पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्हें बड़ी सलाह दे दी है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि ममता बनर्जी को घर पर आराम करना चाहिए और चुनावी राजनीति से दूर रहना चाहिए। दरअसल, बुधवार को हाल ही में राज्य की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले हासिरानी रथ और सखारोव सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम के बाद सीएम शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को लेकर ये बयान दिया है।
क्या बोले सीएम शुभेंदु?
सीएम शुभेंदु बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान खुद विधानसभा में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में शपथ ग्रहण समारोह और विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण होता है। जबकि TMC की सरकार के दौरान ऐसा नहीं होता था। इस दौरान सीएम शुभेंदु ने पूर्व सीएम और टीएमसी की प्रमुख ममता बनर्जी पर निशाना साधा। सीएम शुभेंदु ने कहा- ''मैंने दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट पर उन्हें (ममता बनर्जी को) हराया था। मैं उनसे अनुरोध करूंगा कि अब और चुनाव न लड़ें। आपकी उम्र 75 साल से अधिक हो चुकी है। चुनावी मैदान में उतरने की जरूरत नहीं है, घर पर आराम करें।''
सीएम शुभेंदु ने चंद्रनाथ की हत्या का जिक्र किया
आपको बता दें कि नंदीग्राम सीट से जीत हासिल करने वाली हासिरानी रथ शुभेंदु अधिकारी के पूर्व पीएम चंद्रनाथ रथ की मां हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के कुछ ही दिन बाद चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी। कार्यक्रम के दौरान सीएम शुभेंदु ने इस मामले को लेकर बात की। उन्होंने कहा- ''चंद्रनाथ को सिर्फ इसलिए मार दिया गया था, क्योंकि वह मेरे सहयोगी थे। CBI इस मामले में सुपारी लेकर हत्या करने वालों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब बस यह पता लगाना बचा हुआ है कि सुपारी देकर हत्या कराने के लिए दिए गए 2 करोड़ रुपये कहां से आए थे? क्या सुपारी के लिए यह रकम कैमक स्ट्रीट, कालीघाट या डायमंड हार्बर से आई थी? इस बात का पता चलने के बाद मामले की जांच पूरी हो जाएगी।'' आपको बता दें कि कैमक स्ट्रीट TMC के सांसद अभिषेक बनर्जी का ऑफिस है जबकि कालीघाट पूर्व सीएम ममता बनर्जी का निवास स्थान हैं। इसके अलावा डायमंड हार्बर अभिषेक बनर्जी का लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र है। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के खिलाफ कोलकाता पुलिस का कड़ा एक्शन, ED दफ्तर से किया अरेस्ट; जानें क्या है मामला
पश्चिम बंगाल के CM ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की जमकर तारीफ की, गंगा सागर को रेलवे मैप में जोड़ने की बात उठाई