रास्ते से लौटे Hormuz की तरफ जा रहे पाकिस्तानी जहाज, दिखा ट्रंप की धमकी का असर!
US-Iran Talks: इस्लामाबाद में रविवार को ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद ट्रंप ने धमकी दी कि वह होर्मूज को ब्लॉक करने जा रहे हैं। इस बीच, पाकिस्तानी जहाज रास्ते से वापस लौटते हुए नजर आए।

US Iran talks: ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता फेल होने के बाद होर्मुज में दोनों पक्षों के बीच कई बार स्टैंडऑफ हो चुका है। ईरान की प्रेस टीवी ने बताया कि एक बार रविवार को अमेरिका के 2 डिस्ट्रॉयर युद्धपोत होर्मुज में ईरान के हाथों पूरी तरह नष्ट होते-होते बच गए। क्योंकि ईरान की लास्ट फायरिंग वार्निंग देने के बाद वह पीछे मुड़कर भाग गए।
ईरान ने कहा है कि वह युद्ध से नहीं डरता है, बशर्ते शांतिपूर्ण समाधान और कूटनीति में उसका भरोसा है। ईरानी दूतावास ने एक पोस्ट में कहा- ईरान कूटनीति और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान में विश्वास रखता है। हालांकि ईरान युद्ध से नहीं डरता और पूरी तरह से तैयार है, फिर भी वह कभी आत्मसमर्पण नहीं करेगा। ईरान शांति के लिए प्रतिबद्ध है और संघर्ष का सूत्रधार नहीं है। इसके अलावा, ईरान अपने वार्ताकारों पर भरोसा करता है।
ईरान ने देश के दक्षिणी तटरेखा पर नौसैनिकों की तैनाती कर दी है।
ईरानी संसद के प्रमुख मोहम्मद गालिबाफ ने कहा कि “वार्ता शुरू होने से पहले मैंने जोर देकर कहा था कि हममें आवश्यक सद्भावना और इच्छाशक्ति तो है, लेकिन पिछले दो युद्धों के अनुभवों के कारण हम विपक्षी पक्ष पर कोई भरोसा नहीं कर सकते।”“मेरे सहयोगियों ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल ‘मीनाब 168’ की ओर से भविष्योन्मुखी और सकारात्मक पहलें रखीं, लेकिन इस दौर की वार्ताओं में विपक्षी पक्ष ईरानी प्रतिनिधिमंडल का विश्वास जीतने में पूरी तरह असफल रहा।”
वहीं ईरान के सुरक्षा प्रमुख इब्राहिम अज़ीज़ी ने आरटी को दिए विशेष बयान में कहा, 'अमेरिकियों को इस समझौते की हमसे कहीं ज़्यादा ज़रूरत है। अगर वे हमारी शर्तें नहीं मानते, तो हम अपना रास्ता खुद चुनेंगे-कुछ भी नहीं बदलेगा।'
खाड़ी देशों में चल रही जंग को खत्म करने के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के नेताओं के बीच तीन दौर की वार्ता बेनतीजा रही है। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम बिना किसी समझौते के वापस लौट रहे हैं। वेंस ने कहा कि हमने अपनी ओर से सबसे अच्छा प्रस्ताव ईरान के सामने रखा लेकिन ईरान ने उसे मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि 21 घंटे की बातचीत बेनतीजा रही।
सऊदी अरब का बड़ा कदम
ईरान-अमेरिका के बीच शांति वार्ता फेल होने के बाद सऊदी अरब ने बड़ा कदम उठाया है। सऊदी अरब ने होर्मुज जलडमरूमध्य को दरकिनार करते हुए पूर्व-पश्चिम तेल पाइपलाइन को पूरी तरह से बहाल कर दिया है और प्रतिदिन 7,000,000 बैरल तेल का उत्पादन कर रहा है।
बता दें कि दोनों देशों के नेताओं के बीच में तीन दौर की बातचीत हुई। दोनों देशों के नेता 21 घंटे से ज्यादा वक्त तक आमने-सामने बैठकर बात करते रहे। दोनों देशों के नेता अपनी-अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस बीच होर्मुज में अमेरिका और ईरान की नौसैना के बीच स्टैंडऑफ की खबरें सामने आ रही हैं।
पाकिस्तान की भारी बेइज्जती
ईरान-अमेरिका के बीच शांति वार्ता फेल होने पर पाकिस्तान की भारी बेइज्जती हो रही है। पाकिस्तान अब बुरा फंस गया है। क्योंकि पाकिस्तान इसे अपने लिए बड़े अवसर के रूप में देख रहा था।
ईरान अपनी फ्रीज संपत्ति को रिलीज करने की मांग कर रहा है साथ ही उसका कहना है कि वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलता रहेगा। वहीं अमेरिका ईरान की इन शर्तों पर नरम रुख अपनाने को तैयार नहीं दिख रहा है। सबसे बड़ा पेंच परमाणु हथियारों को लेकर फंसा। अमेरिका चाहता है कि ईरान परमाणु हथियार नहीं बनाए जबकि ईरान इसे मानने को तैयार नहीं है। सूत्रों के मुताबिक सुबह के 3 बजे तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत होती रही। इसके बाद भी होर्मुज समेत कुछ ऐसे प्वाइंट हैं जहां मतभेदों को दूर करना मुश्किल हो रहा है।
