1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. कोलंबिया में बड़ा हादसा, सोने की खदान धंसने से 14 लोगों की मौत, कई घायल

कोलंबिया में बड़ा हादसा, सोने की खदान धंसने से 14 लोगों की मौत, कई घायल

कोलंबिया में सोने की एक खदान धंस जाने से 14 लोगों की मौत हो गई है। घटना में सात लोग घायल बताए जा रहे हैं।

सोने की खदान धंसने से मजदूरों की मौत।- India TV Hindi
Image Source : AP/REPRESENTATIVE IMAGE सोने की खदान धंसने से मजदूरों की मौत।

इस वक्त की बड़ी खबर कोलंबिया से सामने आ रही है। यहां नारिनो प्रांत के एक दूर-दराज इलाके में बिना परमिट के चल रही सोने की एक खुली खदान (ओपन-पिट माइन) धंस गई। यहां खदान के धंस जाने से उसमें काम कर रहे कम से कम 14 मजदूरों की मौत हो गई है। नारिनो प्रशासन ने एक बयान में बताया कि सोमवार को सांता बारबरा डी इस्कुआंडे नामक छोटे कस्बे के पास हुए इस हादसे में 7 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। साथ ही बताया गया कि सोमवार रात को बचाव और खोज अभियान समाप्त हो गया।

तीन महीने में दो बड़े हादसे

प्रशासन की तरफ से बयान में कहा गया, "यह आपातकालीन स्थिति एक बार फिर अवैध या अनौपचारिक खनन से जुड़े खतरों को उजागर करती है। पिछले तीन महीनों से भी कम समय में, नारिनो में खदान धंसने की दो घटनाओं में कुल 27 लोगों की जान जा चुकी है।" बता दें कि सांता बारबरा डी इस्कुआंडे घना वर्षावनों से घिरा हुआ है और यहां तक केवल नाव या छोटे विमान के जरिए ही पहुंचा जा सकता है, जिससे राहत कर्मियों के लिए इस इलाके तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

बिना परमिट के चल रही थी खदान

नारिनो के गवर्नर लुइस अल्फोंसो एस्कोबार ने कहा, "इस दुखद हादसे में पूरे के पूरे परिवार खत्म हो गए हैं। यह बहुत ही दुखद है।" दरअसल, कोलंबिया में सैकड़ों छोटी खदानें बिना सरकारी परमिट के चल रही हैं, और इनमें से कुछ पर विद्रोही समूहों का नियंत्रण है। सांता बारबरा डी इस्कुआंडे तक पहुंचना मुश्किल होने के साथ-साथ, यहां सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी हैं।

इलाके में विद्रोही समूह सक्रिय

खबरों के अनुसार, इस इलाके में दो विद्रोही समूह सक्रिय हैं। इनमें 'जैकोबो एरेनास ब्लॉक' भी शामिल है, जिसका नेतृत्व 'रिवोल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज ऑफ कोलंबिया' (FARC) के पूर्व सदस्य करते हैं। इन लोगों ने 2016 में कोलंबिया सरकार के साथ हुए शांति समझौते में शामिल होने से इनकार कर दिया था। कोलंबिया के ओम्बड्समैन कार्यालय ने एक बयान जारी कर इलाके में मौजूद सशस्त्र समूहों से अपील की है कि वे इस छोटे कस्बे तक मानवीय सहायता पहुंचने दें। कार्यालय ने एक्स पर कहा, "हमारी सारी कोशिशें लोगों की जान बचाने और इस आपातकालीन स्थिति से निपटने पर केंद्रित होनी चाहिए।" (इनपुट- AP)

यह भी पढ़ें-

किम जोंग उन जिंदा हैं, 'कोमा' में नहीं, अटकलों के बीच बेटी के साथ स्टाइल में दिखे उत्तर कोरिया के तानाशाह

Latest World News