1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. Gaza: हमास ने कैसे मार गिराए इजरायल के 3 सैनिक, इजरायली सेना ने की मौत की पुष्टि

Gaza: हमास ने कैसे मार गिराए इजरायल के 3 सैनिक, इजरायली सेना ने की मौत की पुष्टि

इजरायली सेना गाज़ा पर बड़ा सैन्य अभियान चला रही है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम समाप्त होने के बाद से इज़राइली हमलों में हजारों फिलीस्तीनी नागरिक मारे गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

गाजा। - India TV Hindi
Image Source : AP गाजा।

खान यूनिस (गाज़ा पट्टी): हमास के साथ चल रहे युद्ध में लंबे समय बाद इजरायली सेना को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। गाजा में चल रही जंग के दौरान हमास ने इजरायल के 3 सैनिकों को मार डाला है।इज़रायली सेना ने मंगलवार को अपने सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है। इजरायली सेना ने कहा कि गाज़ा पट्टी में हुए एक हमले में उसके तीन सैनिक मारे गए हैं। बता दें कि मार्च में हमास के साथ युद्धविराम समाप्त होने के बाद से इजरायली सेना पर यह हमास का सबसे घातक हमला माना जा रहा है।

जबालिया में हमास ने किया विस्फोट

सेना के अनुसार, ये सैनिक सोमवार को उत्तरी गाज़ा में लड़ाई के दौरान मारे गए। हालांकि, उन्होंने घटना की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की। इज़राइली मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि सैनिक जबालिया इलाके में हुए एक विस्फोट में मारे गए। इजरायल ने मार्च में हमास पर युद्धविराम की शर्तों को न मानने का आरोप लगाते हुए सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू की थी। दरअसल, हमास ने अधिक बंधकों की शीघ्र रिहाई के लिए समझौते में संशोधन से इनकार कर दिया था, जिसके बाद युद्धविराम टूट गया।

क्यों हुआ इजरायल हमास में युद्ध

गाज़ा में यह युद्ध 7 अक्टूबर, 2023 को उस समय शुरू हुआ था जब हमास के नेतृत्व वाले आतंकवादियों ने दक्षिणी इज़रायल पर हमला कर दिया था। इस हमले में करीब 1,200 इज़राइली नागरिक मारे गए थे और लगभग 250 लोगों को बंधक बना लिया गया था। अब भी 58 बंधक हमास की कैद में हैं, जिनमें से अनुमान है कि लगभग एक-तिहाई जीवित हैं। शेष को या तो युद्धविराम समझौतों के तहत या अन्य राजनयिक प्रयासों के माध्यम से रिहा किया जा चुका है। गाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि इज़राइली सैन्य अभियान में अब तक 54,000 से अधिक फिलीस्तीनियों की जान जा चुकी है, जिनमें बहुसंख्यक महिलाएं और बच्चे हैं। (एपी)

 

 

Latest World News