1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. EXCLUSIVE: TMC ऑफिस से बरामद हुई लाठियां और सफेद कफननुमा कपड़े, लाठी पर लिखे थे BJP वर्कर्स के नाम

EXCLUSIVE: TMC ऑफिस से बरामद हुई लाठियां और सफेद कफननुमा कपड़े, लाठी पर लिखे थे BJP वर्कर्स के नाम

पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले में तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय से लाठियां और सफेद कफननुमा कपड़ा बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या राज्य में चुनाव के बाद हिंसा की तैयारी थी।

West bengal tmc office stick and white clothes record- India TV Hindi
Image Source : REPORTER टीएमसी ऑफिस से बरामद हुईं लाठियां।

पश्चिम बंगाल के बर्धमान से एक डरा देने वाली खबर सामने आई है। बर्धमान नगर निगम के 21 नंबर वार्ड स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय से शुक्रवार को भारी मात्रा में मोटी लाठियां और सफेद कपड़ा (थान) बरामद किया गया है। इन चीजों के बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि TMC ऑफिस से बरामद की गई लाठियों पर कथित तौर पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम लिखे हुए थे। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि कहीं इलाके में चुनाव के परिणाम के बाद हिंसा की तैयारी तो नहीं थी।

बरामदगी के बाद भड़का लोगों का गुस्सा

TMC ऑफिस से बड़ी संख्या में लाठियों और सफेद कपड़े मिलने की घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पार्टी कार्यालय की तलाशी के दौरान लाठियों के साथ बड़ी मात्रा में सफेद कपड़ा भी मिला, जिसका उपयोग आमतौर पर अंतिम संस्कार संबंधी कार्यों में किया जाता है।

Image Source : Reporterटीएमसी ऑफिस से मिला सफेद कपड़ा।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई सुरक्षा को लेकर चिंता

तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में मिली लाठियों पर जिन भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम कथित तौर पर लाठियों पर लिखे मिले, उन्होंने इस घटना पर गहरी चिंता और नाराजगी व्यक्त की है। उनका आरोप है कि चुनाव परिणाम आने के बाद उन्हें निशाना बनाने की साजिश रची गई थी। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

स्थानीय नेताओं पर लगाए गए आरोप

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के कुछ तृणमूल नेताओं और वार्ड पार्षद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि इलाके में पहले भी राजनीतिक हिंसा और भय का माहौल बनाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। वहीं, संबंधित नेताओं की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पुलिस ने जब्त किया सामान, जांच शुरू

पुलिस और केंद्रीय बलों ने मौके से बरामद लाठियों और सफेद कपड़ों को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि पार्टी कार्यालय के भीतर मौजूद कुछ अलमारियां और संदिग्ध बक्से अभी तक नहीं खोले जा सके हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बरामद सामग्री की सत्यता तथा उसके उद्देश्य का पता लगाने का प्रयास कर रही है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि यदि जांच में किसी प्रकार की साजिश या गैरकानूनी गतिविधि सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पूरे मामले की जांच बर्धमान थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। (रिपोर्ट: बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ें- बंगाल पुलिस ने हाफ पैंट में पूरे शहर में कराया परेड, ये क्या हाल हो गया जहांगीर खान का-देखें वीडियो

VIDEO: बंगाल में नोटों से भरा पड़ा था स्कूल का बंद कमरा, पुलिस भी रह गई दंग, मशीनों से रातभर गिना गया कैश