May 04, 2026 2:53 PM (IST) Posted by Amar Deep
दिनहाटा में बीजेपी-टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प
कूच बिहार के दिनहाटा में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई है। हालांकि केंद्रीय बलों के जवानों ने लाठीचार्ज किया और हालात पर काबू पाया। फिलहाल सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
-
May 04, 2026 2:39 PM (IST) Posted by Amar Deep
इंडी गठबंधन का अंत निश्चित: स्मृति ईरानी
स्मृति ईरानी ने कहा, "पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों ने तथाकथित इंडी गठबंधन का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है। न कोई विचारधारा, न कोई नेतृत्व, न कोई विश्वास! यह सत्ता के लिए किया गया एक असफल प्रयोग मात्र है। पूरे चुनाव के दौरान राहुल गांधी दिशा-निर्देश देने में असमर्थ रहे, न ही गठबंधन को एकजुट रख सके। सभी सहयोगी दल बिखर गए, फिर भी कोई ठोस रणनीति नहीं थी। बंगाल की जनता ने हिंसा, अराजकता और तुष्टीकरण की राजनीति को नकार दिया है। यह जनादेश विकास, स्थिरता और हमारे महान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के निर्णायक नेतृत्व में जनता के विश्वास को दर्शाता है। यह केवल एक जीत नहीं, बल्कि अवसरवादी गठबंधन और कमजोर नेतृत्व की करारी हार है। बंगाल ने रास्ता दिखा दिया है। इंडी गठबंधन का अंत निश्चित है।"
-
May 04, 2026 2:22 PM (IST) Posted by Amar Deep
आसनसोल के जामुड़िया में तनाव
आसनसोल के जामुड़िया थाना क्षेत्र के खास केंदा इलाके में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली है। यहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पार्टी कार्यालय में आग लगाए जाने की घटना सामने आई है। इस मामले में आरोप भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
-
May 04, 2026 2:10 PM (IST) Posted by Amar Deep
बहरामपुर में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पीछे
मुर्शिदाबाद जिले की बहरामपुर विधानसभा सीट पर अधीर रंजन चौधरी पीछे हो गए हैं। पांच दौर की मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा के सुब्रता मैत्रा 5,266 वोटों से आगे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 1:56 PM (IST) Posted by Amar Deep
गोविंदपुर में टीएमसी कार्यालय पर बम फेंकने का आरोप
आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। यहां गोविंदपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पर बम फेंकने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर भी आरोप बीजेपी कार्यकर्ताओं पर ही लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
-
May 04, 2026 1:41 PM (IST) Posted by Amar Deep
किसी TMC नेता के घर न जाएं: BJP
बंगाल में जीत की ओर बढ़ रही बीजेपी ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं। बीजेपी ने कहा है कि जीत के जश्न में किसी भी टीएमसी नेता के घर ना जाएं और न ही नारेबाज़ी करें। बीजेपी ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि कार्यालय पर ही जीत का जश्न मनायें।
-
May 04, 2026 1:20 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
श्यामपुकुर से TMC की शशि पूजा पीछे
श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार शशि पूजा पीछे चल रही हैं। रेजी नगर विधानसभा क्षेत्र से आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार हुमायूं कबीर आगे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 1:20 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
बागदा से बीजेपी की सोमा ठाकुर आगे
बागदा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार सोमा ठाकुर आगे चल रही हैं। बेलेघाटा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार कुणाल घोष पीछे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 1:14 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
ममता ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
ममता बनर्जी ने कहा, 'SIR के जरिए उन्होंने वोट लूटने की कोशिश की और अब भी 100 से ज्यादा सीटों पर हम आगे हैं जिसे बताया नहीं जा रहा। सब गलत बताया जा रहा है। पूरी तरह चुनाव आयोग अपनी इच्छा से काम कर रहा है और उनके साथ सेंट्रल फोर्स भी है। सेंट्रल फोर्स के साथ पुलिस भी काम कर रही है। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं को कहती हूं कि मन खराब करने की जरूरत नहीं है, आप सूर्यास्त के बाद जीतेंगे। 2-4 राउंड की गिनती हुई है, 14-18 राउंड तक गिनती होती है, हम जीतेंगे। किसी को डरने की कोई जरूरत नहीं है।'
-
May 04, 2026 12:57 PM (IST) Posted by Amar Deep
आखिरी राउंड में टीएमसी ही जीतेगी: ममता बनर्जी
मतगणना के बाद ममता बनर्जी का पहला रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने ने कहा कि हमें काउंटिंग सेंटर जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीएमसी के कार्यकर्ता काउंटिंग सेंटर्स को न छोड़ें। अभी सिर्फ 4 राउंड की गिनती हुई है। आखिरी राउंड के बाद टीएमसी ही जीतेगी। यह भाजपा का प्लान है, मैं कल से ही बोल रही हूं पहले उन्हें आगे दिखाया जाएगा। कई जगह उन्होंने काउंटिंग को बंद कर रखा है। कल्याणी में ऐसी मशीनें मिली हैं जहां कोई मेल नहीं है, सेंट्रल फोर्स के जरिए हर तरफ से TMC पर अत्याचार हो रहा है।
-
May 04, 2026 12:44 PM (IST) Posted by Amar Deep
