West Bengal Repoll 2026: पश्चिम बंगाल में सियासी पारा हाई है। दो चरणों की वोटिंग के बाद पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं, तो इस बीच पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया। इस दौरान 90 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर, इन दोनों सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया था। मगराहाट वेस्ट के 11 और डायमंड हार्बर के 4 पोलिंग बूथों पर फिर वोट डाले गए।
दरअसल, चुनाव आयोग को 77 पोलिंग सेंटर्स पर री-पोल कराने की रिक्वेस्ट मिली थी। आरोप था कि कुछ बूथों पर EVM से छेड़छाड़ की गई है और कुछ जगह EVM में गड़बड़ी की शिकायत थी, जिसे लेकर इलेक्शन ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट आने के बाद चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की 2 सीटों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया। इन 15 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग हुई।
डायमंड हार्बर में 4 पोलिंग बूथों पर री-पोलिंग हुई। इसमें बूथ नंबर- 117, बूथ नंबर- 179, बूथ नंबर- 194 और बूथ नंबर- 243 शामिल हैं। वहीं, मगराहाट वेस्ट में 11 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान हुआ। इनमें बूथ नंबर- 46, बूथ नंबर- 126, बूथ नंबर- 127, बूथ नंबर- 128, बूथ नंबर- 142, बूथ नंबर- 214, बूथ नंबर- 215, बूथ नंबर- 216, बूथ नंबर- 230, बूथ नंबर- 231 और बूथ नंबर- 232 हैं। पश्चिम बंगाल में इससे पहले भी 90 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ था और दोबारा वोटिंग होने पर भी 90 फीसदी मतादाओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।