LIVE: बंगाल की रेजीनगर में BJP उम्मीदवार 15 हजार वोटों से आगे, नंदीग्राम की काउंटिग का क्या है हाल? जानें अपडेट्स
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है। रुझान आने शुरू हो गए हैं, शुरुआती रुझानों में रेजीनगर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार आगे हैं। इस उपचुनाव में बीजेपी के लिए नंदीग्राम सीट पर अपना प्रभाव बनाए रखना अहम है।

आज देश का सियासी माहौल और गर्मा सकता है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 2 सीटों नंदीग्राम और रेजीनगर में आज नतीजे आएंगे। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से जारी है और रुझान आने शुरू हो गए हैं। इस चुनावी संग्राम में बीजेपी, कांग्रेस, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC), बागी TMC गुट, वामदल (CPI-M) और हुमायूं कबीर की AJUP समेत कई प्रमुख दल आमने-सामने हैं। इन सीटों पर 6 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग हुई थी, जिसमें केंद्रीय बलों की 71 कंपनियां तैनात की गई थीं। इस बार पश्चिम बंगाल की इन 2 सीटों का चुनाव दिलचस्प रहा है और इन सीटों पर बंपर वोटिंग भी हुई है। रेजीनगर में 78.42 प्रतिशत वोटिंग हुई है जबकि नंदीग्राम में 79.39 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है।
BJP के लिए क्यों अहम है नंदीग्राम सीट?
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर सबकी नजर है। नंदीग्राम सीट बीजेपी के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी। सीएम शुभेंदु ने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था। भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों जगहों से जीतने के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव हुआ। यहां से बीजेपी ने हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया। वहीं, कांग्रेस ने मिलन प्रधान को मैदान में उतारा।
इसके अलावा रेजीनगर सीट से हुमायूं कबीर की पार्टी की ओर से उनके बेटे गुलाम नबी आजाद को प्रत्याशी बनाया गया। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर के सीट छोड़ने के बाद खाली हुई थी।
Live updates : Nandigram Rejinagar By-Election Results 2026 LIVE
-
October 09, 2026 9:42 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
नंदीग्राम में काउंटिंग स्थल पर पहुंचे SP अंशुमान साहा
नंदीग्राम सीट पर वोटों की गिनती जारी है। पूर्वी मेदिनीपुर के SP अंशुमान साहा भी मौके पर मौजूद हैं। SP ने कहा, ''काउंटिंग वाली जगह पर 500 से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। परिसर के अंदर सुरक्षा की ज़िम्मेदारी CAPF के पास है, जबकि बाहर जिला पुलिस, SAP और DAF के जवान तैनात हैं। पूरे जिले में सुरक्षा जांच, पिकेट और पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। अभी तक कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई खास चिंताजनक जानकारी नहीं मिली है और हमें उम्मीद है कि वोटों की गिनती शांतिपूर्ण ढंग से होगी।''
-
October 09, 2026 9:18 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
रेजीनगर-नंदीग्राम में BJP आगे
शुरुआती रुझानों में रेजीनगर सीट पर बीजेपी उम्मीदवार शखाराव सरकार आगे चल रहे हैं। बीजेपी उम्मीदवार करीब 6,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, नंदीग्राम में भी बीजेपी उम्मीदवार हासीरानी रथ आगे चल रही हैं। हासीरानी रथ, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मृतक PA चंद्रनाथ रथ की मां हैं।
6 मई 2026 को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद शुभेंदु अधिकारी के उस समय के PA चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
-
October 09, 2026 9:12 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
2021 में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया
पश्चिम बंगाल के हालिया इतिहास में नंदीग्राम का 2021 का विधानसभा चुनाव परिणाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। ममता बनर्जी मौजूदा मुख्यमंत्री थीं और वोटों की दोबारा गिनती के बाद नतीजे घोषित किए गए।
- बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी: 1,10,764 वोट, 48.49 प्रतिशत
- AITC उम्मीदवार ममता बनर्जी: 1,08,808 वोट, 47.64 प्रतिशत
- जीत का अंतर: 1,956 वोट, 0.85 प्रतिशत
-
October 09, 2026 9:08 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
नंदीग्राम उपचुनाव का इतिहास
नंदीग्राम में 2009 का उपचुनाव भी इस्तीफ़े की वजह से हुआ था। ऐसा पहली बार नहीं है जब नंदीग्राम में किसी मौजूदा सदस्य के पद छोड़ने की वजह से उपचुनाव हुआ हो। भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच CPI विधायक शेख मोहम्मद इलियास ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार फिरोजा बीबी जीती थीं।
-
October 09, 2026 8:45 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
सत्ता में आने के बाद BJP की पहली चुनावी परीक्षा
सुबह 8 बजे से नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनावों के लिए वोटों की गिनती जारी है। मई में पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने के बाद बीजेपी के लिए यह पहली चुनावी परीक्षा है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है, उसके बाद EVM वोटों की गिनती होगी। हर सीट पर यह प्रक्रिया 15 राउंड में पूरी होगी।
-
October 09, 2026 8:02 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
नंदीग्राम-रेजीनगर सीट पर वोटों की गिनती शुरू
नंदीग्राम और रेजीनगर में आज नतीजे आएंगे। कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की काउंटिंग शुरू हो गई है। कुछ ही देर में रुझान आने लगेंगे।
-
October 09, 2026 6:54 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
मतगणना केंद्र पर कई तरह के प्रतिबंध और निषेधाज्ञा लागू
रेजीनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती के दौरान तनाव और हिंसा की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने मतगणना केंद्र पर कई तरह के प्रतिबंध और निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
आज आने वाले इन नतीजों से पश्चिम बंगाल के मौजूदा राजनीतिक रुख का अंदाजा मिलने की संभावना है, जहां बीजेपी ने 15 साल तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को हटाकर सरकार बनाई है।
-
October 09, 2026 6:52 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
नंदीग्राम-रेजीनगर में कितना हुआ मतदान?
चुनाव आयोग के अनुसार, इन दोनों सीटों पर लगभग 79 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। अधिकारी ने बताया कि वोटिंग शांतिपूर्ण रही, हालांकि कुछ छिटपुट अप्रिय घटनाओं की भी खबर मिली। पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में वोटिंग का प्रतिशत 79.39 रहा, जबकि मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में शाम 5 बजे तक 78.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
-
October 09, 2026 6:50 AM (IST) Posted by Khushbu Rawal
सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती
नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजों के लिए सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू होगी। थोड़ी देर बाद रुझान आने लगेंगे। नंदीग्राम में TMC प्रत्याशी संचिता प्रधान डे के नाम वापस लेने के बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस के मिलन प्रधान को समर्थन दिया यानी BJP के खिलाफ इस बार TMC नहीं, कांग्रेस का प्रत्याशी है।