नॉर्थ वेनेजुएला में आए भयानक भूकंप से 920 लोगों की मौत हो गई है। इस संकट के समय में भारत ने वेनेजुएला में मानवीय मदद के तहत बड़ा कदम उठाया है। इंडियन आर्मी ने रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग करने के लिए स्पेशल मेडिकल टीम को वेनेजुएला भेजा है। भारतीय फौज के 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल की मेडिकल टीम आज (शुक्रवार को) दोपहर हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से भारतीय वायुसेना के दो C-17 ग्लोबमास्टर विमान में सवार होकर वेनेजुएला के लिए रवाना हुई।
भूकंप से प्रभावित लोगों को तत्काल मिलेगा इलाज
इस मेडिकल टीम में 41 मेंबर शामिल हैं, जिनमें 9 मेडिकल अफसर भी हैं। यह दल आपातकालीन चिकित्सा, जीवनरक्षक सर्जरी, ट्रॉमा मैनेजमेंट और अन्य जरूरी मेडिकल सर्विस उपलब्ध कराएगी, ताकि भूकंप से प्रभावित हुए लोगों को तत्काल इलाज मिल पाए।
Image Source : Reporters Inputभारत की मेडिकल टीम वेनेजुएला में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद करेगी।
6 टन मेडिकल सप्लाई के साथ रवाना हुई टीम
मेडिकल टीम अपने साथ मानवीय राहत सामग्री और लगभग 6 टन मेडिकल सप्लाई भी लेकर गई है, जिसे विदेश मंत्रालय ने उपलब्ध कराया है। साथ ही, एक विमान में आरोग्य मैत्री प्रोजेक्ट के अंतर्गत 'भीष्म क्यूब' यानी Bharat Health Initiative for Sahyog, Hita & Maitri भी भेजा गया है।
भीष्म क्यूब क्या है?
भीष्म क्यूब, भारत की तरफ से विकसित एक अत्याधुनिक, मॉड्यूलर और तेजी से तैनात की जाने वाली मोबाइल मेडिकल सर्विस है, जिसे खासतौर से मानवीय संकटों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रयोग के लिए तैयार किया गया है। कम वक्त में इसे एक पूर्ण फील्ड हॉस्पिटल में बदला जा सकता है, जहां करीब 200 मरीजों तक का इलाज किया जा सकता है।
भीष्म क्यूब में ये सुविधाएं हैं मौजूद
इसमें पोर्टेबल वेंटिलेटर, मरीजों की निगरानी के इक्विपमेंट, डायग्नोस्टिक मशीनें, सर्जिकल इक्विपमेंट, बिजली प्रोडक्शन की व्यवस्था और ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम जैसी मॉडर्न मेडिकल सर्विस मौजूद हैं। यह सिस्टम इमरजेंसी ट्रॉमा केयर, सर्जरी, आईसीयू और अन्य जरूरी मेडिकल सर्विस देने में सक्षम है।
मित्र देशों की मदद के लिए तत्पर है भारत
भारतीय सेना के अनुसार, 'Operation Amistad' के अंतर्गत मेडिकल टीम की तैनाती भारत की 'मानवीय सहायता एवं आपदा राहत' नीति के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाती है। इसके अलावा, यह संकट के वक्त मित्र देशों की मदद के लिए हमारे देश की तत्परता का भी प्रतीक है।
ये भी पढ़ें- Venezuela में आए Earthquake से मची भयानक तबाही, खौफनाक Video Viral; देखें बर्बादी का मंजर
Latest World News