BJP कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के रुझानों में भाजपा जोरदार बढ़त बनाए हुए है। इस बीच पार्टी के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया। उन्होंने पीएम मोदी की तस्वीर लेकर 'जय श्री राम' के नारे लगाए और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में तथा सत्तारूढ़ तृणमूल के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और राहगीरों को भी मिठाइयां बांटीं। भाजपा कार्यकर्ता अंकित जायसवाल ने कहा, ''नतीजे घोषित होने के बाद हम और बड़े स्तर पर जश्न मनाएंगे तथा एक-दूसरे को गुलाल लगाएंगे।''
-
May 04, 2026 12:25 PM (IST) Posted by Amar Deep
दुर्गापुर पश्चिम सीट पर बीजेपी आगे
दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तृणमूल उम्मीदवार कबी दत्ता को 4,600 वोट मिले, वहीं बीजेपी उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घोडुई को 6,861 वोट मिले। लक्ष्मण चंद्र घोडुई कबीदत्तर से 2,261 वोटों से आगे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 12:07 PM (IST) Posted by Amar Deep
सात बार के विधायक मानस भुइयां भाजपा उम्मीदवार से पीछे
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझान के अनुसार तृणमूल कांग्रेस के नेता मानस रंजन भुइयां पश्चिम मेदिनीपुर जिले की साबंग विधानसभा सीट पर पीछे हैं। वह इस सीट से पहले सात बार चुनाव जीत चुके हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, सोमवार को पांचवें दौर की मतगणना के बाद साबंग में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अमल कुमार पांडा 1,958 मतों से आगे हैं। राज्य के मंत्री भुइयां इससे पहले चार बार तृणमूल उम्मीदवार के रूप में और तीन बार कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज कर चुके हैं।
-
May 04, 2026 11:50 AM (IST) Posted by Amar Deep
जुलूस को लेकर कोलकाता पुलिस ने दिए निर्देश
कोलकाता पुलिस ने कहा, "पश्चिम बंगाल विधानसभा के आम चुनाव की मतगणना प्रक्रिया को देखते हुए, कोलकाता पुलिस के अधिकार क्षेत्र में सार्वजनिक व्यवस्था, शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए, यह सूचित किया जाता है कि 4 मई, 2026 को चुनाव परिणामों के संबंध में कोई भी विजय जुलूस, रैली या सार्वजनिक उत्सव आयोजित नहीं किया जाएगा। यह प्रतिबंध सभी राजनीतिक दलों या समूहों पर समान रूप से लागू होगा। यदि कोई विजय जुलूस निकाला जाता है, तो वह 5 मई, 2026 या उसके बाद संबंधित पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी से पूर्व अनुमति प्राप्त करने के बाद ही निकाला जा सकता है। ऐसे सभी अनुमत जुलूसों को प्रचलित नियमों और दिशानिर्देशों तथा अनुमति में निर्धारित शर्तों का सख्ती से पालन करना होगा।"
-
May 04, 2026 11:34 AM (IST) Posted by Amar Deep
भारी बहुमत से सत्ता में आएगी टीएमसी: गौतम दुबे
सिलीगुड़ी के मेयर और सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के उम्मीदवार गौतम देब ने कहा, "मेरी पार्टी राज्य स्तर पर बहुत ही आरामदायक जीत हासिल करने जा रही है। सिलीगुड़ी मेरा गृह नगर है, मेरी मातृभूमि है। मैंने अपना पूरा जीवन सिलीगुड़ी के विकास के लिए समर्पित कर दिया है। मैं यहां से पहली बार चुनाव लड़ रहा हूं। मैंने पूरी ईमानदारी, गरिमा और निष्ठा के साथ काम किया है। मुझे उम्मीद है कि सिलीगुड़ी के लोग भारी संख्या में मेरा समर्थन करेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में आएगी।"
-
May 04, 2026 11:14 AM (IST) Posted by Amar Deep
जनता बनाम ममता का चुनाव: समिक भट्टाचार्य
BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, “हमने पहले दिन जो कहा था, आज भी हमारी उम्मीद वही है। असल में, यह हमारी उम्मीद नहीं, बल्कि जनता की उम्मीद है। यह चुनाव जनता ने TMC के खिलाफ लड़ा है। यह चुनाव ‘जनता बनाम ममता’ है। यह एक ऐसा चुनाव है जिसमें लोगों ने TMC को नकार दिया है। कुछ ही घंटों में, BJP सरकार बनाने की स्थिति में होगी।”
-
May 04, 2026 11:06 AM (IST) Posted by Amar Deep
टीएमसी ने मतगणना एजेंटों को मतदान केंद्रों में प्रवेश देने में देरी का आरोप लगाया
तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार शशि पांजा ने आरोप लगाया कि चुनाव कर्मी शहर में मतगणना केंद्रों पर राजनीतिक दलों के अधिकृत एजेंटों को प्रवेश देने में देरी कर रहे हैं। पांजा ने दावा किया कि चुनाव कर्मियों को मतगणना केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी नहीं है। काकद्वीप से उम्मीदवार मंतूराम पाखिरा ने भी इसी तरह का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि केंद्र पर मतगणना एक घंटे की देरी से शुरू हुई।
-
May 04, 2026 10:57 AM (IST) Posted by Amar Deep
पश्चिम बंगाल में किसी भी विजय रैली की अनुमति नहीं: चुनाव अधिकारी
पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद कहीं भी उम्मीदवारों की जीत का जश्न मनाने के लिए विजय रैलियों की अनुमति नहीं होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग उन शिकायतों की जांच कर रहा है जिनमें कहा गया है कि विभिन्न दलों के एजेंट मतगणना केंद्रों तक नहीं पहुंच पाए। विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने कहा, ''चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद आज राज्य में कहीं भी उम्मीदवारों की जीत का जश्न मनाने के लिए विजय रैलियों की अनुमति नहीं दी जाएगी।'' उन्होंने कहा, ''हम पार्टी एजेंट के अपने केंद्रों तक नहीं पहुंच पाने के मामले की जांच कर रहे हैं। इसका जल्द समाधान हो जाएगा।''
