1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. शुभेंदु अधिकारी के जिस PA की हुई थी हत्या, उनकी मां ने नंदीग्राम में रच दिया इतिहास, 1,22,753 वोटों से जीता चुनाव

शुभेंदु अधिकारी के जिस PA की हुई थी हत्या, उनकी मां ने नंदीग्राम में रच दिया इतिहास, 1,22,753 वोटों से जीता चुनाव

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Oct 09, 2026 05:09 pm IST,  Updated : Oct 09, 2026 06:35 pm IST

बंगाल के नंदीग्राम में भाजपा ने जीत का परचम लहरा दिया है। नंदीग्राम में BJP उम्मीदवार हंसीरानी रथ ने कांग्रेस प्रत्याशी को 1,22,753 वोटों से हरा दिया है। आइए जानते हैं चुनाव परिणाम के बारे में।

west bengal Nandigram by-election result- India TV Hindi
नंदीग्राम में भाजपा की बड़ी जीत। Image Source : REPORTER/PTI

निर्वाचन आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हासिरानी रथ ने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को 1,22,753 वोट से हराया। आपको बता दें कि नंदीग्राम विधानसभा सीट के इतिहास में इतनी बड़ी जीत किसी भी उम्मीदवार को नहीं मिली है। नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी। उन्होंने इसी साल हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में दो सीटों नंदीग्राम और कोलकाता की भवानीपुर से जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम सीट से इस्तीफा दे दिया था।

कौन-कौन था उम्मीदवार?

बीजेपी ने इस सीट पर हंसीरानी रथ को टिकट देकर मैदान में उतारा था। ममता बनर्जी ने इस सीट से किसी उम्मीदवार को नहीं उतारा था और कांग्रेस के प्रत्याशी मिलन प्रधान को समर्थन दिया था। वहीं, CPIM की ओर से शांतिगोपाल गिरि चुनाव मैदान में थे। अब हंसीरानी रथ ने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को 1,22,753 वोट से हरा दिया है। आपको बता दें कि हसिरानी रथ सीएम शुभेंदु अधिकारी के पूर्व PA चंद्रनाथ रथ की मां हैं। चंद्रनाथ रथ की 4 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

नंदीग्राम की सीट क्यों थी अहम?

नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पारंपरिक सीट मानी जाती है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में शुभेंदु अधिकारी ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने 2021 के चुनाव में इस सीट से ममता बनर्जी को भी हराया था। इस बार भवानीपुर सीट रखने के लिए सीएम शुभेंदु ने नंदीग्राम छोड़ दिया था। TMC ने जिसे प्रत्याशी बनाया था उन्होंने चुनाव से पहले नाम वापस ले लिया। इसके बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस के मिलन प्रधान को समर्थन दिया था। ममता के समर्थन के कुछ घंटे बाद कांग्रेस कैंडिडेट को अरेस्ट कर लिया गया था। इसके बाद हाई कोर्ट ने मिलन प्रधान को चुनाव लड़ने के लिए 21 अक्टूबर तक जमानत दी थी।

क्या रहा चुनाव का परिणाम?

आपको बता दें कि नंदीग्राम विधानसभा सीट पर वोटिंग 3 अक्तूबर को हुई थी। चुनाव में 79.39 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई थी। वहीं, चुनाव के परिणाम आज शुक्रवार 9 अक्टूबर को जारी हुए। सभी 17 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा की हसीरानी रथ को 1,64,427 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 1,22,753 वोटों के बड़े अंतर से हराया। कांग्रेस के मिलन प्रधान को 41,674 वोट मिले, जबकि CPI उम्मीदवार शांति गोपाल गिरि 5,779 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

ये भी पढ़ें- उपचुनाव में BJP की जीत पर स्मृति ईरानी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, बोलीं- 'भीड़तंत्र को लोकतंत्र ने दिया जवाब'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।