Iran-US Peace Talk: अमेरिका-ईरान में दूसरे दौर की बातचीत जारी, क्या निकलेगा विवाद का हल?
अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे पहले ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधि मंडल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की।

Iran-US Peace Talk LIVE: ईरान-अमेरिका शांति वार्ता से इतर पाकिस्तान प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की है। इसमें ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद गालिबाफ प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके पहले शहबाज शरीफ ने अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से मुलाकात की थी। इस्लामाबाद में शहबाज शरीफ ने जेडी वेंस का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सामने आया है। इसके कुछ ही देर बाद अमेरिका और ईरान में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया।
इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर क़लीबाफ़ के नेतृत्व में और विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची सहित ईरान का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार देर रात इस्लामाबाद पहुंचा। यह प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ शांति वार्ता में भाग लेने के लिए वहां पहुंचा है। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद गालिबाफ ने कहा है कि शांति समझौते तक पहुंचने के लिए अमेरिका को ईरान के अधिकारों को स्वीकार करना होगा। ईरान ने कहा है कि अमेरिका को उसकी 2 प्रमुख शर्तें माननी होंगी। इसमें सीज की गई ईरानी संपत्तियों को रिलीज करने और लेबनान में पूर्ण युद्ध विराम करने की मांग शामिल है।
वहीं अमेरिका के उपराष्ट्रपित जेडी वेंस का प्लेन भी इस्लामाबाद लैंड कर चुका है। ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ को रिसीव करने पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर खुद एयरपोर्ट पहुंचे। अब थोड़ी ही देर में ईरान-अमेरिका शांति वार्ता शुरू होगी।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि रावलपिंडी स्थित पाकिस्तानी वायु सेना के नूर खान एयरबेस पर प्रतिनिधिमंडल का स्वागत पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार, नेशनल असेंबली के अध्यक्ष सरदार अयाज़ सादिक, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने किया।
इस्लामाबाद में क्या क्या हुआ, जानें अपडेट्स...
Live updates : LIVE: तनातनी के बीच कुछ ही देर में ईरान और अमेरिका के बीच शुरू होगी शांति वार्ता
-
April 11, 2026 11:18 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
अमेरिका-ईरान वार्ता के बीच पोप ने दिया शांति का संदेश
पोप लियो XIV ने वेटिकन के सेंट पीटर बेसिलिका में प्रार्थना के दौरान युद्ध और ताकत दिखाने की नीति पर सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब 'युद्ध और ताकत का प्रदर्शन बंद होना चाहिए।' उन्होंने लोगों में बढ़ते घमंड और पैसे की पूजा की भी आलोचना की। पोप ने चेतावनी दी कि खुद को सबसे ताकतवर समझने का भ्रम दुनिया में लड़ाई और तनाव बढ़ा रहा है। उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका संदेश अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई की तरफ इशारा करता माना जा रहा है। पोप ने शांति और इंसानियत को बचाने की अपील की।
-
April 11, 2026 10:09 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
अमेरिका-ईरान में दूसरे दौर की बातचीत जारी
अमेरिका और ईरान के अधिकारियों के बीच बातचीत एक छोटे विराम के बाद फिर से शुरू हो गई है। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, दोनों देशों के बीच दूसरे दौर की वार्ता शनिवार रात इस्लामाबाद में दोबारा शुरू हुई। सूत्रों ने बताया कि इस बातचीत में दोनों पक्षों को तकनीकी विशेषज्ञों का भी समर्थन मिल रहा है, जिससे जटिल मुद्दों पर चर्चा आगे बढ़ाई जा सके। पाकिस्तान के दो अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि देश की शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व दोनों पक्षों को अपने मतभेद सुलझाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, बातचीत आगे बढ़ रही है और दोनों पक्ष समाधान की दिशा में प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने वार्ता से जुड़े अधिक विवरण साझा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बातचीत से 'दोनों पक्षों के लिए लाभकारी समाधान' निकल सकता है।
-
April 11, 2026 9:45 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
ईरान से बातचीत पर ट्रंप ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि क्या होगा’
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही बातचीत को लेकर अनिश्चितता जताई है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि ये वार्ता किस दिशा में जाएगी और कितनी सफल होगी। एक फोन इंटरव्यू में ट्रंप ने पुष्टि की कि अमेरिका, ईरान और पाकिस्तान के बीच बातचीत शुरू हो चुकी है। हालांकि, उन्होंने इसके परिणाम को लेकर कोई स्पष्ट अनुमान लगाने से इनकार किया। जब उनसे पूछा गया कि बातचीत कैसी रहेगी, तो ट्रंप ने साफ कहा, 'मुझे नहीं पता।'
-
April 11, 2026 9:16 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
क्यों ऐतिहासिक है इस्लामाबाद में हो रही अमेरिका-ईरान वार्ता?
