A
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. कनाडा के सरे में भारतीय मूल के एक शख्स की गोली मारकर हत्या, जानें पुलिस ने क्या कहा

कनाडा के सरे में भारतीय मूल के एक शख्स की गोली मारकर हत्या, जानें पुलिस ने क्या कहा

कनाडा में भारतीय मूल के एक व्यक्ति की मौत हो गई है। शख्स की पहचान 27 वर्षीय जसमन सेखों के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Canada Police- India TV Hindi
Image Source : AP Canada Police

Canada Indian Origin Man Murder: कनाडा के सरे शहर में संगठित अपराध से जुड़ी गोलीबारी में भारतीय मूल के 27 वर्षीय युवक जसमन सेखों की मौत हो गई। इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (आईएचआईटी) ने इसकी पुष्टि की है। यह घटना शनिवार शाम करीब 6:39 बजे सरे के सुलिवन हाइट्स इलाके में 15100 ब्लॉक ऑफ 60 एवेन्यू स्थित एक टाउन हाउस कॉम्प्लेक्स में हुई थी।

मौके पर हो गई मौत

स्थानीय पुलिस के अनुसार, जब सरे पुलिस सेवा के अधिकारी गोलीबारी की सूचना पर मौके पर पहुंचे, तब जसमन सेखों गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। काफी प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आईएचआईटी ने जांच अपने हाथ में ले ली है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह वारदात संगठित अपराध से जुड़ी लक्षित हत्या थी। सेखों का पुलिस के साथ पहले भी संपर्क रहा था और उसे मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े होने का संदेह था। 

2 लोगों ने मारी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सेखों का पीछा एक काले रंग की एसयूवी ने किया। इसके बाद वाहन से 2 लोग उतरे और उन्होंने सेखों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। घटना के लगभग 15 मिनट बाद पास के इलाके में एक नीले रंग की हुंडई एसयूवी पूरी तरह जलती हुई मिली। पुलिस इस वाहन की भी जांच कर रही है कि क्या यह घटना गोलीबारी से जुड़ी है। 

पुलिस कर रही है जांच

आईएचआईटी की सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने कहा, "जांचकर्ता हत्या की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं। हम इलाके में मौजूद किसी भी व्यक्ति से अपील करते हैं कि यदि उनके पास कोई वीडियो फुटेज है तो वह हमारे साथ साझा करे।"

सरे में बढ़ रहा अपराध

यह घटना सरे में बढ़ते हिंसक अपराधों की श्रृंखला में नवीनतम है। पिछले 48 घंटों में सरे शहर में गोलीबारी की 4 अलग-अलग घटनाएं रिपोर्ट की गई हैं। स्थानीय अधिकारियों और नागरिकों में इस बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता व्याप्त है। सरे के एक काउंसलर ने कहा कि ऐसी घटनाएं शहर की सुरक्षा और शांति के लिए खतरा बन रही हैं। 

भारतीय मूल के लोगों में बढ़ी चिंता

पुलिस ने जसमन सेखों की तस्वीर जारी कर लोगों से अपील की है कि यदि कोई इस मामले में किसी तरह की जानकारी रखता है तो वह तुरंत संपर्क करे। सरे में भारतीय मूल के समुदाय में इस घटना के बाग सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई लोग संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी बढ़ती हिंसा पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वो सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

यह भी पढ़ें:

जापान ने उठाया बड़ा कदम, लंबी दूरी की मिसाइलों को किया तैनात; चीन तक होगी मारक क्षमता

ईरानी संसद के स्पीकर ने दी चेतावनी, कहा- 'सेना देगी करारा जवाब, दुश्मनों को होगा पछतावा'

Latest World News