A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. तुर्किये में फिर महसूस हुए भूकंप के झटके, जानें कितनी रही तीव्रता

तुर्किये में फिर महसूस हुए भूकंप के झटके, जानें कितनी रही तीव्रता

तुर्किये में फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। पहले भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर पांच के करीब आंकी गई। इसके बाद दो अन्य झटके भी महसूस हुए। हालांकि, इनकी तीव्रता कम थी।

Turkey Earthquake- India TV Hindi
Image Source : X/@GEOTECHWAR तुर्किये में भूकंप

तुर्किये में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 4.9 मैग्नीट्यूड आंकी गई। पहले झटके के बाद दो अन्य झटके भी महसूस किए गए। हालांकि, इनकी तीव्रता कम रही। इस वजह से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। 7 सितंबर 2025 को स्थानीय समय के अनुसार 12:35 बजे भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप का केंद्र 7.7 किलोमीटर की गहराई में था। यह भूकंप बालिकेसिर से 58 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और सिंदरगी से 7 किलोमीटर दक्षिण में पश्चिमी तुर्किये में आया।

तुर्किये में इससे पहले भी भूकंप के झटके आते रहे हैं। इससे देश को खासा नुकसान भी हुआ है। अगस्त के महीने में भी भूकंप के चलते कई इमारतें गिर गई थीं।  तुर्किये में साल 2023 में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 53,000 से अधिक लोग मारे गए थे।

अगस्त में आया था 6.1 तीव्रता का भूकंप

तुर्किये के उत्तर-पश्चिमी प्रांत बालिकेसिर में 10 अगस्त को 6.1 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे करीब एक दर्जन इमारतें ढह गईं थीं। इन इमारतों के ढहने से इनके मलबे में कम से कम दो लोग फंस गए थे। भूकंप का केंद्र सिंदिरगी था और इसके झटके लगभग 200 किलोमीटर दूर इस्तांबुल शहर तक महसूस किये गये, जहां की आबादी 1.6 करोड़ से अधिक है। सिंदिरगी के महापौर सेरकन साक ने तुर्किये के सामचार पत्र ‘हैबरटर्क’ को बताया कि कस्बे में भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गई हैं और यहां से चार लोगों को बचा लिया गया है, जबकि बचावकर्मी दो अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पास के गोलकुक गांव में भी कई घर ढह गए। गांव में एक मस्जिद की मीनार भी गिर गई।

संवेदनशील इलाका है तुर्किये

तुर्किये की आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने कहा कि भूकंप के बाद कई कम तीव्रता के झटके महसूस किये गये, जिनमें से एक की तीव्रता 4.6 थी। एजेंसी ने नागरिकों से क्षतिग्रस्त इमारतों में प्रवेश न करने का आग्रह किया। तुर्किये भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है और यहां अक्सर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।

Latest World News