इस्लामाबाद में शनिवार को अमेरिका और ईरान के बीच हुई आमने-सामने की वार्ता को बेहद अहम और दुर्लभ माना जा रहा है। इस बैठक का नेतृत्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागैर गालिबफ कर रहे हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद यह बहुत कम मौके हैं जब दोनों देशों के शीर्ष नेता सीधे आमने-सामने बातचीत कर रहे हैं। इससे पहले उच्च स्तर पर सीधा संपर्क सितंबर 2013 में हुआ था, जब अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ईरान के तत्कालीन राष्ट्रपति हसन रूहानी से फोन पर बात की थी। उस समय दोनों नेताओं के बीच ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई थी, जिसे दोनों देशों के रिश्तों में एक अहम कूटनीतिक कदम माना गया था।
-
April 11, 2026 8:56 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
ईरान-अमेरिका के बीच पहले दौर की बातचीत खत्म
इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच पहले दौर की बातचीत खत्म हो गई है। दोनों पक्षों के बीच यह बातचीत करीब दो घंटे तक चली। अब दूसरे दौर की बातचीत डिनर के दौरान होगी।
-
April 11, 2026 8:20 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
होर्मुज जलडमरूमध्य से लौटा अमेरिकी विध्वंसक पोत
प्रेस टीवी के मुताबिक, ईरान की चेतावनी के बाद अमेरिकी विध्वंसक पोत होर्मुज जलडमरूमध्य से वापस लौट गया है। यह ऐसे समय में हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में शांति वार्ता चल रही है। सीजफायर को आगे भी जारी रखने की डील करने की कोशिश हो रही है।
-
April 11, 2026 8:01 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
लेबनान में इजरायल पिछले 24 घंटों में किए 200 से ज्यादा हमले
इजरायली सेना ने अपने ताजा युद्ध अपडेट में दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में उसने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के 200 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया है। सेना के अनुसार, उसकी वायुसेना दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ढांचे को लगातार लक्ष्य बनाती रहेगी। इजरायली सेना का कहना है कि यह कार्रवाई हिज़्बुल्लाह के सैन्य नेटवर्क और बुनियादी ढांचे को कमजोर करने के लिए की जा रही है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ता में लेबनान में जारी संघर्ष एक बड़ा विवाद का मुद्दा बना हुआ है। ईरान का कहना है कि प्रस्तावित अमेरिका-ईरान युद्धविराम का दायरा लेबनान तक भी लागू होना चाहिए।
-
April 11, 2026 7:40 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
ईरान ने होर्मुज से अमेरिकी जहाजों के गुजरने के दावे को किया खारिज
ईरान ने उन रिपोर्टों का खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि अमेरिकी नौसेना के जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरे हैं। ईरान की सरकारी मीडिया IRIB ने एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के हवाले से कहा है कि किसी भी अमेरिकी जहाज ने इस जलमार्ग को पार नहीं किया है। यह बयान अमेरिकी मीडिया संस्थान Axios की उस रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें दावा किया गया था कि कई अमेरिकी नौसैनिक जहाज होर्मुज से गुजरे हैं। इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के बाद यह विवाद और बढ़ गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगें हटाने की प्रक्रिया में जुटा है।
-
