A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बंगाल में TMC नेताओं का भारी विरोध, सौगत रॉय की गाड़ी पर फेंके गए अंडे, बीरभूम में नेता की पिटाई

बंगाल में TMC नेताओं का भारी विरोध, सौगत रॉय की गाड़ी पर फेंके गए अंडे, बीरभूम में नेता की पिटाई

पश्चिम बंगाल में अब टीएमसी के नेताओं को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। टीएमसी सांसद सौगत रॉय के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके गए हैं। इसके बाद उन्हें अपने ही संसदीय क्षेत्र नीमता से जाना पड़ा।

saugata roy car eggs thrown- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV टीएमसी नेताओं पर फूटा जनता का गुस्सा।

पश्चिम बंगाल में आम लोग तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर लगातार हमलावर हैं। TMC के दागी नेता अब अपने क्षेत्र में जाने तक से डर रहे हैं क्योंकि उन्हें लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। अब तक तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं पर हमले भी हुए हैं। इसी क्रम में तृणमूल के सीनियर लीडर और सांसद सौगत रॉय को भी भारी विरोध झेलना पड़ा है।  नॉर्थ 24 परगना के नीमता में सौगत रॉय को भारी विरोध का सामना करना पड़ा है। लोगों ने उनकी गाड़ी पर अंडे भी फेंके हैं।

क्या है पूरा मामला?

नॉर्थ 24 परगना के नीमता में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद सौगत रॉय को अपने ही संसदीय क्षेत्र में विरोध का सामना करना पड़ा। सांसद को देखकर लोग चोर-चोर के नारे लगाने लगे और जब लोगों का गुस्सा इससे भी गुस्सा शांत नहीं हुआ तो कुछ लोगों ने सौगत रॉय की कार पर अंडे फेंक दिए। दरअसल, सौगत रॉय निमता थाने पर TMC कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलों को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे लेकिन उसी समय लोगों ने सौगत रॉय की गाड़ी को घेर लिया और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। TMC का आरोप है कि हंगामा करने वाले सभी बीजेपी कार्यकर्ता थे। 

बीरभूम में TMC नेता की पिटाई

दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के बीरभूम में लोगों ने तृणमूल कांग्रेस के नेता धनजयन की पिटाई कर दी। लंबे समय से वसूली का काम कर रहे धनजयन ने कल जब लोगों से पैसे मांगे तो लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने उसकी जमकर पिटाई की। आरोप है कि वह लोगों को डरा धमकाकर पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा था।

तृणमूल कांग्रेस में अफरा-तफरी मची

इधर, विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस में अफरा-तफरी मची है। पार्टी पार्षद से लेकर सांसद तक बगावती रुख अपनाए हुए हैं। ममता बनर्जी के करीबी सुखेंदु शेखर रॉय पार्टी की हार के लिए पार्टी चीफ पर ही ठीकरा फोड़ रहे हैं। सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा कि  ममता ने आरजी कर रेप और मर्डर कांड के दौरान पब्लिक के गुस्से को समझा होता तो इतना बुरा वक्त नही देखना पड़ता। वहीं, टीएमसी के प्रवक्ता शांतनु सेन ने कहा है कि अब वो पब्लिक फोरम पर पार्टी को डिफेंड नहीं कर सकते। इसलिए उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया है। शांतनु सेन ने ये भी कहा है कि अगर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी चाहें, तो वो RG कर मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य और जानकारियां देने के लिए तैयार हैं।

ये भी पढ़ें- जमीन में दबा हुआ था खजाना, खोदते गए और निकलते गए नोटों के बंडल

बंगाल में ममता बनर्जी को बड़ा झटका, सांसद काकोली घोष ने TMC के सभी पदों से दिया इस्तीफा