1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. इस अफ्रीकी देश में 3 भारतीय नागरिकों का अपहरण, आतंकी हमलों के बीच हुई वारदात, भारत सरकार ने क्या कहा?

इस अफ्रीकी देश में 3 भारतीय नागरिकों का अपहरण, आतंकी हमलों के बीच हुई वारदात, भारत सरकार ने क्या कहा?

पश्चिमी अफ्रीकी देश माली में 3 भारतीय नागरिकों का अपहरण कर लिया गया है। ये मामला माली में सिलसिलेवार आतंकी हमलों के बीच सामने आया है।

mali three indian nationals kidnapped- India TV Hindi
Image Source : ANI/PEXELS सांकेतिक फोटो।

पश्चिमी अफ्रीकी देश माली एक के बाद एक सिलसिलेवार आतंकवादी हमलों से जूझ रहा है। मंगलवार को माली के विभिन्न हिस्सों में आतंकी हमलों ने पूरे देश को दहला दिया है। अब इस आतंकी हमलों के बीच भारत के लिए भी बुरी खबर सामने आ रही है। माली में आतंकी हमलों के बीच 3 भारतीय नागरिकों का अपहरण कर लिया गया है। अब भारत सरकार ने माली की सरकार से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित रिहाई की अपील की है।

कैसे हुआ भारतीयों का अपहरण?

पश्चिमी अफ्रीकी देश माली भारतीय नागरिकों का अपहरण कायेस स्थित डायमंड सीमेंट फैक्टरी से किया गया है। ये तीनों भारतीय नागरिक सीमेंट फैक्टरी में कार्यरत थे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अपहरण की घटना बीते 1 जुलाई की तारीख को हुई है। जानकारी के मुताबिक, सशस्त्र हमलावरों के एक समूह ने फैक्टरी परिसर में समन्वित हमला किया और तीन भारतीय नागरिकों को जबरन बंधक बना लिया।

भारत सरकार ने क्या कहा?

माली में मंगलवार को तीन भारतीय नागरिकों के अपहरण की घटना को लेकर एक दिन बाद भारतीय विदेश मंत्रालय का बयान भी सामने आया है। भारत सरकार ने बुधवार को इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की और माली की सरकार से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित और शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

किसने ली आतंकी हमलों की जिम्मेदारी?

माली में आतंकी हमलों के दौरान तीन भारतीय नागरिकों के अपहरण की जिम्मेदारी अब तक किसी भी संगठन या व्यक्ति ने नहीं ली है। हालांकि, मंगलवार को माली में हुए सिलसिलेवार आतंकी हमलों की जिम्मेदारी अल-कायदा से संबद्ध जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन (जेएनआईएम) ने ली है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- 'आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस हमारी नीति', जयशंकर ने पाकिस्तान पर भी साधा निशाना, जानिए और क्या बोले?

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में हुआ भीषण विस्फोट, 4 सरकारी अधिकारियों की हुई मौत; 11 घायल

Latest World News