1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बेटे को बचाने झरने में कूदी मां, बहा ले गया तेज बहाव, अब तक नहीं मिला सुराग; पिता ने 7 साल के मासूम को खींचकर निकाला

बेटे को बचाने झरने में कूदी मां, बहा ले गया तेज बहाव, अब तक नहीं मिला सुराग; पिता ने 7 साल के मासूम को खींचकर निकाला

झाड़ग्राम के घाघरा झरने पर शनिवार को घूमने पहुंचे एक परिवार के साथ हादसा हुआ। सात साल के बच्चे के पानी में गिरने के बाद उसे बचाने की कोशिश में उसकी मां तेज बहाव में बह गई, जिसके बाद उसकी तलाश जारी है।

jhargram waterfall tragedy- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL पश्चिम बंगाल झरना हादसा

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले के घाघरा झरने में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पानी में गिरे अपने सात साल के बेटे को बचाने के लिए एक महिला ने झरने में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आने से वह बह गई। महिला के पति ने भी पानी में उतरकर बेटे और पत्नी को बचाने की कोशिश की। वह बेटे को सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रहे, लेकिन पत्नी को नहीं बचा सके। जानिए क्या है पूरा मामला। 

पर्यटकों का समूह पहुंचा था झाड़ग्राम

पुलिस के मुताबिक, करीब 36 पर्यटकों का एक समूह शनिवार को झाड़ग्राम पहुंचा था। ये लोग जिले के अलग-अलग होटलों में ठहरे हुए थे। दोपहर करीब 12 बजे यह समूह घाघरा झरने पर घूमने गया था।

फोटो खिंचवाते समय हुआ हादसा

इसी दौरान बारुईपुर निवासी प्रीति दत्ता अपने पति राजदीप और सात साल के बेटे के साथ झरने के पास थीं। परिवार के लोग वहां तस्वीरें खिंचवा रहे थे। सब कुछ सामान्य था, तभी अचानक उनका बेटा फिसलकर पानी में गिर गया।

बेटे को बचाने पानी में कूदीं प्रीति

बेटे को पानी में गिरता देखकर प्रीति ने बिना देर किए तुरंत अपने जिगर के टुकड़े को बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। पत्नी के पीछे उनके पति राजदीप भी पानी में उतर गए। पुलिस के मुताबिक, राजदीप एक निजी कंपनी में कर्मचारी हैं।

पिता ने बेटे को बचाया

राजदीप ने काफी कोशिश के बाद किसी तरह खींचकर अपने बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन वह अपनी पत्नी को नहीं बचा सके। पुलिस के अनुसार, प्रीति को तैरना नहीं आता था और पानी का तेज बहाव उन्हें अपने साथ बहा ले गया और अब तक प्रीति का कोई सुराख नहीं मिला है।

तलाश में जुटी पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम

घटना की सूचना मिलते ही बेलपहाड़ी थाने की पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने तलाश अभियान शुरू कर दिया। स्थानीय लोग भी बचाव और खोज अभियान में शामिल हुए। झाड़ग्राम के एसपी मानव सिंगला ने बताया कि घाघरा झरने में हादसा हुआ है। बच्चे को बचा लिया गया है, लेकिन उसकी मां को अब तक नहीं खोजा जा सका है और उसकी तलाश जारी है।

(रिपोर्ट-PTI)

ये भी पढ़ेंः मुर्शिदाबाद के सागरदिघी से विधायक बायरन बिस्वास के घर में लगी भीषण आग, झुलसने से हालत गंभीर