खार्तूम: सूडान की राजधानी खार्तूम के बाहरी इलाके में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस विमान हादसे में 46 लोगों की मौत हो गई है। सेना ने मंगलवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि विमान एक हवाई अड्डे से उड़ान भरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सैन्य कर्मियों और नागरिकों की मौत हुई है। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। अस्पताल में दो बच्चों सहित पांच घायल आम नागरिक भी भर्ती कराए गए हैं।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
बयान में कहा गया, "घायलों को अस्पताल ले जाया गया है और अग्निशमन दल दुर्घटना स्थल पर आग पर काबू पाने में कामयाब रहे।" एक सैन्य सूत्र ने बताया कि एंटोनोव विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के पीछे तकनीकी खराबी थी। यह दुर्घटना वादी सेइदना हवाई अड्डे के पास हुई। शवों को ओमडुरमैन के नाउ में स्थानांतरित किया गया है।
कई घरों को हुआ नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस इलाके में विमान गिरा, वहां कई घरों को नुकसान पहुंचा है। उत्तरी ओमदुरमन के निवासियों ने बताया कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आसपास के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।
पिछले महीने भी हुआ था विमान हादसा
बता दें कि, पिछले महीने भी दक्षिण सूडान में एक विमान हादसे का शिकार हो गया है। इस विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत 21 लोग सवार थे। प्लेन हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई थी। विमान यूनिटी ऑयलफील्ड एयरपोर्ट से उड़ान भरकर राजधानी जुबा जा रहा था तभी यह हादसा हुआ था।
यह भी पढ़ें:
इजरायल ने सीरिया में फिर मचाई तबाही, लड़ाकू विमानों ने राजधानी दमिश्क के पास बरसाए बम
भूकंप के तेज झटकों से कांप उठी इस देश की धरती, रिक्टर स्केल पर 6.1 मापी गई तीव्रता; सुनामी का खतरा नहीं
Latest World News