1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल चुनाव: फलता सीट का मतदान रद्द, सभी मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर से वोटिंग के आदेश; EC का बड़ा फैसला

पश्चिम बंगाल चुनाव: फलता सीट का मतदान रद्द, सभी मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर से वोटिंग के आदेश; EC का बड़ा फैसला

 Reported By: Onkar Sarkar Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 02, 2026 10:20 pm IST,  Updated : May 02, 2026 11:50 pm IST

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान का आदेश दिया है। यह आदेश शनिवार को मतदान के दौरान चुनावी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने की घटनाओं के बाद दिया गया।

बंगाल मतदान की तस्वीर। फाइल- India TV Hindi
बंगाल मतदान की तस्वीर। फाइल Image Source : PTI

कोलकाताः चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट का मतदान रद्द कर दिया है। चुनाव आयोग ने फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान के आदेश जारी किए हैं। 21 मई को फिर से वोटिंग होगी और 24 मई को इस सीट के रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। यहां पर दोबारा मतदान 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच होगा। 

फलता में 6 उम्मीदवार लड़ रहे हैं चुनाव

फलता में कुल 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। टीएमसी से जहांगीर खान, बीजेपी से दिबांगशु पांडा, कांग्रेस से अब्दुर रज्जाक मोल्ला और सीपीआई एम से संभु नाथ चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा दो निर्दलीय भी चुनाव लड़ रहे हैं।

चुनाव आयोग को मिली थी गड़बड़ी की शिकायत

बीजेपी ने फलता में पूरी तरह से दोबारा मतदान की मांग की थी। 144-फलता विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल 2026 को बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर मतदान के दौरान हुई गंभीर चुनावी अनियमितताओं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने की घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए चुनाव आयोग ने निर्देश दिया कि सभी 285 मतदान केंद्रों (सहायक मतदान केंद्रों सहित) पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच होगा और वोटों की गिनती 24 मई 2026 को की जाएगी।

दूसरे चरण के मतदान के दौरान फलता निर्वाचन क्षेत्र के कई बूथों पर गड़बड़ी की शिकायतें आई थी। देबीपुर (बूथ संख्या 177) पर विवाद और गहरा गया, जहां बीजेपी उम्मीदवार दिबांगशु पांडा और कई मतदाताओं ने आरोप लगाया था कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVMs) पर BJP के बटन को सफेद टेप से ढक दिया गया था, जिससे मतदाता पार्टी का चयन नहीं कर पा रहे थे। बीजेपी ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की थी। 

तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर धमकी देने के आरोप

इससे पहले शनिवार को फलता में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों की खबरें आईं, जहाँ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं से धमकियां मिल रही हैं। 

डायमंड हार्बर और मगराहाट के 15 बूथों पर शनिवार को हुई वोटिंग

इससे पहले चुनाव आयोग ने शुक्रवार को डायमंड हार्बर और मगराहाट के कई बूथों पर फिर से मतदान का आदेश दिया था। आयोग के आदेश के बाद शनिवार को डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम के 15 मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान हुआ। बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में संपन्न हुए थे। शेष सीटों के लिए वोटों की गिनती 4 मई को होगी।

ये भी पढ़ेंः प्रत्याशी जहांगीर खान की सीट फलता में सड़क पर उतरे वोटर, TMC नेताओं पर लगाया धमकाने का आरोप; जानें क्या-क्या बताया

West Bengal Repolling: बंगाल में दो सीटों के 15 बूथों पर दोबारा मतदान हुआ, 90 फीसदी मतदाताओं ने डाला वोट

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।