रियाद: सऊदी अरब के प्रिंस अलवलीद बिन खालिद बिन तलाल का 20 वर्ष तक कोमा में रहने के बाद निधन हो गया है। 36 वर्ष की उम्र में उनकी जीवन रेखा थम गई। लगभग 20 वर्षों तक कोमा में रहने के बाद सऊदी शाही परिवार के सदस्य प्रिंस अलवलीद बिन खालिद बिन तलाल का शनिवार को 36 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें "Sleeping Prince" यानी "सोते हुए प्रिंस" के नाम से जाना जाता था। उनकी जनाज़े की नमाज़ रविवार को अदा की जाएगी। पुरुषों की नमाज़-अे-जनाज़ा असर की नमाज़ के बाद इमाम तुर्की बिन अब्दुल्ला मस्जिद, रियाद में होगी, जबकि महिलाओं की अंतिम विदाई ज़ुहर के बाद किंग फ़ैसल स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में की जाएगी।
कौन थे प्रिंस अलवलीद बिन खालिद बिन तलाल?
प्रिंस अलवलीद का जन्म 18 अप्रैल 1990 को हुआ था। वे प्रिंस खालिद बिन तलाल अल सऊद के सबसे बड़े पुत्र थे। अरब के जाने-माने अरबपति प्रिंस अलवलीद बिन तलाल उनके चाचा थे और वे सऊदी अरब के संस्थापक राजा अब्दुलअज़ीज़ के परपोते थे। 2005 में हुई एक दुर्घटना में वह कोमा में चले गए थे। इसके बाद 20 साल तक जिंदगी और मौत के बीच का संघर्ष जारी रहा। वर्ष 2005 में लंदन में एक सैन्य कॉलेज में अध्ययन करने के दौरान उनका भीषण कार एक्सीडेंट हुआ था, तब वे 15 साल के थे।
गंभीर ब्रेन हैमरेज के हुए थे शिकार
इस हादसे में उन्हें गंभीर मस्तिष्क चोट, ब्रेन हेमरेज और आंतरिक रक्तस्राव हुआ, जिसके चलते वे पूरी तरह कोमा में चले गए। इसके बाद उन्हें किंग अब्दुलअज़ीज़ मेडिकल सिटी, रियाद ले जाया गया, जहां उन्हें वेंटिलेटर और फ़ीडिंग ट्यूब पर रखा गया। परिवार ने विश्वभर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद ली, लेकिन उनकी चेतना कभी वापस नहीं आई। 2015 में, डॉक्टरों ने जीवन रक्षक प्रणाली को हटाने की सलाह दी, लेकिन उनके पिता प्रिंस खालिद ने इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि "जीवन और मौत केवल अल्लाह के हाथ में है।"
4 साल बाद जगी थी उम्मीद
2019 में उन्होंने अंगुली हिलाने और सिर घुमाने जैसी कुछ मामूली हरकतें दिखाईं, जिससे कुछ आशा जगी, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। पूरे 20 वर्षों तक प्रिंस अलवलीद को लगातार मेडिकल देखरेख में रखा गया। वे सऊदी अरब के वर्तमान राजा सलमान बिन अब्दुलअज़ीज़ के सीधे पुत्र या भाई नहीं थे, लेकिन राजा सलमान उनके परदादा के भाई थे, यानी वे राजा सलमान के भतीजे के बेटे थे।
Latest World News