1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पानागढ़ में ट्रक के पीछे मिला ट्रैफिक जवान का शव, सर्विस रिवॉल्वर से खुदकुशी की आशंका, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

पानागढ़ में ट्रक के पीछे मिला ट्रैफिक जवान का शव, सर्विस रिवॉल्वर से खुदकुशी की आशंका, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

 Published : Nov 04, 2026 03:08 pm IST,  Updated : Nov 04, 2026 03:08 pm IST

पश्चिम बंगाल के कांकसा ट्रैफिक गार्ड के एक पुलिसकर्मी ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से सिर में गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक घटना मंगलवार रात पानागढ़ बाईपास स्थित 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।

ट्रक के पीछे पुलिसकर्मी का शव बरामद- India TV Hindi
ट्रक के पीछे पुलिसकर्मी का शव बरामद Image Source : INDIA TV

पश्चिम बंगाल के कांकसा ट्रैफिक गार्ड के एक पुलिसकर्मी ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से सिर में गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार रात पानागढ़ बाईपास स्थित 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। मृतक की पहचान संजय जाना के रूप में हुई है। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

ट्रक के पीछे अचेत पड़े मिले पुलिसकर्मी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अन्य दिनों की तरह मंगलवार रात भी संजय जाना ड्यूटी पर तैनात थे। वह अपने सहकर्मियों के साथ सड़क किनारे खड़े ट्रकों को हटाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान उनके सहकर्मियों ने एक ट्रक के पीछे उन्हें अचेत अवस्था में पड़ा देखा।

पास जाकर देखने पर पता चला कि घटनास्थल पर काफी खून फैला हुआ था और उनके सिर में गोली लगी थी। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें वहां से निकालकर दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके का निरीक्षण किया। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पुलिसकर्मी ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना की जांच कर रही है।

डीजीपी/डीसीपी ट्रैफिक ने जांच को लेकर कही यह बात

आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस ट्रैफिक जाधवराव अविनाश भीमराव ने इस मामले पर बताया कि जांच प्रक्रिया चल रही है किस कारण से यह घटना घटी है अभी फिलहाल हम लोग जांच शुरू किए हैं पारिवारिक स्थिति के कारण हुई है या फिर कोई अन्य कारण है अभी प्राथमिक रूप से जांच चल रही है इस पर हम लोग और कोई टिप्पणी नहीं करेंगे जब तक पूरी जांच नहीं हो रही है अभी उनकी अंतिम शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है उसके बाद उनके परिवार के लोगों को सौप जाएगा और तब सभी पहलुओं पर जांच शुरू की जाएगी एवं परिवार से भी इस विषय पर बात किया जाएगा।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ें-

जामुड़िया के बाद अब रानीगंज में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 1.60 किलो गांजा बरामद; एक गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।