US-Iran Talks: पाकिस्तान में नहीं हो सकी US-ईरान की बैठक, इस्लामाबाद से अराघची रवाना
US-Iran Talks: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ के बीच इस्लामाबाद में बैठक खत्म हो गई है। बैठक के बाद अराघची इस्लामाबाद से रवाना हो गए हैं।

US-Iran Talks: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने की कोशिशें एक बार फिर ठंडे बस्ते में पड़ गई हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार देर रात पाकिस्तान पहुंचे। यहां शनिवार को पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और उसके बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ उन्होंने बैठक की। बैठक के बाद अराघची इस्लामाबाद से रवाना हो गए। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी अपने दो दूतों की इस्लामाबाद की यात्रा रद्द कर दी।
पाकिस्तान के पीएम शहबाज से मिले अब्बास अराघची
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मिलने के बाद अब प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात की है। दोनों नेताओं के बीच बैठक संपन्न हो गई है।
वहीं इस दौरान ईरान ने तेहरान इंटरनेशनल पोर्ट से अंतराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कर दी हैं।
ट्रंप ने विटकॉफ और कुशनर की इस्लामाबाद यात्रा रद्द कर दी है। ट्रंप ने कहा, "मैंने कुछ देर पहले अपने लोगों से कहा कि 'नहीं, आप वहां जाने के लिए 18 घंटे की उड़ान नहीं भरेंगे। हमारे पास सारी ताकत है। वे जब चाहें हमें फोन कर सकते हैं, लेकिन आप अब और 18 घंटे की उड़ान भरकर व्यर्थ की बातें करने नहीं जा रहे हैं।"
Live updates : US Iran Talks Live Updates
-
April 25, 2026 10:41 PM (IST) Posted by Amar Deep
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर दी जानकारी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मैंने अभी-अभी अपने प्रतिनिधियों का इस्लामाबाद, पाकिस्तान जाने का दौरा रद्द कर दिया है, जो ईरानियों से मिलने वाले थे। यात्रा में बहुत ज़्यादा समय की बर्बादी हुई। किसी को नहीं पता कि इंचार्ज कौन है, उन्हें भी नहीं। साथ ही, हमारे पास सारे कार्ड हैं, उनके पास कोई नहीं है! अगर वे बात करना चाहते हैं, तो उन्हें बस कॉल करना है।"
-
April 25, 2026 10:17 PM (IST) Posted by Amar Deep
ट्रंप ने विटकॉफ और कुशनर की इस्लामाबाद यात्रा रद्द की
ट्रंप ने विटकॉफ और कुशनर की इस्लामाबाद यात्रा रद्द कर दी है। उन्होंने फॉक्स न्यूज को विशेष रूप से बताया, "हमारे पास सभी विकल्प मौजूद हैं। वे जब चाहें हमें फोन कर सकते हैं।" ट्रंप ने कहा कि जब ईरान के साथ संघर्ष में अमेरिका के पास सारी ताकत है, तो अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के लिए 18 घंटे की उड़ान भरकर पाकिस्तान जाना व्यर्थ है। ट्रंप ने कहा, "मैंने कुछ देर पहले अपने लोगों से कहा कि 'नहीं, आप वहां जाने के लिए 18 घंटे की उड़ान नहीं भरेंगे। हमारे पास सारी ताकत है। वे जब चाहें हमें फोन कर सकते हैं, लेकिन आप अब और 18 घंटे की उड़ान भरकर व्यर्थ की बातें करने नहीं जा रहे हैं।"
-
April 25, 2026 8:57 PM (IST) Posted by Amar Deep
अमेरिकी दूतों से मिले बिना इस्लामाबाद से रवाना हुए अराघची
दो पाकिस्तानी अधिकारियों ने बताया कि ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची शनिवार शाम को पाकिस्तान से रवाना हो गए। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, आसिम मुनीर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री अमेरिकी दूतों से मुलाकात किए बिना इस्लामाबाद से रवाना हो गए। अराघची का यह दौरा क्षेत्रीय तनाव और इस्लामाबाद द्वारा अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता के दूसरे दौर को सुगम बनाने के प्रयासों के बीच हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पाकिस्तानी अधिकारी उन्हें विदाई देने के लिए इस्लामाबाद के पास एक हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
-
April 25, 2026 6:42 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इस्लामाबाद में ऐसे मिले अब्बास अराघची और पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची को इस्लामाबाद में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गले लगा कर स्वागत किया।
-
April 25, 2026 6:13 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पेजेश्कियन ने ईरानी लोगों से की अपील, दुश्मन को हराने के लिए कम करें ऊर्जा खपत
"दुश्मन हमारे बुनियादी ढांचे पर हमला कर रहा है और हमें घेराबंदी में डाल रहा है, ताकि लोग नाराज हो जाएं और असंतुष्ट हो जाएँ। हम अभी लोगों से किसी बलिदान की मांग नहीं कर रहे हैं, लेकिन हम लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे बिजली और ऊर्जा की खपत कम करें। उदाहरण के लिए, घर में 10 लाइटें जलाने की बजाय सिर्फ 2 लाइटें जलाएं। इसमें क्या बुराई है?"