April 11, 2026 7:27 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'होर्मुज जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगें हटाने में जुटा अमेरिका'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया है कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगें हटाने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है। ट्रंप के अनुसार, ईरान की फिलहाल ईरान की 'एकमात्र धमकी' समुद्री बारूदी सुरंगें हैं, जिन्हें ईरानी जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में बिछाया है। उन्होंने कहा, 'हम अब होर्मुज जलडमरूमध्य को साफ करने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं, यह पूरी दुनिया के देशों के लिए एक मदद है, जिनमें चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, फ्रांस, जर्मनी और कई अन्य शामिल हैं।' ट्रंप ने आगे कहा कि इन देशों में इतना 'दम' नहीं है कि वे खुद यह काम कर सकें, इसलिए अमेरिका यह जिम्मेदारी निभा रहा है।
-
April 11, 2026 7:25 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
दबाव में नेतन्याहू? शांति वार्ता के बीच बदले हालात
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर लेबनान में जारी सैन्य कार्रवाई को लेकर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ गया है। इजरायली मीडिया आउटलेट 'हारेट्स' के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नेतन्याहू पर दबाव डाला है कि वे बेरूत पर हमले रोकें और लेबनान सरकार के साथ बातचीत शुरू करें। रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप प्रशासन की ओर से यह भी निर्देश दिए गए कि हमलों की तीव्रता कम की जाए और राजनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जाए। इधर, लेबनान सरकार भी खुद को कठिन स्थिति में महसूस कर रही है। लेबनान नहीं चाहता था कि ईरान उसकी तरफ से संघर्षविराम पर बात करे, इसलिए उसने एक बड़ा कदम उठाते हुए इजरायली प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत की सहमति दे दी।
-
April 11, 2026 7:21 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
पाकिस्तान में वार्ता के बीच ट्रंप का बड़ा दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि मीडिया में यह दिखाया जा रहा है कि ईरान को बातचीत में बढ़त हासिल है, लेकिन वास्तविकता इसके उलट है। उन्होंने लिखा, 'वास्तव में सभी जानते हैं कि वे हार रहे हैं और बहुत बुरी तरह हार रहे हैं।' ट्रंप ने कहा कि ईरान के पास अब न तो नौसेना है, न वायुसेना और न ही हवाई रक्षा प्रणाली बची है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के पुराने नेतृत्व अब मौजूद नहीं हैं।
-
April 11, 2026 6:49 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
अमेरिका-ईरान के बीच पाकिस्तान में त्रिपक्षीय वार्ता शुरू
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका, ईरान और पाकिस्तान के बीच त्रिपक्षीय वार्ता शुरू हो गई है। ईरान की राज्य समाचार एजेंसी IRNA ने शनिवार को बताया कि पहले हुई अप्रत्यक्ष बातचीत में प्रगति के बाद अब सीधे स्तर पर वार्ता शुरू की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, इस वार्ता की शुरुआत तब हुई जब दक्षिणी लेबनान में इजरायली हमलों में कमी आई और कुछ अन्य पूर्व शर्तें पूरी हो गईं। इसके बाद सभी पक्षों के बीच औपचारिक त्रिपक्षीय बातचीत शुरू करने पर सहमति बनी। यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब क्षेत्र में तनाव और शांति प्रयास दोनों ही समान रूप से जारी हैं, और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर इस महत्वपूर्ण बातचीत पर टिकी हुई है।
-
April 11, 2026 5:22 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
शांति वार्ता के दौरान ईरान ने पोस्ट की मिनाब में मारे गए बच्चों की तस्वीर, लिखा-तुम्हारे हत्यारों को नहीं भूल सकते
इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ शांति वार्ता के दौरान ईरान ने मिनाब में मारे गए बच्चों की तस्वीर को एक्स पर शेयर किया। भारत में ईरान के दूतावास ने पोस्ट में लिखा-तुम्हारे हत्यारों को नहीं भूल सकते।
-
April 11, 2026 4:26 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान की जब्त संपत्तियों को रिलीज करने पर सहमत नहीं है अमेरिकाः सूत्र