-
May 04, 2026 10:45 AM (IST) Posted by Amar Deep
भवानीपुर में ममता फिर पीछे
भवानीपुर सीट पर एक बार फिर सुवेंदु अधिकारी आगे निकल गए हैं। ममता बनर्जी भवानीपुर में पीछे हो गई हैं। इस सीट पर ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
-
May 04, 2026 10:34 AM (IST) Posted by Amar Deep
मालदा की 6 सीटों पर भाजपा, 4 सीटों पर TMC आगे
मालदा जिले की मालतीपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मौसम नूर आगे चल रही हैं। मौसम नूर ने बताया, "हमें जनता पर भरोसा है और नतीजे सब कुछ बता देंगे। मुझे जीत का पूरा विश्वास है।" मालदा जिले की छह विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगे है, जबकि तृणमूल को चार सीटों पर बढ़त हासिल है।
-
May 04, 2026 10:27 AM (IST) Posted by Amar Deep
भवानीपुर में ममता बनर्जी एक बार फिर आगे
भवानीपुर विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी आगे चल रही हैं। पहले चरण की मतगणना में ममता बनर्जी को 3666 वोट मिले हैं। वहीं सुवेंदु अधिकारी को 1670 वोट मिले हैं।
-
May 04, 2026 10:22 AM (IST) Posted by Amar Deep
हिंदू एकजुटता दिख रही: सुवेंदु अधिकारी
शुरुआती रुझानों पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "इस बार हिंदू एकजुटता दिख रही है, और जिस तरह मुसलमान टीएमसी को वोट देते हैं, वैसा उन्होंने इस बार नहीं किया है। कुछ वोट मुस्लिम समर्थक पार्टी को मिले हैं। भाजपा को भी कुछ वोट मिले हैं, हालांकि कम मात्रा में। मुझे नंदीग्राम के मुस्लिम बहुल बूथ पर इतने अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपने नेतृत्व में बंगाल के निर्माण का जो वादा किया गया है, वह उनके पक्ष में रहा है। इतनी जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। मैं आपको सुबह 11:00 बजे के बाद बताऊंगा।"
-
May 04, 2026 10:16 AM (IST) Posted by Amar Deep
जीत का भरोसा है: हुमायूं कबीर
आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा, "मुझे अपनी जीत का पूरा भरोसा है। चुनाव आयोग ने बहरामपुर में पांच सीटों पर मतगणना की व्यवस्था कर दी है, व्यवस्थाएं अच्छी हैं। सब कुछ ठीक होना चाहिए। चलिए चार-पांच घंटे इंतजार करते हैं, तब तक सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।"
-
May 04, 2026 10:11 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
दिनहाटा से बीजेपी के अजय राय ने बनाई बढ़त
पश्चिम बंगाल की दिनहाटा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के अजय राय आगे चल रहे हैं। गोसाबा से भी बीजेपी के बिकारना नस्कर आगे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 10:06 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
बागदा में मधुपर्णा ठाकुर ने बनाई बड़ी बढ़त
पश्चिम बंगाल की बागदा विधानसभा सीट पर टीएमसी उम्मीदवार मधुपर्णा ठाकुर आगे चल रही हैं। चौरंगी विधानसभा सीट पर टीएमसी उम्मीदवार नयना बनर्जी आगे चल रही हैं।
-
May 04, 2026 10:00 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
माथाभंगा सीट से निशित प्रामाणिक आगे
बंगाल की माथाभंगा विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार निशित प्रामाणिक आगे चल रहे हैं। आसनसोल साउथ विधानसभा सीट की बात करें तो यहां बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल आगे चल रही हैं।
-
May 04, 2026 9:53 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
भाटपाड़ा सीट पर बीजेपी कैंडिडेट पवन सिंह आगे
पश्चिम बंगाल की नोआपाड़ा विधानसभा सीट पर बीजेपी के अर्जुन सिंह आगे चल रहे हैं। वहीं, भाटपाड़ा सीट पर भी बीजेपी उम्मीदवार पवन सिंह बढ़त बनाए हुए हैं, जो अर्जुन सिंह के बेटे हैं। दोनों सीटों पर शुरुआती रुझानों में बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है।
-
May 04, 2026 9:48 AM (IST) Posted by Amar Deep
झारग्राम, मोंतेश्वर और आसनसोल में बीजेपी आगे
- झारग्राम से भाजपा के लक्ष्मीकांत साव आगे चल रहे हैं।
- मोंतेश्वर से भाजपा के सैकत पांजा आगे चल रहे हैं।
- आसनसोल से भाजपा की अग्निमित्रा पॉल आगे चल रही हैं।
-
May 04, 2026 9:43 AM (IST) Posted by Amar Deep
बाघमुंडी, बनकुरा और दुर्गापुर पूर्व में BJP आगे
- बाघमुंडी से भाजपा के रहिदास महतो आगे चल रहे हैं।
- बनकुरा से भाजपा के निलादरी शेखर दाना आगे हैं।
- दुर्गापुर पुर्ब से भाजपा के चंद्रशेखर बनर्जी आगे हैं।
-
May 04, 2026 9:36 AM (IST) Posted by Amar Deep
दीदी थोड़ा आराम करें: सामिक भट्टाचार्य
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ट्वीट पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा, "सभी जाग चुके हैं। हर जगह कार्यकर्ता जाग चुके हैं। हम चाहते हैं कि दीदी थोड़ा आराम करें। चुनाव अब खत्म हो चुका है। नतीजे आने ही वाले हैं। उतार-चढ़ाव तो होंगे ही। शुरुआती रुझान सामने आ चुके हैं। बयानबाजी करना, किसी के खिलाफ बोलना या चुप रहना हमारी संस्कृति के विपरीत है। हम ऐसा नहीं कर सकते।" उन्होंने कहा, "तृणमूल कांग्रेस की संस्कृति, उसके हित, जिस तरह से तृणमूल कांग्रेस राजनीति को समझती है, वे उसी भाषा में बात करते हैं। लेकिन अगर हमने, मेरी पार्टी ने, कोई गलती की है, कोई व्यक्तिगत हमला किया है या घटिया टिप्पणी की है, तो मैंने चुनाव खत्म होते ही उसके लिए माफी मांग ली थी। मैं आज भी माफी मांगता हूं।"
-
May 04, 2026 9:31 AM (IST) Posted by Amar Deep