Live updates : US-Iran Talks Live Updates
-
April 12, 2026 11:46 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
होर्मुज जाने से पहले वापस लौटे 2 पाकिस्तानी जहाज
होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर जा रहे दो पाकिस्तानी तेल टैंकर वापस लौट गए। ईरान की फार्स समाचार एजेंसी के मुताबिक, पाकिस्तानी झंडे वाले दो तेल टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से वापस लौट गए हैं, जिससे इशारा मिलता है कि वे जलडमरूमध्य से नहीं गुजर पाए।
-
April 12, 2026 11:29 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
नेतन्याहू ने लेबनान में किया इजरायल नियंत्रित इलाकों का दौरा
नेतन्याहू ने साउथ लेबनान के उन इलाकों का दौरा किया जो इजरायली सेना के कंट्रोल में हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री ने हिजबुल्लाह और हिजबुल्लाह के बीच चल रही लड़ाई के बाद पहली बार लेबनान का दौरा किया।
-
April 12, 2026 10:56 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
होर्मुज में बारूदी सुरंगें हटाने वाले पोत भेज रहा ब्रिटेन- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ब्रिटेन, Strait Of Hormuz में बारूदी सुरंग हटाने वाले अपने पोत भेज रहा है। हालांकि, इस बयान पर टिप्पणी के लिए भेजे गए संदेश पर ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।
-
April 12, 2026 10:14 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
सऊदी अरब ने इराकी राजदूत को ड्रोन हमलों को लेकर किया तलब
सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने इराकी राजदूत को तलब किया। मंत्रालय ने इराकी क्षेत्र से सऊदी अरब पर लगातार ड्रोन अटैक किए जाने का आरोप लगाया है। यह तुरंत साफ नहीं हो पाया कि इराकी ड्रोन अटैक अभी भी जारी हैं या नहीं।
-
April 12, 2026 9:18 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
लेबनान में मारे गए 2 हजार 55 लोग
इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच शुरू हुए नए युद्ध के बाद से लेबनान में इजरायली हमलों की वजह से 2 हजार 55 लोग मारे गए हैं। लेबनान के हेल्थ मिनिस्टर ने इसको लेकर गंभीर चिंता जताई है। शांति की अपील की है।
-
April 12, 2026 8:21 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
EU ने की और ज्यादा राजनयिक प्रयासों की अपील
शांति वार्ता की विफलता के बावजूद यूरोपियन यूनियन ने और ज्यादा राजनयिक प्रयासों की अपील की है। 27 देशों के इस ग्रुप के विदेश मामलों के प्रवक्ता अनवर अल अनौनी ने कहा कि यूरोपीय संघ को पूरा भरोसा है कि सभी लंबित मुद्दों को हल के लिए कूटनीति ही कुंजी है।
-
April 12, 2026 7:42 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
अमेरिकी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य को करेगी ब्लॉक- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की एंटी और एग्जिट को रोकने के लिए 'तत्काल' नाकाबंदी शुरू करेगी। यह ऐलान पाकिस्तान में हुई अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के बेनतीजा रहने के बाद आया है।
-
April 12, 2026 6:48 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता फेलने के बाद पाकिस्तान ने जारी किया आधिकारिक बयान, कहा-आगे भी करेंगे प्रयास
इस्लामाबाद में ईरान-अमेरिका शांति वार्ता फेलने के बाद पाकिस्तान ने आधिकारिक बयान जारी कर दिया है। विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि आगे भी शांति वार्ता के ऐसे प्रयास पाकिस्तान करता रहेगा। उन्होंने दोनों पक्षों से सीजफायर की अपील की।
-
April 12, 2026 6:16 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
होर्मुज में ईरान हुआ अमेरिकी जहाज से ईरान का सामना, तेहरान ने दी फायरिंग की धमकी तो भागा शिप
इस्लामाबाद में रविवार को ईरान-अमेरिका में शांति वार्ता फेल होने के बाद होर्मुज में ईरान के सामने एक अमेरिकी जहाज आ गया। ईरान ने उसे आगे बढ़ने पर हमला करने की धमकी दी। इसके बाद अमेरिकी जहाज भाग गया।
-
April 12, 2026 5:51 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इजरायल और अमेरिका से जंग में अब तक 3375 ईरानियों की मौत, तेहरान ने जारी किया आंकड़ा
इजरायल और अमेरिका से 40 दिनों तक की जंग में अब तक 3375 ईरानियों की मौत हुई है। तेहरान ने रविवार को इसका आंकड़ा जारी किया है।
-
April 12, 2026 3:19 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका फेल होने पर पाकिस्तान का पहला बयान, इशाक डार ने कहा-सीजफायर का करें पालन
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने इस्लामाबाद वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अमेरिका और ईरान दोनों से अपील की है कि वे सीजफायर का सख्ती से पालन करें और सकारात्मक भावना के साथ बातचीत को जारी रखें। डार ने कहा कि पाकिस्तान दोनों पक्षों के बीच संवाद को सुविधाजनक बनाने में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
-
April 12, 2026 3:16 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने कहा-ये वार्ता नहीं फेल हुई है, ये इजरायल-अमेरिका का घमंड फेल हुआ है
अमेरिका के साथ इस्लामाबाद में शांति वार्ता फेल होने के बाद ईरान ने बड़ा बयान दिया है। ईरान ने कहा है कि ये वार्ता नहीं फेल हुई है, बल्कि ये इजरायल और अमेरिका का घमंड फेल हुआ है।
-
April 12, 2026 1:55 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता फेल होने के बाद आया होर्मुज का पहला वीडियो
ईरान और अमेरिका के बीच इस्लामाबाद में शांति वार्ता फेल होने के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का पहला वीडियो सामने आया है। इसे ईरान की सरकारी प्रेस टीवी ने जारी किया है।
-
April 12, 2026 1:17 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने होर्मुज पर ट्रंप के दावे को किया खारिज
ईरान ने होर्मुज पर ट्रंप के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने इस मार्ग पर जहाजों का आवागमन शुरू होने की बात कही थी। ईरान की सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों के आवागमन के अमेरिकी दावे को झूठा करार दिया है।
-
April 12, 2026 12:33 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पाकिस्तान का बड़ा बयान, कहा-शांति प्रयास रखेंगे जारी
ईरान-अमेरिका के बीच पहली शांति वार्ता फेल होने के बाद पाकिस्तान का बड़ा बयान सामने आया है। पाकिस्तान ने कहा है कि वह शांति प्रयासों को आगे भी जारी रखेगा।
-
April 12, 2026 11:46 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इस्लामाबाद में शांति वार्ता फेल होने के बाद होर्मुज में आमने-सामने से भिड़े ईरान और अमेरिका के नौसैनिक
इस्लामाबाद में शांति वार्ता फेल होने के बाद होर्मुज में ईरान और अमेरिका के नौसैनिक आमने-सामने से भिड़ गए। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के जहाज़ों और अमेरिकी नौसेना के बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य के निकट एक तनावपूर्ण गतिरोध (standoff) होते देखा गया।
-
April 12, 2026 11:43 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान का डेलीगेशन भी तेहरान के लिए रवाना
अमेरिका से शांति वार्ता फेल होने के बाद ईरानी डेलीगेशन भी इस्लामाबाद से तेहरान के लिए रवाना हो गया है। इससे युद्ध विराम की उम्मीदें भी टूट गई हैं।
-
April 12, 2026 10:55 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
21 घंटे वार्ता के बाद भी ईरान-अमेरिका के बीच नहीं हो पाया समझौता
इस्लामाबाद में लगातार 21 घंटे तक ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता जारी रही, लेकिन कोई भी समझौता नहीं पाया। लिहाजा यह बेनतीजा खत्म हो गई और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस नाराज होकर अमेरिका लौट गए।
-
April 12, 2026 10:49 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने से किया इनकार
इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ शांति वार्ता के दौरान ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने से मना कर दिया। इससे ट्रंप की टेंशन फिर बढ़ गई है। दोनों पक्षों में 21 घंटे तक चली शांति वार्ता बेनतीजा रही है।
-
April 12, 2026 10:34 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
शांति वार्ता फेल होने पर ईरान ने उड़ाया अमेरिका का मजाक, कहा-आधे रास्ते से भाग गए जेडी वेंस
इस्लामाबाद में युद्ध विराम वार्ता फेल होने के बाद रविवार को ईरान ने अमेरिका का खूब मजाक उड़ाया। ईरान ने कहा कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस बीच रास्ते से ही भाग गए।
-
April 12, 2026 10:24 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता फेल होने के बाद बोले ट्रंप, ईरान को हथियारों की खेप भेजने वाला है चीन
ईरान-अमेरिका शांति वार्ता फेल होने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि चीन ईरान को हथियारों की खेप भेजने वाला है। ट्रंप ने कहा कि अगर चीन ने ऐसा किया तो उनके लिए बहुत बुरा होगा।
-
April 12, 2026 8:35 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
इस्लामाबाद से अमेरिका के लिए रवाना हुए वेंस
अमेरिका और ईरान के बीच कोई समझौता नहीं हो पाने के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस्लामाबाद से वापस अमेरिका के लिए रवाना हो गए। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेडी वेंस ने इस बातचीत में कोई समझौता नहीं होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए।
-
April 12, 2026 8:00 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
ईरान के लिए ज़्यादा बुरी खबर-जेडी वेंस
जेडी वेंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए हैं। मुझे लगता है कि यह ईरान के लिए ज़्यादा बुरी खबर है, न कि अमेरिका के लिए। इसलिए, हम बिना किसी समझौते पर पहुंचे ही अमेरिका वापस जा रहे हैं। उन्होंने हमारी शर्तें मानने से मना कर दिया है। हम पिछले 21 घंटों से इस काम में लगे हुए हैं और हमने ईरानियों के साथ कई अहम चर्चाएं की हैं। यह तो अच्छी खबर है। बुरी खबर यह है कि हम किसी समझौते पर नहीं पहुंच पाए हैं।
-
April 12, 2026 7:33 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
ईरान ने बात नहीं मानी, हम वापस अमेरिका लौट रहे-जेडी वेंस
जेडी वेंस ने कहा-'हमें इस बात की पक्की गारंटी चाहिए कि ईरान न तो परमाणु हथियार बनाने की कोशिश करेगा, और न ही ऐसे साधन जुटाएगा जिनकी मदद से वह तेज़ी से ऐसा कर सके। हम बिना किसी समझौते पर पहुंचे ही अमेरिका लौट रहे हैं।'
-
April 12, 2026 7:23 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
हम बिना किसी समझौते के वापस लौट रहे हैं-वेंस
जेडी वेंस ने कहा कि पिछले 21 घंटे की बातचीत में भी ईरान और अमेरिका के बीच कोई समझौता नहीं हो सका। हम बिना किसी समझौते पर पहुंचे ही अमेरिका लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने अपनी ओर से फाइनल और सबसे अच्छा प्रस्ताव ईरान के सामने रखा लेकिन ईरान ने फिलहाल अमेरिका की शर्तों को मानने से इनकार कर दिया है।
-
April 12, 2026 7:09 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
तीन दौर की वार्ता में कोई नतीजा नहीं-जेडी वेंस
जेडी वेंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि तीन दौर की वार्ता के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ 21 घंटे बातचीत हुई। हम अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे। हम ईरान को कभी न्यूक्लियर हथियार बनाने की इजाजत नहीं दे सकते। ईरान अमेरिका की शर्तें मानने के लिए तैयार नहीं।
-
April 12, 2026 7:03 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
जेडी वेंस थोड़ी देर में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस थोड़ी देर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। ईरान के साथ इस्लामाबाद में पिछले 15 घंटे तीन दौर की बातचीत हुई है। वेंस इस बातचीत की जानकारी मीडिया के सामने शेयर करेंगे।
-
April 12, 2026 6:56 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
अमेरिका-ईरान के बीच तीन राउंड की बातचीत
अमेरिका और ईरान के बीच रविवार सुबह तक तीन राउंड की बातचीत हो चुकी है। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक दो पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि डेलीगेशन के प्रमुखों के बीच बातचीत ब्रेक के बाद फिर से शुरू होगी। यानी आज अगले दौर की बातचीत जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि दोनों टीमों के कुछ टेक्निकल लोग अभी भी मिल रहे हैं।