सूत्रों के अनुसार अमेरिका ने ईरान की कोई भी जब्त संपत्ति जारी करने पर सहमति नहीं जताई है। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने सीबीएस न्यूज़ को बताया कि अमेरिका ने ईरान की कोई भी जब्त संपत्ति जारी करने पर सहमति नहीं जताई है। उन्होंने पहले की मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया। उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ द्विपक्षीय बैठक की, लेकिन अभी तक बातचीत शुरू नहीं हुई है और न ही किसी समझौते पर चर्चा हुई है। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में वैंस, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शामिल हैं। पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल में गृह मंत्री मोहसिन नकवी और विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री इशाक डार शामिल हैं।
-
April 11, 2026 4:24 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता के बीच शहबाज शरीफ की पोस्ट, "पाक चाहता है क्षेत्र में स्थाई शांति"
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता के बीच शहबाज शरीफ ने एक पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने क्षेत्र में स्थाई शांति की बात कही है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने लिखा- अमेरिकी उपराष्ट्रपति के साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और श्री जारेड कुश्नर उपस्थित थे। प्रधानमंत्री के साथ उप-प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री सीनेटर मोहम्मद इशाक डार और गृह मंत्री सीनेटर सैयद मोहसिन रज़ा नकवी उपस्थित थे। दोनों प्रतिनिधिमंडलों की रचनात्मक संवाद के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए, प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि ये बातचीत क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में एक मजबूत आधार का काम करेगी। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि पाकिस्तान दोनों पक्षों की सुविधा प्रदान करने के अपने प्रयासों को जारी रखने के लिए तत्पर है, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में प्रगति हो सके।
-
April 11, 2026 4:05 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता के बीच होर्मुज से गुजरे 2 चीनी टैंकर
पाकिस्तान में ईरान-अमेरिका शांति वार्ता के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से 2 चीनी टैंकर सुरक्षित निकलने हैं, जो बीजिंग की ओर रवाना हो चुके हैं।
-
April 11, 2026 4:03 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान को अमेरिका पर नहीं भरोसा
ईरान ने अमेरिका पर शांति वार्ता से पहले ही अविश्वास जाहिर किया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि उन्हें अमेरिका विश्वासघाती लगता है, क्योंकि उसने कई बार ऐसा किया है।
-
April 11, 2026 4:01 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
भारत की ओर से ईरान को पहुंची चिकित्सीय मदद की दूसरी खेप
भारत की ओर से ईरान को पहुंची चिकित्सीय मदद की दूसरी खेप। ईरान ने वीडियो जारी कर दी जानकारी।
-
April 11, 2026 3:19 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
'इजरायल फर्स्ट की ओर झुकाव पर कोई समझौता नहीं'
ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रेजा आरेफ ने कहा है कि अमेरिका को 'अमेरिका फर्स्ट' नीति पर ध्यान देना चाहिए, न कि 'इजरायल फर्स्ट' पर। उन्होंने X पर लिखा कि इस्लामाबाद में चल रही अहम वार्ताओं का परिणाम पूरी तरह अमेरिका की प्राथमिकताओं पर निर्भर करेगा। आरेफ ने कहा कि अगर अमेरिकी प्रतिनिधि “अमेरिका फर्स्ट” रुख अपनाते हैं तो पारस्परिक लाभ वाला समझौता संभव है, लेकिन “इजरायल फर्स्ट” की ओर झुकाव हुआ तो कोई समझौता नहीं होगा और ईरान अपनी रक्षा को और तेज करेगा, जिससे दुनिया को अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
-
April 11, 2026 3:17 PM (IST) Posted by Vineet Kumar
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता के बीच पाकिस्तान पहुंचे सऊदी वित्त मंत्री
