1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. गाजा में खाद्य वितरण केंद्र के पास फिर बरसीं गोलियां, 38 फिलीस्तीनियों की मौत

गाजा में खाद्य वितरण केंद्र के पास फिर बरसीं गोलियां, 38 फिलीस्तीनियों की मौत

अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इस गोलीबारी की निंदा करते हुए तत्काल संघर्षविराम और मानवीय सहायता की मांग की है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

गाजा में भोजन के लिए जुटे फिलिस्तीनी। - India TV Hindi
Image Source : AP गाजा में भोजन के लिए जुटे फिलिस्तीनी।

गाजा सिटी:  गाजा में एक बार फिर से भोजन वितरण केंद्र पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। गाजा पट्टी के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि शनिवार को एक खाद्य वितरण केंद्र के पास हुई गोलीबारी में कम से कम 38 फिलीस्तीनियों की मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह घटना उत्तरी गाजा के एक इलाके में घटी, जहां हजारों लोग खाने-पीने की सामग्री लेने के लिए एकत्र हुए थे।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, गोलीबारी उस समय शुरू हुई जब लोग खाद्य सहायता प्राप्त करने के लिए कतार में खड़े थे। मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घायल लोगों का इलाज गाजा के कुछ शेष बचे अस्पतालों में किया जा रहा है, जहां पहले से ही संसाधनों की भारी कमी है।

गाजा में चरम पर मानवीय संकट

गाजा में इस समय मानवीय संकट चरम पर है। महीनों से जारी इजरायल-हमास युद्ध के चलते इलाके में खाद्य सामग्री, दवाओं और बिजली की भारी किल्लत है। संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने पहले ही चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही राहत नहीं पहुंची, तो गाजा में भुखमरी और बीमारी से बड़े पैमाने पर मौतें हो सकती हैं। हालांकि, इजरायल की ओर से इस घटना पर कोई औपचारिक बयान नहीं आया है। 

Latest World News