भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम के बाद अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कश्मीर का जिक्र करते हुए यहीं की समस्या का समाधान कराने की बात कही है। बता दें भारत और पाकिस्तान के बीच बीते कई दिनों से चल रहे विवाद के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ही सबसे पहले कथित सीजफायर की जानकारी दी थी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान की तरफ से बयान जारी कर समझौता किए जाने की बात कही गई थी।
विनाश का कारण बन सकता था युद्ध
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मुझे भारत और पाकिस्तान के मजबूत और अडिग नेतृत्व पर बहुत गर्व है, क्योंकि उनके पास यह जानने और समझने की शक्ति, बुद्धि और धैर्य है कि वर्तमान आक्रमण को रोकने का समय आ गया है। यह युद्ध इतने सारे लोगों की मृत्यु और विनाश का कारण बन सकता था। लाखों अच्छे और निर्दोष लोग मारे जा सकते थे! आपकी विरासत आपके बहादुर कार्यों से बहुत बढ़ गई है।"
कश्मीर का निकाला जा सकता है हल
ट्रंप ने आगे कहा, "मुझे गर्व है कि अमेरिका आपको इस ऐतिहासिक और वीरतापूर्ण निर्णय पर पहुंचने में मदद करने में सक्षम था। जबकि चर्चा भी नहीं हुई, मैं इन दोनों महान राष्ट्रों के साथ व्यापार को काफी हद तक बढ़ाने जा रहा हूं। इसके अतिरिक्त, मैं आप दोनों के साथ मिलकर यह देखने के लिए काम करूंगा कि क्या "हजार साल" के बाद कश्मीर के संबंध में कोई समाधान निकाला जा सकता है। भगवान भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व को अच्छी तरह से किए गए काम के लिए आशीर्वाद दें!!!"
Image Source : social mediaट्रुथ सोशल पर ट्रंप का पोस्ट।
भारत ने लॉन्च किया ऑपरेशन सिंदूर
बता दें कि इससे पहले भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर 06-07 मई की रात एयरस्ट्राइक की थी। भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादियों के 9 ठिकानों पर स्ट्राइक की। इसमें कई आतंकवादी भी मारे गए। भारत ने इस स्ट्राइक को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद का एक्शन बताया। इसके साथ ही भारत ने कहा कि इस हमले में पाकिस्तान के किसी भी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया और न ही किसी आम नागरिक को इससे क्षति पहुंची है। इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया।
यह भी पढ़ें-
पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ ने अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप का किया धन्यवाद, जानें क्या कहा
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के साथ बिना किसी पूर्व शर्त के सीधी बातचीत का प्रस्ताव रखा
Latest World News