पूरा भारत मोदीमय बन रहा है: सामिक भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा, "स्वतंत्रता के बाद से किसी भी बंगाली ने ऐसे चुनाव नहीं देखे हैं। इसलिए, आज हम अंतिम मोड़ पर आ गए हैं। बंगाल को इस चुनावी संस्कृति से मुक्ति पानी होगी। अगर बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग पुराने चुनावी पैटर्न से मुक्त हो सकते हैं, तो हम क्यों नहीं?" उन्होंने आगे कहा, "पूरा भारत 'मोदीमय' बन रहा है। प्रधानमंत्री ने भारतीय राजनीति की परिभाषा ही बदल दी है। आज का धर्म लोकतंत्र है और आज की राजनीति विकास है। हम इसी मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं।"
-
May 04, 2026 9:29 AM (IST) Posted by Amar Deep
बैरकरपुर सीट पर टीएमसी प्रत्याशी आगे
उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर विधानसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार राज चक्रवर्ती 189 वोटों से आगे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 9:26 AM (IST) Posted by Amar Deep
सोनारपुर दक्षिण से रूपा गांगुली आगे
दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली आगे चल रही हैं।
-
May 04, 2026 9:13 AM (IST) Posted by Amar Deep
हुमायूं कबीर नौदा सीट पर आगे
आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद जिले के नौदा विधानसभा क्षेत्र से आगे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 9:04 AM (IST) Posted by Amar Deep
नई सरकार शपथ लेगी: दिलीप घोष
खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, "यहां के लोग बदलाव चाहते हैं। BJP अच्छे बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। बंगाल में पहले कानून-व्यवस्था नहीं थी। जब से चुनाव आयोग ने सारी बागडोर अपने हाथों में ली है, जिस तरह शांतिपूर्ण चुनाव हुए हैं, वैसे ही वोटों की गिनती भी होगी और वैसे ही नई सरकार भी शपथ लेगी।"
-
May 04, 2026 8:56 AM (IST) Posted by Amar Deep
VVPAT पेपर स्लिप फेंकी नहीं गई थी: चुनाव आयोग
चुनाव आयोग का कहना है, "जांच करने पर यह पाया गया है कि जो VVPAT पेपर स्लिप्स दिखाई गई हैं, वे मतदान के दिन से पहले किए गए 'मॉक पोल' (अभ्यास मतदान) से जुड़ी हैं, न कि मतदान के दिन हुए असल चुनाव से। इसके अलावा, इस मामले में एक विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है, और सत्यापन तथा ज़रूरी कार्रवाई के लिए एक औपचारिक शिकायत भी दर्ज करा दी गई है।"
-
May 04, 2026 8:49 AM (IST) Posted by Amar Deep
ममता के पैरों के नीचे से खिसक गई जमीन: BJP प्रत्याशी अर्जुन सिंह
नोआपाड़ा से बीजेपी उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि काफी जगहों पर कल रात को डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता को डराया जा रहा है, ताकि वह काउंटिंग सेंटर तक ना पहुंच पाए। पुलिस टीएमसी की दलाली कर रही है। ममता बनर्जी का आरोप सही नहीं है। उनके पैर के नीचे से जमीन खिसक गई है इसीलिए ममता बनर्जी बेकार आरोप लगा रही हैं।
-
May 04, 2026 8:44 AM (IST) Posted by Amar Deep
भवानीपुर में ममता बनर्जी पीछे
पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी पीछे हो गई हैं। यहां बीजेपी के प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी ने बढ़त बना ली है। सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट पर भी आगे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 8:40 AM (IST) Posted by Amar Deep
शुरुआती रुझानों में BJP ने पार किया 100 का आंकड़ा
शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने 100 का आंकड़ा पार कर लिया है। अब तक के रुझानों के मुताबिक बीजेपी 101 सीटों पर आगे है, जबकि टीएमसी 78 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
-
May 04, 2026 8:35 AM (IST) Posted by Amar Deep
नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी आगे
भाजपा के नेता सुवेंदु अधिकारी भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी से पीछे चल रहे हैं। वहीं नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। कांथी उत्तर सीट पर भी बीजेपी आगे है। तेहट्टा, करीमपुर और पलीशीपारा में भाजपा आगे चल रही है।
-
May 04, 2026 8:30 AM (IST) Posted by Amar Deep
शुरुआती रुझानों में 78 सीटों पर बीजेपी आगे
पश्चिम बंगाल में मतगणना के शुरुआती रुझान आने लगे हैं। अभी तक के रुझानों के मुताबिक बीजेपी काफी आगे निकल चुकी है। यहां बीजेपी 78 सीटों पर आगे है, जबकि टीएमसी 49 सीटों पर आगे है।
-
May 04, 2026 8:22 AM (IST) Posted by Amar Deep
भवानीपुर से ममता बनर्जी आगे
भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी आगे चल रही हैं। यहां बीजेपी के प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी पीछे चल रहे हैं।
-
May 04, 2026 8:21 AM (IST) Posted by Amar Deep
बहरामपुर में कांग्रेस आगे
बहरामपुर सीट पर कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है। इस सीट पर कांग्रेस के अधीर रंजन चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा रघुनाथगंज और फरक्का से TMC आगे चल रही है।
-
May 04, 2026 8:13 AM (IST) Posted by Amar Deep
माथाभंगा और अलीपुरद्वार में बीजेपी आगे
पश्चिम बंगाल के माथाभंगा सीट पर बीजेपी आगे चल रही है। वहीं अलीपुरद्वार से भाजपा आगे है। इसके अलावा चोपड़ा और इस्लामपुर से टीएमसी आगे है।
-
May 04, 2026 8:12 AM (IST) Posted by Amar Deep
