ओटावा: कनाडा में एक भारतीय युवती पर घातक हमले की जानकारी सामने आ रही है। यह घटना मैनिटोबा प्रांत की राजधानी विन्निपेग में हुई, जहां भारतीय युवती पर उसके घर के पास बेरहमी से हमला कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना के सिलसिले में पुलिस की ओर से एक लड़की को गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है। विन्निपेग पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘‘युवती की पहचान भारतीय समुदाय के सदस्यों ने तनप्रीत कौर (23) के रूप में की है ।
कैसे और कब हुई घटना?
तनप्रीत कौर के साथ यह घटना तब हुई, जब वह 23 जून को शाम की पाली खत्म करने के बाद विन्निपेग में अपने अपार्टमेंट जा रही थी। इसी दौरान आधी रात के बाद रोसलिन रोड के 1-99 ब्लॉक में दो अजनबियों ने उस पर घात लगाकर हमला कर दिया।’’ विन्निपेग पुलिस ने बुधवार को एक बयान में कहा कि इलाके में आसपास खड़े लोगों ने हमले से उसका बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह घायल हो गई। संदिग्ध हमलावर पीड़िता को चाकू मारकर व लूटपाट कर भाग गए।
हमलावरों से भिड़ी युवती
हमले के दौरान युवती हमलावरों से भिड़ गई। उसने संदिग्ध पर काबू पाते हुए चाकू पकड़ लिया, लेकिन हमलावर उसे मारते रहे। लोगों ने बीच-बचाव किया और 911 पर कॉल किया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के बयान में कहा गया, महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। घटना के सिलसिले में 17 वर्षीय लड़की को गिरफ्तार किया गया है और उस पर गंभीर हमले, डकैती और अन्य आरोप हैं। बयान में कहा गया, "उसे हिरासत में रखा गया है।" बयान में कहा गया है कि पीड़िता को चाकू मारकर सेल फोन भी छीन लिया गया।
कनाडा में सुरक्षित नहीं हैं भारतीय
कनाडा में भारतीयों पर इस तरह के हमले होते रहे हैं। इस देश में कोई भी भारतीय सुरक्षित नहीं है। यहां की पुलिस सिर्फ खालिस्तानियों को सुरक्षा देती है, जो भारत विरोधी मुहिम चलाने में व्यस्त रहते हैं और देश के खिलाफ आग उगलने के साथ नफरत का बीज बोते हैं। (भाषा)
Latest World News