जामुड़िया के बाद अब पश्चिम बंगाल के रानीगंज इलाके में भी गांजा तस्करी का मामला सामने आया है। मंगलवार की रात आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के रानीगंज थाना के अंतर्गत निमचा पुलिस फांड़ी की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब एक लाख रुपये मूल्य का 1 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने 48 वर्षीय योगिंदर भगत को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी बाहर से गांजा लाकर दूसरे स्थान पर तस्करी करने की तैयारी में था। इसकी सूचना मिलने के बाद निमचा पुलिस फांड़ी की आईसी एलएसआई नासरीन सुल्ताना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर सबसे पहले योगिंदर भगत को हिरासत में लिया।
1 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने घर के पास स्थित एक परित्यक्त मकान में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा है। इसके बाद पुलिस आरोपी को साथ लेकर उक्त मकान में पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान मकान के अंदर रखी कई प्लास्टिक की बाल्टियों से गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा करीब 1 किलो 600 ग्राम पाई गई।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की आगे की जांच और पूछताछ के लिए आरोपी की सात दिनों की पुलिस रिमांड की मांग करेगी। बताया जाता है कि आरोपी योगिंदर भगत इससे पहले भी आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के जामुड़िया इलाके में गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। इसके बावजूद एक बार फिर कथित तौर पर गांजा तस्करी में उसकी संलिप्तता सामने आई है।
पूछताछ जारी
गौरतलब है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत निमचा इलाके में पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाता था और किन-किन इलाकों में इसकी तस्करी करने की योजना बना रहा था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस प्रशासन का बयान
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी सेंट्रल ध्रुव दास ने इस संबंध में बताया, 'हमारी ओर से लगातार विभिन्न जगहों पर नाका चेकिंग और छापेमारी की जा रही है। इसी का नतीजा है कि हमने कल जामुड़िया और आज रानीगंज इलाके से बरामदगी की है। हम यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस पूरे गैंग पर शिकंजा कसने की हमारी पूरी तैयारी है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।'
(बिज्जू मंडल की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें:
घर खाली मिलते ही चोरों का धावा, एक ही मकान में तीन बार चोरी से मचा हड़कंप; CCTV में कैद हुई वारदात