14 सीटों पर बीजेपी आगे
पश्चिम बंगाल में जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में बीजेपी 14 जबकि टीएमसी 11 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं कांग्रेस भी एक सीट पर आगे है।
-
May 04, 2026 8:07 AM (IST) Posted by Amar Deep
शुरुआती रुझानों में बीजेपी आगे
पश्चिम बंगाल में जारी मतगणना के पहले रुझान आने शुरू हो गए हैं। यहां बीजेपी आगे निकलती हुई दिख रही है। शुरुआती रुझानों में बीजेपी 7 जबकि टीएमसी 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
-
May 04, 2026 8:01 AM (IST) Posted by Amar Deep
293 सीटों पर शुरू हुई मतगणना
पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना शुरू हो गई है। यहां फलता विधानसभा सीट को छोड़कर सभी सीटों पर आज ही मतगणना हो रही है। दोपहर के बाद सीटों के नतीजे भी सामने आने शुरू हो जाएंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच पश्चिम बंगाल में मतगणना हो रही है।
-
May 04, 2026 7:51 AM (IST) Posted by Amar Deep
वामपंथी दलों ने किया अच्छा प्रदर्शन: बिकाश रंजन भट्टाचार्य
जादवपुर निर्वाचन क्षेत्र से CPI(M) के उम्मीदवार बिकाश रंजन भट्टाचार्य ने कहा, "आज परिणाम का दिन है। मुझे उम्मीद है कि इस बार वामपंथी दलों ने अच्छा प्रदर्शन किया होगा, बदलाव होना चाहिए। आम जनता सरकार से नाराज है। देखते हैं परिणाम क्या होता है।" फलता में हुए पुनर्मतदान पर उन्होंने कहा, "फाल्टा में भ्रष्टाचार हुआ। इससे पता चलता है कि चुनाव आयोग के अधिकारी भी इसमें शामिल थे। अगर चुनाव आयोग के अधिकारी भी इसमें शामिल हो जाएं, तो हम क्या कह सकते हैं।"
-
May 04, 2026 7:46 AM (IST) Posted by Amar Deep
मतगणना केंद्रों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
मतगणना से पहले सिलीगुड़ी के एक मतगणना केंद्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राज्य में 2026 विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान संपन्न हुआ, जिसमें 2 मई को दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर पुनर्मतदान हुआ। भाजपा उम्मीदवार दुर्गा मुर्मू ने कहा, “यह एक ऐतिहासिक चुनाव था। बंगाल में बदलाव आएगा।”
-
May 04, 2026 7:38 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
लोगों ने जिस भरोसे के साथ वोट दिया है वो पूरा होगा: दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, 'लोगों ने जिस भरोसे के साथ वोट दिया है वो पूरा होगा। बंगाल को भारत के साथ चलना पड़ेगा, बांग्लादेश की तरफ नहीं जाएगा। जनता यहां परिवर्तन चाह रही है। अच्छी संख्या से बीजेपी सरकार बनाएगी।'
-
May 04, 2026 7:33 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा, 'कहीं कोई समस्या नहीं है'
पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती से पहले राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि सभी जगह एक जैसी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा, 'कोई भी मतगणना केंद्र संवेदनशील या असंवेदनशील नहीं है। हर जगह 3 स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के अलावा सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस भी तैनात हैं। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और कहीं कोई समस्या नहीं है।'
-
May 04, 2026 7:25 AM (IST) Posted by Vineet Kumar
अग्निमित्रा पॉल ने कहा, 'सुनामी आने वाली है'
पश्चिम बंगाल की आसनसोल साउथ विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने कहा, 'सुनामी आने वाली है। बंगाल की जनता ने 92% वोट देकर सुनामी बुलाई है।'
-
May 04, 2026 7:20 AM (IST) Posted by Amar Deep
एग्जिट पोल के औसत में बीजेपी ने मारी बाजी
सभी सर्वे का औसत निकालते हुए “पोल ऑफ पोल्स” में TMC+ को 134-142 सीटें, BJP को 141-149 सीटें और अन्य को 4-8 सीटें मिलने का अनुमान है। इन आंकड़ों से साफ है कि पश्चिम बंगाल में मुकाबला बेहद करीबी है और दोनों प्रमुख दलों के बीच सत्ता की लड़ाई कांटे की टक्कर में बदल चुकी है। किसी भी तरफ थोड़ा सा भी वोट बदलाव पूरे चुनाव का नतीजा बदल सकता है। हालांकि ये सभी आंकड़े एग्जिट पोल पर आधारित हैं और अंतिम परिणाम 4 मई को मतगणना के बाद ही साफ होंगे।
-
May 04, 2026 7:14 AM (IST) Posted by Amar Deep
दो सीटों के 15 बूथों पर हुआ पुनर्मतदान
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की डायमंड हार्बर और मगराहाट विधानसभा सीटों पर गड़बड़ी की आशंका के चलते 15 बूथों पर शनिवार 02 मई को फिर से वोटिंग हुई। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चला। मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के चार मतदान केंद्रों पर वोटिंग कुल मिलाकर शांतिपूर्ण तरीके से हुई। चुनावी धांधली की जानकारी मिलने पर निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को इस सीट पर पुनर्मतदान का आदेश दिया था।
-
May 04, 2026 7:06 AM (IST) Posted by Amar Deep
फलता में 21 मई को होगा मतदान
वहीं निर्वाचन आयोग ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन के कारण फलता सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया। निर्वाचन आयोग के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना 24 मई को होगी। उन्होंने कहा, ''फलता विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल को बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर मतदान के दौरान गंभीर चुनावी गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन को देखते हुए, निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि इस सीट के सभी 285 मतदान केंद्र पर नये सिरे से मतदान कराया जाए।''
