1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. बहामास में प्लेन क्रैश से 10 लोगों की मौत, कोई सवार जिंदा नहीं बचा, मना रहे थे आजादी की सालगिरह

बहामास में प्लेन क्रैश से 10 लोगों की मौत, कोई सवार जिंदा नहीं बचा, मना रहे थे आजादी की सालगिरह

बहामास में एक छोटा प्लेन क्रैश होने से उसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई है। प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। यह हादसा ऐसे समय में हुआ जब यहां के लोग आजादी की 53वीं सालगिरह मना रहे थे।

प्लेन क्रैश में 10 लोगों की मौत।- India TV Hindi
Image Source : X/THESECRETFEEDS प्लेन क्रैश में 10 लोगों की मौत।

इस वक्त की बड़ी खबर बहामास से सामने आ रही है। यहां शुक्रवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद सरकार को फ्लेमिंगो एयर की उड़ानों को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। यह जानलेवा हादसा नॉर्थ एंड्रॉस में हुआ, जो इस द्वीप समूह की राजधानी नसाऊ के ठीक पश्चिम में समुद्र में स्थित है। हादसे के बाद बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने जानकारी देते हुए शुरू में कहा था कि एक व्यक्ति बच गया है, लेकिन बाद में उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्टि की कि उस व्यक्ति की चोटों के कारण मौत हो गई। पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

आजादी की 53वीं सालगिरह मना रहे थे लोग

प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने कहा, "हम गहरे दुख के साये में हैं।" उन्होंने कहा, "लोग बहामास की आजादी की 53वीं सालगिरह मना रहे थे। यह शोक का दिन बन गया है, जिन परिवारों को यह दुखद खबर मिली है कि उनका कोई अपना अब घर नहीं लौटेगा, हम उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।" वहीं बहामास एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन अथॉरिटी ने एक बयान में कहा कि विमान नसाऊ के लिंडन पिंडलिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर सैन एंड्रॉस जा रहा था, तभी वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि विमान बहामास में रजिस्टर्ड सेसना 402 था।

विमान में आग लगने से हुआ हादसा

ऊर्जा, यूटिलिटी और एविएशन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि फ्लेमिंगो एयर के एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट को सस्पेंड करना सिर्फ़ सुरक्षा के लिहाज से उठाया गया एहतियाती कदम है, क्योंकि अधिकारी दुर्घटना के कारण की जांच कर रहे हैं। मंत्रालय ने कहा कि यह सस्पेंशन शुक्रवार को हुई सुरक्षा से जुड़ी दो घटनाओं के कारण किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, ऊर्जा, यूटिलिटी और एविएशन मंत्री जोबेथ कोल्बी-डेविस ने कहा कि पहली घटना शुक्रवार को ही फ्लेमिंगो एयर के एक विमान के साथ हुई थी। उन्होंने बताया कि विमान मायागुआना जा रहा था, तभी पायलट ने कोई समस्या बताई और विमान को वापस नसाऊ मोड़ लिया। उन्होंने कहा कि विमान के उतरने और यात्रियों के बाहर निकलने के बाद उसमें आग लग गई। उस घटना की भी जांच चल रही है।

यह भी पढ़ें-

"अगर मेरी हत्या होती है, तो ईरान भी बचने वाला नहीं है", डोनाल्ड ट्रंप ने क्यों कहा ऐसा

Latest World News