सऊदी अरब के वित्त मंत्री मोहम्मद अल-जदान पाकिस्तान के दौरे पर पहुंचे हैं, जिसे आर्थिक समर्थन का संकेत माना जा रहा है। इस्लामाबाद में उन्होंने नेतृत्व से मुलाकात की। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ हालिया बातचीत को याद करते हुए सऊदी अरब के लगातार आर्थिक सहयोग की सराहना की, जो पाकिस्तान की आर्थिक स्थिरता में अहम भूमिका निभाता रहा है।
-
April 11, 2026 2:23 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिका से शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद के सरेना होटल पहुंचा ईरानी प्रतिनिधि मंडल
अमेरिका से शांति वार्ता के लिए ईरान का डेलीगेशन इस्लामाबाद के सरेना होटल पहुंच गया है। यहां पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरानी प्रतिनिधि मंडल अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की अध्यक्षता वाली टीम के साथ बैठक करेगा।
-
April 11, 2026 1:34 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पाकिस्तान के स्थानीय समयानुसार 1 बजे शहबाज शरीफ से मिलेगा ईरानी प्रतिनिधि मंडल
ईरानी प्रतिनिधि मंडल पाकिस्तान के स्थानीय समयानुसार 1 बजे प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मिलेगा।
-
April 11, 2026 1:32 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका वार्ता का पाकिस्तान ने रखा 'इस्लामाबाद टॉक्स' नाम
पाकिस्तान ने ईरान-अमेरिका वार्ता का नाम 'इस्लामाबाद टॉक्स' रखा है। वार्ता स्थल की तस्वीरें बैठक शुरू होने से पहले सामने आ गई हैं।
-
April 11, 2026 1:29 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल-अमेरिका हमले में क्षतिग्रस्त रेलवे पुल को ईरान ने फिर खड़ा किया
इजरायल और अमेरिका के हवाई हमले में नष्ट हुए एक रेलवे पुल को ईरान के इंजीनियरों ने फिर से खड़ा कर दिया है और इस पर दोबारा ट्रेन दौड़ा दी। ईरान ने इसका वीडियो भी जारी किया है।
-
April 11, 2026 1:18 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
हिजबुल्लाह के लोडेड रॉकेट लांचर को इजरायल ने फिर बनाया निशाना, देखें वीडियो
इजरायल का दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला जारी है। आईडीएफ ने शनिवार को फिर हिजबुल्लाह के लोडेड रॉकेट लांचर को निशाना बनाया और इसका वीडियो जारी किया।
-
April 11, 2026 1:15 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
जेडी वेंस के आगमन के बाद इशाक डार का पहला बयान, कहा-संघर्ष के टिकाऊ समाधान के लिए देंगे सुविधा
जेडी वेंस के आगमन के बाद इशाक डार का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "इस्लामाबाद वार्ता के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का आगमन...अमेरिकी उपराष्ट्रपति महामहिम जे.डी. वेंस के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल आज इस्लामाबाद पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में विशेष दूत श्री स्टिव विटकोफ और श्री जरेड कुश्नर भी शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद वार्ता में भाग लेने के लिए आया है। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री सीनेटर मोहम्मद इशाक दार, रक्षा बलों के प्रमुख एवं आर्मी चीफ फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर तथा गृह मंत्री सैयद मोहसिन रज़ा नकवी ने किया। अमेरिकी उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए उप प्रधानमंत्री/विदेश मंत्री ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्थायी शांति तथा स्थिरता हासिल करने के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पक्ष रचनात्मक रूप से वार्ता में भाग लेंगे और पाकिस्तान की इच्छा को दोहराया कि वह संघर्ष के स्थायी और टिकाऊ समाधान तक पहुंचने के लिए पक्षों के बीच सुविधा प्रदान करता रहेगा।"
-
April 11, 2026 12:24 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इस्लामाबाद में उतरने के बाद जेडी वेंस का पहला वीडियो आया सामने
ईरान से शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंचने के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का पहला वीडियो सामने आया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार उन्हें एयरपोर्ट पर रिसीव करते देखे जा रहे हैं।
-
April 11, 2026 11:45 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
दक्षिणी लेबनान में इजरायल के हमले में 3 लोगों की मौत
दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजरायली सेना का हमला जारी है। शनिवार को आईडीएफ के हमले में लेबनान में 3 लोगों की मौत हो गई।
-
April 11, 2026 11:41 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को इस्लामाबाद में लैंड कराने के लिए पाक फाइटर जेट्स ने किया स्कॉर्ट
ईरान के साथ शांति वार्ता में शामिल होने पहुंचे अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को लैंड कराने से पहले पाकिस्तान के फाइटर जेट्स ने स्कॉर्ट किया।
-
April 11, 2026 11:39 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ को एयरपोर्ट लेने खुद पहुंचे पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर
ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ को एयरपोर्ट लेने पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर खुद पहुंचे। मुनीर ने विटकॉफ का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। थोड़ी ही देर में इस्लामाबाद में ईरान-अमेरिका के बीच शांति वार्ता शुरू होनी है।
-
April 11, 2026 11:29 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता को लेकर इस्लामाबाद में सुरक्षा सख्त
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता को लेकर इस्लामाबाद में सुरक्षा सख्त कर दी गई है। पाकिस्तान ने पहले से ही इस्लामाबाद में 2 दिनों का अवकाश घोषित कर रखा है।
-
April 11, 2026 10:54 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान के हमले में कतर में अमेरिकी बेस को पहुंचा भारी नुकसान, मरम्मत में लग सकते हैं कई साल
ईरान के हमले में कतर में अमेरिकी सैन्य बेस को बहुत भारी नुकसान पहुंचा था। कतर ने इस हमले का नया वीडियो जारी किया है। बता दें कि कतर ने मार्च में रास लाफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी पर हुए ईरानी मिसाइल हमलों से हुए नुकसान को दिखाती हुई नया वीडियो जारी किया है। कतर एनर्जी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े एलएनजी निर्यात केंद्र का हिस्सा होने वाली इस साइट को व्यापक नुकसान पहुंचा है, और कुछ मरम्मत में कई साल लग सकते हैं।
-
April 11, 2026 10:50 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने जंग में अमेरिका के सभी महंगे ड्रोनों को बना दिया राख, सामने आई रिपोर्ट
सीबीएस न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार 40 दिनों की जंग में ईरान ने अमेरिका के कई महंगे ड्रोनों के विनाश कर दिया। इसमें 24 एमक्यू-9 रीपर और 25 करोड़ डॉलर का एमक्यू-4सी ट्राइटन शामिल है। ईरान ने इन ड्रोनों को गिराकर अमेरिका के मानव रहित प्रणालियों की उत्तरजीविता और लागत-प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
-
April 11, 2026 10:20 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
ट्रंप ने दोहराई घिसी पिटी बातें
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान के इस्लामाबाद में ईरान के साथ होने वाली आगामी वार्ता में उनका मुख्य ध्यान इस बात पर होगा कि तेहरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के समर्थन के साथ या उसके बिना भी होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखा जाएगा।
-
April 11, 2026 9:38 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
ईरान के प्रतिनिधि पहुंचे, जेडी वैंस का हो रहा इंतजार
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जिनके दोपहर से पहले पहुंचने की उम्मीद थी। संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर क़लीबाफ़ के नेतृत्व में ईरानी वार्ताकार शुक्रवार देर रात पहुंचे।
-
April 11, 2026 9:37 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
शांति वार्ता से पहले इस्लामाबाद में सन्नाटा पसरा हुआ है
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच हो रही शांति वार्ता को लेकर सन्नाटा पसरा है। वार्ता से पहले सड़कों को सील कर दिया गया है और निवासियों से घरों के अंदर रहने का आग्रह किया, जिससे शहर में कर्फ्यू जैसा माहौल बन गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि दोनों देशों के बीच का संघर्ष एक "कठिन दौर" में प्रवेश कर रहा है, क्योंकि दोनों पक्ष अस्थायी विराम से एक स्थायी समाधान की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह "करो या मरो" की स्थिति है।
-
April 11, 2026 8:15 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
शांति प्रस्ताव से पहले ईरान ने 10 सूत्री शांति प्रस्ताव पेश किया था
अमेरिका के साथ शांति प्रक्रिया के लिए ईरान की पूर्व शर्तों में लेबनान के खिलाफ इजरायल का आक्रमण रोकना और ईरान की अवरुद्ध संपत्तियों की रिहाई शामिल है। ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने शुक्रवार को इस्लामाबाद वार्ता से पहले यह बात कही। इससे पहले, ईरान ने ट्रंप के ईरान शांति प्रस्ताव के जवाब में 10 सूत्री शांति प्रस्ताव पेश किया था। इस प्रस्ताव में लेबनान सहित सभी प्रकार की आक्रामकता को समाप्त करने की बात कही गई है। ट्रंप ने ईरान के प्रस्ताव को "बातचीत के लिए एक व्यावहारिक आधार और इन वार्ताओं का मुख्य ढांचा" बताया था।
-
April 11, 2026 7:41 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
ईरान ने जताया अविश्वास, अमेरिका ने दी चेतावनी
इस्लामाबाद में महत्वपूर्ण वार्ता शुरू होने से ठीक पहले, ईरानी और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडलों की टिप्पणियों से अविश्वास स्पष्ट रूप से झलक रहा था। इस्लामाबाद के लिए रवाना होते समय अमेरिकी वार्ताकार उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने कहा, "यदि ईरानी सद्भावना से बातचीत करने को तैयार हैं, तो हम भी निश्चित रूप से सहयोग करने के लिए तत्पर हैं।"
इसी तरह की भावना ईरानी प्रतिनिधिमंडल की टिप्पणियों में भी परिलक्षित हुई, जिसमें 70 से अधिक सदस्य थे और जिसका नेतृत्व संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ कर रहे थे। यह प्रतिनिधिमंडल सबसे पहले इस्लामाबाद पहुंचा। पाकिस्तान की राजधानी पहुंचने पर ग़ालिबफ़ ने कहा, "हमारी मंशा अच्छी है, लेकिन हमें भरोसा नहीं है। अमेरिकियों के साथ बातचीत का हमारा अनुभव हमेशा असफलता और टूटे वादों से भरा रहा है।"
-
April 11, 2026 7:38 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
शांति वार्ता में पाकिस्तान की तरफ से कौन शामिल होगा
ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आयोजित हो रही है और पाकिस्तान इस शांति वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। इस शांति वार्ता में पाकिस्तान के कई प्रमुख अधिकारी भाग लेंगे, जिसमें देश के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, विदेश मंत्री इशाक डार दोनों देशों के प्रतिनिधियों से बात करेंगे। इसके साथ ही पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मोहम्मद असीम मलिक के भी इस वार्ता में शामिल होने की जानकारी मिल रही है।
-
April 11, 2026 7:34 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
अमेरिका की तरफ से शांति वार्ता में कौन शामिल होगा
वहीं, इस्लामाबाद में ईरान के साथ होने वाली शांति वार्ता में अमेरिका की तरफ से अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का नाम शामिल है, जो इस वार्ता का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और पूर्व सलाहकार जारेड कुशनर, पश्चिम एशिया के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और वाइस एडमिरल ब्रैड कूपर भी इस शांति वार्ता में शामिल होंगे।
-
April 11, 2026 7:30 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
शांति वार्ता में शामिल होने ईरान से कौन कौन पहुंचा, जानें
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली शांति वार्ता में ईरान की तरफ से छह दिग्गज शामिल होंगे, जिसमें ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस शांति वार्ता का नेतृत्व करेंगे। तो वहीं, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गलिबाफ भी इस वार्ता में शामिल होंगे। दोनों नेता वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंच गए हैं, इसकी जानकारी पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर दी है।
इन दोनों के अलावा ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय रक्षा परिषद के सचिव अली अकबर अहमदीन और केंद्रीय बैंक के गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती भी इस बातचीत में शामिल होंगे। ईरान के राजनयिक मजीद तख्त रखांची और सुरक्षा मामलों के जानकार मोहम्मद बागेर जोल्घाद्र भी वार्ता में शामिल हो सकते हैं।
-
April 11, 2026 6:45 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
ट्रंप ने वेंस को दी शुभकामनाएं, होर्मुज के लिए कही बड़ी बात
ट्रंप ने महत्वपूर्ण वार्ता के लिए राष्ट्रपति के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए रवाना होने से पहले वैंस को दिए अपने विदाई संदेश में कहा,“मैंने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनके सामने एक बड़ी चुनौती है, हम पता लगाएंगे कि क्या हो रहा है। वे सैन्य रूप से पराजित हो चुके हैं।”
ट्रंप ने ईरानियों का जिक्र करते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य के जल्द ही खुलने के अपने विश्वास को दोहराया और कहा, अब हम उनके साथ या उनके बिना खाड़ी को खोलेंगे। उन्होंने प्रभावी रूप से इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को बंद कर दिया है। लेकिन अब यह खुल जाएगा।
-
April 11, 2026 6:42 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
ईरान प्रतिनिधिमंडल के नेता ने मारे गए स्कूली बच्चों की तस्वीरें पोस्ट कीं
ईरान संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर क़लीबाफ़ ने एक स्कूल पर अमेरिकी मिसाइल हमले में मारे गए बच्चों के चित्रों को देखते हुए अपनी एक तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने बताया कि ये बच्चे शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान जा रही उनकी उड़ान में उनके साथी थे। तस्वीर में क़लीबाफ़ चार बच्चों के चित्रों को देख रहे थे, जिनमें से प्रत्येक को हवाई जहाज की सीट पर एक बैग और एक फूल के साथ रखा गया था। हमले की प्रारंभिक अमेरिकी सैन्य जांच में कहा गया है कि संभवतः पुरानी खुफिया जानकारी के आधार पर अमेरिका ने स्कूल पर बमबारी की। 28 फरवरी को हुए इस हमले में संघर्ष के शुरुआती घंटों में 165 से अधिक लोग मारे गए, जिनमें से कई बच्चे थे।
-
April 11, 2026 6:41 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
शांति वार्ता से पहले ईरान ने रखीं शर्तें
ईरान में युद्धविराम की स्थिति अभी भी डांवाडोल है। ईरान के सरकारी टीवी चैनल के मुताबिक, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर क़लीबाफ़ के नेतृत्व में एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ वार्ता के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद पहुंच गया है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस उच्च स्तरीय वार्ता का नेतृत्व करेंगे। शांति वार्ता से पहले ईरान ने कुछ नई शर्तें रखी हैं।
-
April 11, 2026 6:37 AM (IST) Posted by Kajal Kumari
शांति वार्ता से पहले ट्रंप ने ईरान को दी धमकी
सोशल मीडिया पोस्ट ट्रूथ में, ट्रंप ने कहा कि ईरानियों के पास "कोई विकल्प नहीं" है और वे अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के माध्यम से ही दुनिया पर जबरदस्ती कर सकते हैं। ट्रंप ने लिखा, उनके आज तक जीवित रहने का एकमात्र कारण बातचीत करना है!