-
May 04, 2026 7:02 AM (IST) Posted by Amar Deep
सुरक्षा को लेकर लगाए गए बैरिकेड
कोलकाता में कई जगहों पर रोड ब्लॉक कर दी है। बाहरी गाड़ियों को स्पेस नहीं दिया जा रहा है। यहां कई कॉलोनियों के बाहर बैरिकेड लगाया है। कहीं पर कोई हंगामा न हो उसके लिए पूरी तैयारी हो रही है।
-
May 04, 2026 6:55 AM (IST) Posted by Amar Deep
सुभेंदु अधिकारी ने भी किया जीत का दावा
वहीं दूसरी तरफ शुभेंदु अधिकारी ने भी जीत को लेकर हूंकार भरी है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वह भवानीपुर में ममता बनर्जी के खिलाफ जीत हासिल करेंगे। उन्होंने भाजपा की सीटों का भी अनुमान भी बताया। शुभेंदु ने बड़ा दावा करते हुए कहा, "भवानीपुर में मैं 20 हजार से ज्यादा वोटों से जीतूंगा, 8 वार्ड में से 7 में मेरी लीड होगी, 1 में ममता बनर्जी की लीड होगी। पश्चिम बंगाल में भाजपा को 180 सीट से कम नहीं मिलेगा। इसके ऊपर ही रहेगा। आने वाले दिन में बीजेपी की सरकार बन रही है।"
-
May 04, 2026 6:50 AM (IST) Posted by Amar Deep
226 सीटें जीतेगी टीएमसी: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक वीडियो संदेश जारी किया। ममता बनर्जी ने कहा कि TMC 2026 के विधानसभा चुनाव में 226 से ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में मां-माटी-मानुष की सरकार बनाने वाले हैं। ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र ने अपनी पूरी मशीनरी लगा दी लेकिन जीत हमारी होगी। उन्होंने कहा कि 19 राज्यों से भाजपा के नेता बंगाल की जनता को डराने आए थे।
-
May 04, 2026 6:45 AM (IST) Posted by Amar Deep
बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ताओं में झड़प
पश्चिम बंगाल के भाबनीपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित सखावत मेमोरियल स्कूल के काउंटर सेंटर के बाहर भाजपा के मतगणना एजेंटों और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।
-
May 04, 2026 6:33 AM (IST) Posted by Amar Deep
बीजेपी ने झोंक दी पूरी ताकत
चुनाव प्रचार में बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जैसे शीर्ष नेताओं ने भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, घुसपैठ, महिला सुरक्षा और बेरोजगारी के मुद्दों पर टीएमसी पर जमकर हमले किए और कल्याणकारी उपायों का वादा किया।
-
May 04, 2026 6:19 AM (IST) Posted by Amar Deep
टुडेज चाणक्या के एग्जिट पोल का अनुमान
टुडेज चाणक्या के एग्जिट पोल के मुताबिक BJP को 192 सीटों पर जीत मिल सकती है। इसके अलावा टुडेज चाणक्या ने TMC को 100 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। वहीं अन्य दलों को 2 सीटें मिलने की संभावना है।
-
May 04, 2026 6:10 AM (IST) Posted by Amar Deep
आजादी के बाद अबतक सबसे ज्यादा मतदान
पश्चिम बंगाल के पहले चरण में 152 सीटों पर 93.19 फीसदी मतदान हुआ। वहीं दूसरे चरण में 142 सीटों पर 92.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस तरह से दोनों चरण की वोटिंग का प्रतिशत 92.93 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो बंगाल में लोकतांत्रिक भागीदारी की मजबूत तस्वीर पेश करता है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में आजादी के बाद इस बार रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई है।
-
May 04, 2026 5:57 AM (IST) Posted by Amar Deep
मतगणना की तैयारी पूरी
चुनाव आयोग ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं। एक्स पर 159 भाबनीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतगणना कक्ष की तस्वीरें शेयर करते हुए चुनाव आयोग ने लिखा, " मतगणना के लिए सब तैयार है।"
-
May 04, 2026 5:50 AM (IST) Posted by Amar Deep
VVPAT दूसरी जगह मिलने पर लॉकेट चटर्जी ने जताई चिंता
भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा, "कुछ घंटों के बाद हमें नतीजे मिल जाएंगे। पश्चिम बंगाल में भाजपा आ रही है। आज जो नोआपारा का VVPAT दूसरी जगह मिल रहा है। BDO और पुलिस ये लेकर जा रहे थे। हमारे कार्यकर्ताओं ने ये पकड़ लिया है। ये क्यों हुआ? VVPAT कैसे जा रहा है? ये लोग चाहते हैं कि कुछ ऐसा हो जाए जिससे मतगणना रुक जाए। जनता ने अपना फैसला सुना दिया है जो हमारे पक्ष में है।"
-
May 04, 2026 5:39 AM (IST) Posted by Amar Deep
काउंटिंग से पहले ममता ने कार्यकर्ताओं से की अपील
ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं से कहा- "सतर्क रहें। निगरानी रखें। रात भर जागते रहें। शिकायतें दर्ज करें। मुझे विभिन्न स्थानों से रिपोर्ट मिल रही हैं कि जानबूझकर बिजली कटौती की जा रही है। हुगली के सेरामपुर, नादिया के कृष्णानगर, बर्दवान के औसग्राम और कोलकाता के क्षुदिराम अनुशीलन केंद्र तक, ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जहां चरणबद्ध तरीके से बिजली कटौती की जा रही है, सीसीटीवी बंद किए जा रहे हैं और वाहनों का आवागमन स्ट्रांग रूम के अंदर-बाहर हो रहा है।"
सीएम ममता बनर्जी ने कहा- "मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करती हूं, जिस तरह मैं रात भर जागकर हर चीज पर नजर रख रही हूं, आप भी रात भर जागकर स्ट्रांग रूम में जनता के वोटों की रक्षा करें। अगर कोई कहीं भी कोई संदिग्ध स्थिति पैदा करता है, तो उसे घेर लें, तुरंत शिकायत दर्ज करें और सीसीटीवी फुटेज की मांग करें। यह सब भाजपा के इशारे पर किया जा रहा है।"
