1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. इजरायल ने गाजा में बिछाया लाशों का ढेर तो फिर युद्ध विराम को तैयार हुआ हमास, जानें नए प्रस्ताव में क्या है

इजरायल ने गाजा में बिछाया लाशों का ढेर तो फिर युद्ध विराम को तैयार हुआ हमास, जानें नए प्रस्ताव में क्या है

हमास का इससे पहले कहना था कि वह केवल तभी बंधकों को रिहा करेगा जब इजरायल एक स्थायी युद्धविराम पर सहमत होगा, गाज़ा से अपनी सेना हटाएगा और फिलस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा।

गाजा में इजरायल ने मचाई हमलों से तबाही।- India TV Hindi
Image Source : AP गाजा में इजरायल ने मचाई हमलों से तबाही।

काहिरा: इजरायली सेना ने गाजा युद्ध विराम समझौता टूटने के बाद से ही गाजा पट्टी में तबाही मचा दी है। पिछले करीब 1 हफ्ते में 600 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं। इजरायल के खूंखार रुख को देखते हुए आखिरकार हमास युद्ध विराम पर सहमत हो गया है। हमास ने शनिवार को कहा कि उसने मध्यस्थों मिस्र और कतर द्वारा प्रस्तावित गाजा में युद्धविराम संबंधी नए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, लेकिन इजरायल ने कहा कि उसने तीसरे मध्यस्थ अमेरिका के साथ ‘‘पूर्ण समन्वय’’ के जरिए एक अन्य प्रस्ताव तैयार किया है।

मिस्र ने इस सप्ताह की शुरुआत में युद्ध विराम समझौते को पुनः पटरी पर लाने के लिए एक प्रस्ताव दिया था। गाजा में हमास के नेता खलील अल-हय्या ने इसे स्वीकार करने की घोषणा की लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि इस घोषणा से पहले प्रस्ताव में बदलाव किया गया था या नहीं। इस सप्ताह की शुरुआत में मिस्र के एक अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया था कि इस समझौते के तहत हमास एक अमेरिकी-इजराइली समेत पांच जीवित बंधकों को रिहा करेगा जिसके बदले में इजराइल गाजा में मानवीय सहायता को पहुंचने देगा और एक सप्ताह के लिए युद्ध रोकने पर सहमत होगा। साथ ही, इजराइल सैकड़ों फिलस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा।

इजरायल ने दिया नया प्रस्ताव

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने अपने दिए प्रस्ताव का विवरण साझा नहीं किया, लेकिन बताया कि यह शुक्रवार को हुई चर्चा के बाद पेश किया गया है। इजरायल ने करीब 10 दिन पहले हमास के साथ युद्धविराम समझौता समाप्त करते हुए उस पर हवाई हमले किए थे जिनमें सैकड़ों लोग मारे गए थे। 'व्हाइट हाउस' (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) ने इस संघर्ष के फिर से भड़कने के लिए हमास को जिम्मेदार ठहराया था। इजरायल ने चेतावनी दी है कि जब तक हमास 59 बंधकों को रिहा नहीं करता वह युद्ध नहीं रोकेगा। इसके अलावा, इजरायल हमास से सत्ता छोड़ने, अपने हथियार डालने और उसके नेताओं के निर्वासन की मांग कर रहा है।(एपी)

 

Latest World News