-
April 25, 2026 5:00 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
पेजेश्कियन ने कहा तबास में अमेरिका की हुई ऐतिहासिक हार
-
April 25, 2026 3:12 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका में शांति वार्ता के बाद तुर्की होर्मुज में माइन नष्ट करने के अभियान में हो सकता है शामिल
ईरान-अमेरिका में अगर शांति वार्ता हो गई तो इसके बाद तुर्की भी होर्मुज में माइन नष्ट करने के अभियान में शामिल हो सकता है।
-
April 25, 2026 2:14 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
इस्लामाबाद में ईरान से संभावित वार्ता के दौरान मिडिल-ईस्ट में निकाला अमेरिकी विमानों का बेड़ा
संयुक्त राज्य अमेरिका ने क्षेत्र में अपनी वायु रक्षा बलों को तैनात कर दिया है और अतिरिक्त उपकरण भेजे हैं। ईरान से इस्लामाबाद में वार्ता शुरू होने से पहले अमेरिकी वायु सेना के परिवहन विमान भारी संख्या में मध्य पूर्व की ओर रवाना हो रहे हैं। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने अमेरिका को अपने क्षेत्र में बड़ी संख्या में वायु सेना की तैनाती की अनुमति प्रदान कर दी है। पेंटागन स्पष्ट रूप से ईरान के खिलाफ एक निर्णायक सैन्य हमले की तैयारी में जुटा हुआ दिख रहा है। यह तैनाती हाल के दिनों में क्षेत्रीय तनाव के बीच अमेरिकी सैन्य गतिविधियों में तेजी का संकेत दे रही है।
-
April 25, 2026 2:06 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
IRGC ने एक सैन्य अभियान में 240 लोगों को किया गिरफ्तार
ईरान की मेहर समाचार एजेंसी के अनुसार, आईआरजीसी ने घोषणा की है कि उसके अधिकारियों ने कुर्दिस्तान और करमानशाह नामक दो प्रांतों में चलाए गए अभियानों में लगभग 240 लोगों को गिरफ्तार किया है।
-
April 25, 2026 1:03 PM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान ने कहा-होर्मुज पर हमारा पूरा नियंत्रण
ईरान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका पूर्ण नियंत्रण है और वह इस रणनीतिक जलमार्ग का उपयोग राष्ट्रीय मांगों को आगे बढ़ाने के लिए एक हथियार के रूप में कर रहा है।
-
April 25, 2026 11:53 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
मिस्र और पाकिस्तान को ईरान-अमेरिका सीजफायर से मजबूती की उम्मीद
मिस्र और पाकिस्तान ने उम्मीद जताई है कि ईरान-अमेरिका सीजफायर से मजबूती मिलेगी। इससे क्षेत्र में शांति आएगी। ईरान के प्रतिनिधि शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं। अमेरिकी प्रतिनिधि भी रवाना हो चुके हैं।
-
April 25, 2026 11:02 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
ईरान-अमेरिका में दूसरे दौर की वार्ता लगभग तय, इस्लामाबाद में जुट रहे प्रतिनिधि
ईरान और अमेरिका के बीच आखिरकार दूसरे दौर की वार्ता लगभग तय हो चुकी है। ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधि इस्लामाबाद में जुट रहे हैं। हालांकि देखना होगा कि इस बार की वार्ता का क्या नतीजा आता है।
-
April 25, 2026 10:54 AM (IST) Posted by Dharmendra Mishra
तेहरान की सड़कों पर लगातार उमड़ रहा देशभक्त ईरानियों का हुजूम
तेहरान की सड़कों पर पिछले कई दिनों से देश भक्त ईरानियों को विशाल समूह उमड़ रहा है। शुक्रवार की रात भी हजारों की संख्या में ईरानियों ने सड़क पर रैली निकालकर अपने देश की सेना और सरकार के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
-
April 25, 2026 9:54 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
हिजबुल्लाह के साथ तीन हफ्ते के लिए संघर्ष विराम-ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि व्हाइट हाउस में बातचीत के बाद, इज़रायल और लेबनान ने इज़रायल और हिज़्बुल्लाह के बीच संघर्ष-विराम को तीन हफ़्ते के लिए बढ़ाने पर सहमति जताई है। पिछले हफ़्ते के बाद से दोनों देशों के बीच यह दूसरी उच्च-स्तरीय बातचीत थी। शुरुआती 10-दिनों का संघर्ष-विराम, जो पिछले शुक्रवार को लागू हुआ था, सोमवार को समाप्त होने वाला था।
-
April 25, 2026 9:02 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
अमेरिका का तीसरा विमान वाहक पोत मिडिल-ईस्ट पहुंचा
अमेरिकी सेना ने बताया कि मिडिल-ईस्ट में तीसरा विमानवाहक पोत (निमित्ज़-श्रेणी का USS जॉर्ज H.W. बुश) पहुंच गया है। विश्लेषकों के अनुसार, 20 वर्षों से भी अधिक समय में इस क्षेत्र में तैनात किए गए अमेरिकी विमानवाहक पोतों की यह सबसे बड़ी संख्या है। उधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं जबकि अमेरिकी प्रतिनिधि आज अमेरिका से रवाना होनेवाले हैं। हालांकि दोनों देशों के बीच आमने-सामने की बातचीत को लेकर सस्पेंस अभी भी बरकरार है।
-
April 25, 2026 7:51 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
यूरोपीय सहयोगियों पर अमेरिका का तीखा हमला
अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने यूरोपीय सहयोगियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी गतिरोध "हमारी तुलना में कहीं अधिक उनकी लड़ाई है।" अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आवाजाही सामान्य करने और ईरान की पाबंदियों को हटाने के लिए नाटो और अन्य यूरोपीय देशों से मदद की अपील की थी। लेकिन अमेरिका के साथ नाटो इस लड़ाई में खड़ा नहीं हुआ।
-
April 25, 2026 7:23 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
पाक विदेश मंत्रालय ने दी ये जानकारी
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के नेतृत्व में एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल आज इस्लामाबाद पहुंचा। ईरानी विदेश मंत्री का आगमन पर उप प्रधानमंत्री/विदेश मंत्री इशाक डार, सेना प्रमुख और रक्षा बलों के प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया।"
-
April 25, 2026 7:07 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
ईरान और अमेरिका के बीच सीधी बातचीत पर सस्पेंस
ईरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई के एक पोस्ट से इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच सीधा बातचीत पर सस्पेंस की स्थिति बन गई है। इस्माइल बाक़ाई ने एक्स पर लिखा, "हम एक आधिकारिक दौरे के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद पहुंच गए हैं। विदेश मंत्री अराघची, अमेरिकी थोपे गए आक्रामक युद्ध को समाप्त करने और हमारे क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए पाकिस्तान के चल रहे मध्यस्थता प्रयासों और सद्भावना पहलों के सिलसिले में, पाकिस्तान के उच्च-स्तरीय अधिकारियों से मुलाक़ात करेंगे। ईरान और अमेरिका के बीच किसी भी मुलाक़ात की कोई योजना नहीं है। ईरान अपनी बात पाकिस्तान के सामने रख देगा।"
-
April 25, 2026 6:54 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
विटकॉफ़ और कुशनर पाक रवाना होंगे
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने शुक्रवार को कहा कि मध्य पूर्व मामलों के अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार जेरेड कुशनर, ईरान के साथ बातचीत के दूसरे दौर के लिए पाकिस्तान रवाना होंगे।
-
April 25, 2026 6:53 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
शहबाज और मुनीर से मुलाकात करेंगे अराघची
एक अधिकारी ने बताया कि अराघची प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और फील्ड मार्शल जनरल सैयद आसिम मुनीर से मुलाक़ात करेंगे। उन्होंने कहा कि वे शांति वार्ता के दूसरे दौर के लिए अमेरिकी अधिकारियों से भी मिल सकते हैं।
-
April 25, 2026 6:53 AM (IST) Posted by Niraj Kumar
अराघची इस्लामाबाद पहुंचे
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार देर रात इस्लामाबाद पहुंचे। उनका यह दौरा अमेरिका के साथ बातचीत के दूसरे दौर के सिलसिले में है। अराघची के साथ एक छोटा प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें सरकारी प्रवक्ता इस्माइल बुक़ाई भी शामिल हैं।