-
May 04, 2026 5:26 AM (IST) Posted by Amar Deep
ममता बनर्जी ने भवानीपुर के मतगणना एजेंटों के साथ की बैठक
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार शाम भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपनी पार्टी के मतगणना एजेंटों के साथ बैठक की। बनर्जी इस सीट से इस बार भी उम्मीदवार हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू होने से कुछ घंटे पहले यह बैठक हुई। भवानीपुर में बनर्जी का मुख्य मुकाबला भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से है, जिन्होंने 2021 में नंदीग्राम सीट पर उन्हें हराया था। बैठक में TMC नेता और कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम समेत कई नेता मौजूद रहे।
-
May 04, 2026 5:16 AM (IST) Posted by Amar Deep
पांच में से एक एग्जिट पोल में TMC आगे
- MATRIZE के अनुसार TMC+ को 125-140 सीटें, BJP को 146-161 सीटें और अन्य को 6-10 सीटें मिल सकती हैं।
- PEOPLE’S PULSE ने TMC को 177-187 सीटें, BJP को 95-100 सीटें और अन्य को 1-4 सीटें दी हैं।
- P-MARQ के मुताबिक TMC को 118-138 सीटें, BJP को 150-175 सीटें और अन्य को 2-6 सीटें मिलने का अनुमान है।
- पोल डायरी में TMC को 99-127 सीटें, BJP को 142-171 सीटें और अन्य को 5-9 सीटें दिखाई गई हैं।
- चाणक्या स्ट्रेटजी ने TMC को 130-140 सीटें, BJP को 150-160 सीटें और अन्य को 6-10 सीटें दी हैं।
-
May 03, 2026 11:58 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
VVPAT जिला निर्वाचन अधिकारी का बयान आया सामने
सड़क पर मिली वीवीपैट मर्ची मामले पर उत्तरी 24 परगना के जिला निर्वाचन अधिकारी का बयान सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'जांच करने पर पाया गया है कि दिखाई गई VVPAT पेपर पर्चियां मतदान के दिन से पहले किए गए एक मॉक पोल (अभ्यास मतदान) से संबंधित हैं, न कि मतदान के दिन हुए वास्तविक मतदान से। इस मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई के लिए एक औपचारिक शिकायत भी दर्ज करा दी गई है।'
-
May 03, 2026 11:11 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
नोआपारा विधानसभा की VVPAT पर्चियां सड़क पर मिलीं
पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती से ठीक एक दिन पहले, नोआपारा विधानसभा के बूथ नंबर 29 की VVPAT पर्चियां मध्यमग्राम विधानसभा की इछापुर नीलगांज पंचायत के सुभाषनगर में फेंकी हुई मिलीं।
इस सीट से CPIM की उम्मीदवार गार्गी चटर्जी और पुलिस मौके पर पहुंचे। इस सीट से TMC के त्रिनांकुर भट्टाचार्य और BJP के अर्जुन सिंह भी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। -
May 03, 2026 10:13 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
महिला-पुरुष का वोट किस पार्टी को जाने की उम्मीद
MATRIZE के एग्जिट पोल के मुताबिक, 40 प्रतिशत पुरुष टीएमसी के साथ जबकि 44 प्रतिशत पुरुषों का वोट बीजेपी को जाने की संभावना है। वहीं, महिला वोटर्स में 44 प्रतिशत महिला वोट टीएमसी को जबकि 41 प्रतिशत महिला वोट बीजेपी को मिलने की संभावना जताई गई है।
-
May 03, 2026 9:35 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
बंगाल में दो चरणों में हुआ चुनाव
बता दें कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न कराए गए। पहले चरण के तहत 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग हुई थी। वहीं दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग कराई गई। हालांकि बाद में 15 बूथों पर पूर्नमतदान कराया गया। वहीं अब विवाद के बाद एक सीट पर 21 मई को मतदान होगा।
-
May 03, 2026 8:59 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
सनातन की रक्षा करेगी आने वाली सरकार- शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष (LoP) और नंदीग्राम तथा भवानीपुर से बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'मैंने लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की। ईश्वर हमारे साथ हैं। एक ऐसी सरकार आने वाली है जो सनातन धर्म के हितों की रक्षा करेगी।'
फालता विधानसभा क्षेत्र में दोबारा मतदान (repolling) को लेकर TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के ट्वीट पर उन्होंने कहा, 'यह उनके अहंकार को दर्शाता है। यह तरीका काम नहीं करेगा। इस देश में अंततः हर बार लोकतंत्र की ही जीत होती है। उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही स्थितियां थीं। बीजेपी के सत्ता में आने के बाद वहां 'जंगल राज' बहुत पहले ही खत्म हो गया था। 20 साल पहले बिहार में भी जबरदस्त 'जंगल राज' था। वहां की जनता ने उसे भी खत्म कर दिया था।'
-
May 03, 2026 8:21 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
जानिए MATRIZE के एग्जिट पोल का अनुमान
दोनों चरणों का चुनाव होने के बाद कई एग्जिट पोल में भाजपा की सरकार बनने की संभावना जताई गई है। MATRIZE के एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में भाजपा को 146-161 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस को 125-140 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। MATRIZE ने एग्जिट पोल में अन्य दलों को 06-10 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
-
May 03, 2026 8:04 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
जानिए बंगाल में क्या है बहुमत का आंकड़ा?
