पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पानागढ़ में वायुसेना स्टेशन के पास कथित रूप से सीसीटीवी कैमरा लगाकर एयरबेस के अंदर की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग किए जाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गैरेज मालिक मुन्ना पंडित और कैमरा इंस्टॉल करने वाले संदीप दुबे शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और फिलहाल पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, एयरफोर्स स्टेशन की सीमा से करीब 10 मीटर दूर एक लंबे पाइप के सहारे सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था। आरोप है कि पिछले कई महीनों से इस कैमरे के जरिए एयरबेस के भीतर की गतिविधियों की तस्वीरें रिकॉर्ड की जा रही थीं। कुछ दिन पहले यह मामला वायुसेना अधिकारियों की नजर में आया, जिसके बाद इसकी सूचना कांकसा थाना पुलिस को दी गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कैमरा जब्त कर जांच शुरू की।
जांच में क्या सामने आया?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैमरा कथित रूप से एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार और अंदरूनी हिस्सों की ओर केंद्रित था तथा 360 डिग्री तक घूम सकता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लिया गया। गुरुवार को आरोपियों से पूछताछ और मामले की जांच के लिए पुलिस अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। अधिकारियों के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कैमरा किस उद्देश्य से लगाया गया था और रिकॉर्ड किए गए फुटेज का उपयोग कैसे किया जा रहा था।
सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ी
गौरतलब है कि इससे पहले भी पानागढ़ और कांकसा क्षेत्र से सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कुछ संवेदनशील मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। ऐसे में सैन्य दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में इस तरह की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुधवार को पुलिस गैरेज पहुंची और वहां से सीसीटीवी कैमरा हटाकर अपने साथ ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। (रिपोर्ट: बिजू मंडल)
ये भी पढ़ें- मालदा में SIR के दौरान हिंसा करने वालों पर शिकंजा, NIA ने मौलाना इमरान और रिंकू को किया गिरफ्तार; जानें पूरा मामला
Video: डर के मारे बेड के नीचे छिपा TMC नेता, कट मनी वापस मांग रहे लोगों ने घेरा, पुलिस ने बचाया