बता दें कि पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं। ऐसे में राज्य में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा पार करना जरूरी है। किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए बहुमत के जादुई आंकड़े 148 को पार करना होगा। पश्चिम बंगाल में 148 सीटें जीतने पर सरकार बन सकती है।
-
May 03, 2026 7:16 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
सुरक्षा के तीन स्तरीय इंतजाम
कल होने वाली काउंटिंग को लेकर बंगाल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, 'सुरक्षा के लिए तीन-स्तरीय इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस, राज्य सशस्त्र पुलिस और CAPF तैनात रहेंगे। सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे हो चुके हैं। हॉल के बाहर CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। सभी जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। अगर कोई भी लापरवाही होती है, तो कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा बलों, CAPF, सभी को पूरी जानकारी दे दी गई है।'
-
May 03, 2026 6:19 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
सीआरपीएफ के डीजी ने खुद स्ट्रॉन्ग रूम का किया निरीक्षण
चुनावी नतीजों से पहले बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। CRPF के DG ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और CRPF के SDG (विशेष महानिदेशक) वितुल कुमार ने कल होने वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की मतगणना से पहले, नेताजी इंडोर स्टेडियम स्थित स्ट्रॉन्ग रूम और उसके आस-पास के इलाकों का निरीक्षण किया। इसमें फलता विधानसभा सीट शामिल नहीं है, जहां 21 मई, 2026 को दोबारा मतदान होगा।
-
May 03, 2026 5:30 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
वोटों की गिनती में नहीं होगी अनियमितता- पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता
पश्चिम बंगाल में विशेष मतदाता सूची (SIR) पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने कहा, 'हम पूरी तरह से तैयार हैं। वोटों की चोरी की कोई संभावना नहीं है। वोटों की गिनती में कोई अनियमितता नहीं होगी।' सुरक्षा के इंतजाम पूरे हो चुके हैं। गिनती के लिए सभी को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसमें केंद्र सरकार के कर्मचारी होंगे और कुछ राज्य सरकार के कर्मचारी भी होंगे। इसमें कोई अनियमितता नहीं होगी।'
-
May 03, 2026 4:44 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
'जैसे हम युद्ध के मैदान में आ गए हों', ऐसा क्यों बोले TMC उम्मीदवार
पश्चिम बंगाल की कल 293 सीटों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पर बालीगंज विधानसभा सीट से TMC उम्मीदवार शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा, 'जब हम वहां जाते हैं तो ऐसा लगता है जैसे हम युद्ध के मैदान में आ गए हों। वहां सिर्फ पुलिस और CRPF ही मौजूद हैं। यह सब हमें डराने के लिए किया जा रहा है लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि बंगाल किसी से नहीं डरता है।'
इसके साथ ही फाल्टा विधानसभा में दोबारा मतदान (repolling) को लेकर उन्होंने कहा, 'मैंने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा कि पूरी की पूरी विधानसभा सीट पर दोबारा मतदान हो रहा हो।'
-
May 03, 2026 4:08 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
बंगाल में बीजेपी सरकार बनाने की स्थिति में नहीं- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष और श्रीरामपुर विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार शुभंकर सरकार ने कहा, 'मेरा मानना है कि लोकतंत्र के लिए यह एक अहम दिन है। छह महीनों तक, चुनाव आयोग ने इसे कमजोर करने की कोशिश की, फिर भी बंगाल की जनता ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए धैर्य और जिम्मेदारी दिखाई। आने वाले दिनों में बंगाल निश्चित रूप से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करेगा और ऐसी सरकार बनाएगा जो जनता की सेवा करे।'
इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, 'कांग्रेस की ओर से मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि भविष्य में कांग्रेस ही एकमात्र सच्चा विकल्प बन सकती है, किसी अन्य पार्टी की तरह नहीं। बंगाल में बीजेपी सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है और TMC भी अनिश्चितता का सामना कर रही है। चुनाव आयोग भले ही बार-बार अधिकारियों को बदल दे, लेकिन उसके खिलाफ शिकायतें बनी रहती हैं।सवाल यह है कि उसे जवाबदेह कौन ठहराएगा?'
-
May 03, 2026 3:30 PM (IST) Posted by Dhyanendra Chauhan
बेहतर रहेंगे नतीजे- टीएमसी उम्मीदवार श्रेया पांडे
पश्चिम बंगाल में कल वोटों की गिनती की जाएगी। बीजेपी और टीएमसी के बीच तगड़ी फाइट मानी जा रही है। इस बीच, पश्चिम बंगाल की मानिकतला विधानसभा क्षेत्र से TMC उम्मीदवार श्रेया पांडे ने कहा, 'नतीजे बेहतर होंगे। वे (बीजेपी) डायमंड हार्बर निर्वाचन क्षेत्र को छू भी नहीं सकते। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में 242 अतिरिक्त पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। फिर भी चिंताएं बनी हुई हैं। लॉकर रूम में CCTV कैमरों की गैर-मौजूदगी को लेकर आरोप लगाए गए थे। इससे पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं।'
-
May 03, 2026 3:02 PM (IST) Posted by Amar Deep
293 सीटों पर होगी मतगणना
पश्चिम बंगाल में दोनों चरणों का चुनाव होने के बाद सोमवार को मतगणना की जाएगी। सुबह 8 बजे से ही मतगणना शुरू हो जाएगी। इसके लिए मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। राज्य की 293 सीटों पर मतगणना होनी है। राज्य में चुनाव को शांतिपूर्ण बनाने के लिए लाखों की संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी।